सलीमा टेटे महिला हॉकी एशिया कप में होंगी भारत की कप्तान

Salima Tete will be the captain of India in Women's Hockey Asia Cup

  • अनुभवी गोलरक्षक सविता को नहीं मिली भारत की 20 सदस्यीय टीम में जगह
  • भारत के सामने एशिया कप जीत महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करने की चुनौती

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : आक्रामक मिडफील्डर सलीमा टेटे को हांगजू, चीन में 5 से 14 सितंबर तक होने वाले आगामी महिला हॉकी एशिया कप 2025 में भारत की 20 सदस्यीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। चीफ कोच हरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में भारतीय महिला टीम के सामने अगले साल होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए सीधे क्वॉलिफाई करने के लिए महिला हॉकी एशिया कप जीतने की मुश्किल चुनौती है। 300 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल चुकी अनुभवी गोलरक्षक सविता को भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है और इससे उनके अगले महिला हॉकी विश्व कप में खेलने का सपना भी टूटता लगता है। भारतीय टीम एफआईएच महिला हॉकी प्रो लीग में आखिरी स्थान पर रह उससे बाहर होकर नेशंस कप में खिसक गई। दक्षिण कोरिया की महिला हॉकी टीम अब तक तीन बार खिताब जीता, तीन बार उपविजेता और तीन बार तीसरे स्थान पर रही। वहीं जापान की टीम भी तीन बार चैंपियन और तीन बार उपविजेता रह चुकी है।

भारत की महिला हॉकी टीम ने अब तक मात्र दो बार -2004 व 2017 में महिला हॉकी एशिया कप खिताब जीता और दो बार -1999 और 2009 में उपविजेता रही और 1993,2013 और 2022 में तीन बार तीसरे स्थान पर रही है। जसजीत कौर के इकलौते गोल से भारत ने 2004 में जापान को यहां दिल्ली के ध्यानचंद स्टेडियम में फाइनल में 1-0 से हरा कर पहली बार खिताब जीता था। 2017 में रानी रामपाल की कप्तानी में भारत ने चीन को काकामिगहारा (जापान) में फाइनल में निर्धारित समय में एक एक और शूटआउट में चार चार की बराबरी के बाद सडनडेथ में 1-0 से हराकर दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव पाया था। भारत ने 2022 में मस्कट में इसके पिछले संस्करण में दक्षिण कोरिया से सेमीफाइनल मे 2-3 से हारने के बाद चीन पर 2-0 से जीत के साथ तीसरा स्थान पाया था और तब सलीमा टेटे टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ नौजवान खिलाड़ी चुनी गई थीं। भारत के सामने पहली चुनौती अपनी सुपर 4में स्थान बनाने की रहेगी। सुपर 4 में भारत के सबसे बड़ी चुनौती मेजबान और इस समय दुनिया की शीर्ष टीमों में शामिल चीन से पार पाने रहेगी।

हांगजू में होने वाले महिला एशिया कप में आठ टीमें शिरकत करेंगी और इन्हे चार टीमों के पूल ए में चीन, चीनी ताइपे, दक्षिण कोरिया और मलयेशिया और पूल बी में भारत, जापान, थाईलैंड और सिंगापुर की टीमें हैं। भारत की महिला टीम अपना अभियान 5 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ मैच खेल कर करेगी और फिर 6 सितंबर को चीन और 8 सितंबर को सिंगापुर से अंतिम पूल मैच खेलेगी। दोनों पूल में शीर्ष पर रहने वाली दो दो टीमें सुपर 4 में पहुंचेंगी। सुपर 4 में पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमें 14 सितंबर को फाइनल खेलेंगी।

महिला हॉकी एशिया कप के लिए चुनी गई भारत की 20 सदस्यीय टीम है :
गोलरक्षक बांसुरी सोलंकी, बिच्छू देवी खरीबम
रक्षापंक्ति : मनीषा चौहान, उदिता, ज्योति, सुमन देवी थोडम,निकी प्रधान, इशिका चौधरी।
मध्यपंक्ति : नेहा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, सलीमा टेटे (कप्तान), शर्मिला देवी, ललरेमसियामी, सुनीलिता टोपो।

अग्रिम पंक्ति : नवनीत कौर, ऋतुजा डडासो पिसल, ब्यूटी डुंगडुंग, मुमताज खान, दीपिका, संगीता कुमारी।

सलीमा टेटे की अगुआई वाली महिला एशिया कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम नौजवान और अनुभवी खिलाड़ियों की मिली जुली एक संतुलित टीम है। भारत की ताकत कप्तान सलीमा टेटे, नेहा, शर्मिला देवी और ललरेमसियामी के रूप में मजबूत मध्यपंक्ति के साथ दीपिका, नवनीत कौर, संगीता कुमारी, मुमताज खान के साथ ऋतुजा डडासो पिसल के रूप में मजबूत अग्रिम पंक्ति है।

हमारी टीम में एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों का मुकाबला करने का दम :हरेन्द्र
महिला एशिया कप के लिए चुनी गई भारतीय हॉकी टीम के चीफ कोच हरेन्द्र सिंह ने कहा,‘हम हांगजू मे होने वाले महिला हॉकी एशिया कप के लिए चुनी गई अपनी टीम को लेकर रोमांचित हैं। हमारी टीम ने बहुत शिद्दत से अभ्यास किया। हमने एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के मुकाबले के लिए अनुभवी और नौजवान प्रतिभा के बीच तालमेल बैठा कर भारतीय टीम चुनी है। एशिया कप में हमारा ध्यान आक्रामक और अनुशासित हॉकी खेलने पर रहेगा। हमारा मानना है कि हमारी इस टीम में एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों का मुकाबला करने का दम है। एशिया कप महज महाद्वीपीय चैंपियनशिप नहीं है बल्कि 2026 के एफआईएच हॉकी विश्व कप के लिए सीधे क्वॉलिफाई करने के लिहाज से बेहद अहम टूर्नामेंट है। इस टूर्नामेंट मे हमारे लिए बहुत कुछ दांव पर लगा है। हमारी टीम की खिलाड़ी महिला हॉकी एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट बड़े मौके पर बढ़िया प्रदर्शन कर भारत का गौरव बढ़ाने को बेताब हैं। हम किसी भी मैच में कोई गलती गवारा नहीं कर सकते। हर मैच हमारे धैर्य,फिटनेस और रणनीति को अमली जामा पहनाने का इम्तिहान होगा।‘