पुरुष यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप 2026 से पहले सब जूनियर पुरुष राष्ट्रीय शिविर के 15 खिलाड़ी घोषित

15 players announced for the Sub-Junior Men's National Camp ahead of the 2026 Men's Youth Hockey 5s Asian Championship

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : हॉकी इंडिया ने मस्कट में 20 से 25 जुलाई तक होने वाली पहली पुरुष यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप 2026 से पहले इसकी तैयारियों के लगाए जाने वाले सब जूनियर पुरुष राष्ट्रीय शिविर के लिए 15 खिलाड़ियों की घोषणा की। सब जूनियर पुरुष राष्ट्रीय शिविर भारत के पूर्व ओलंपिक हॉकी कप्तान और कोच सरदार सिंह के मार्गदर्शन में पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में 18 जुलाई तक चलेगा। इस सब जूनियर परुष राष्ट्रीय शिविर के लिए चुने गए सभी 15 खिलाड़ी हाल ही में भारत की मेजबान जापान को अंडर 18 पुरुष हॉकी एशिया कप फाइनल में 4-1से हराकर खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। करीब एक पखवाड़े तक चलने वाले इस सब जूनियर राष्ट्रीय पुरुष प्रशिक्षण शिविर का मकसद खिलाड़ियों को हॉकी 5 की रणनीतिक और तकनीकी जरूरत से रूबरू कराने के साथ व्यवस्थित प्रशिक्षण के जरिए उनके पूरे खेल को बेहतर बनाना है। यह सब जूनियर हॉकी शिविर हॉकी इंडिया की उस सोच और दृष्टि को आगे बढ़ाता है, जिसके तहत देश की युवा प्रतिभाओ को जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय टीमों में जगह बनाने से पहले अंडर-18 प्रोग्राम के ज़रिए मज़बूत किया जा सके।

सब जूनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी शिविर की बाबत भारत के कोच सरदार सिंह ने कहा,‘ यह इन नौजवान खिलाड़ियों के लिए भारत की पुरुष यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप जैसे नए फॉर्मेट में नुमाइंदगी का मौका है। हमारा मकसद अगले पखवाड़े में इन खिलाड़ियों को हॉकी 5 की जरूरतों को समझने में मदद करना है। साथ ही उन बुनियादी बातों को मज़बूत करना जारी रखना है, जिनसे उन्हें अपने पूरे करियर में लाभ होगा।‘

सब जूनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी शिविर के लिए चुने गए 15 खिलाड़ी हैं : करण गौतम, अरमान सोरेंग, सावन कुमार, अंश बहुत्रा, अर्शदीप सिंह, केतन कुशवाहा, शाहरुख अली, राहुल यादव, रोमित पाल, आशीष तानी पूर्ति, आकाशदीप, अवि माणिकपुरी, सिद्धार्थ बेन, प्रहलाद राजभर, आयुष रजक।