हैदराबाद तूफांस और एचआईएल जीसी के बीच एचआईएल इलिमिनेटर करो या मरो का मुकाबला

HIL Eliminator do or die match between Hyderabad Hurricanes and HIL GC

हैदराबाद को रसेल को रोकना होगा, जीसी को लाकरा पर लगाने होगी लगाम

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : भारत के आक्रामक सेंटर हाफ हार्दिक सिंह की अगुआई वाली हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) गवर्निंग काउंसिल (जीसी) और भारत के फ्रीमैन के रूप में खेलने वाली हैदराबाद तूफांस के बीच भुवनेश्वर में शनिवार को खेला जाना वाला पुरुष हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 का इलिमिनेटर करो व मरो का मुकाबला होगा। एचआईएल जीसी और हैदराबाद तूफांस में हारने वाली टीम पदक की होड़ से बाहर हो जाएगी जबकि जीतने वाली पदक की होड़ में बनी रहेगी।लीग चरण में हैदराबाद तूफांस ने एचआईएल जीसी को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराया था। हैदराबाद तूफांस को अब इलिमिनेटर में एचआईएल जीसी के खिलाफ जीतना है तो उसे जोश के साथ एक बार फिर होश भी दिखाना होगा। इन दोनों टीमों की विजेता टीम क्वालिफायर 2 में फाइनल में स्थान बनाने के लिए वेदांता कलिंगा लांसर्स और रांची रॉयल्स के बीच क्वॉलिफायर 1 में हारने वाली टीम से भिड़ेगी।

हैदराबाद तूफांस की लीग की समाप्ति पर 11 अंकों +6 के गोल अंक से तीसरे और एचआईएल जीसी 11 अंकों और +3 के गोल अंतर से चौथे स्थान पर रही। हैदरबाद तूफांस के लिए सबसे बड़ी चुनौती एचआईएल जीसी के लिए पेनल्टी कॉर्नर पर सबसे ज्यादा 11 गोल करने वाले ड्रैग फ्लिकर केन रसेल और स्ट्राइकर ललित उपाध्याय को रोकने की रहेगी। वहीं एचआईएल जीसी के लिए हैदराबाद तूफांस के सेट पीस पर गोल करने वाले अमनदीप लाकरा के साथ कप्तान सुमित को रोकने की होगी। सुमित गोल करने के अभियान बनाने और उसके स्ट्राइकरों को रोकने के साथ खुद मौका ताड़ कर गोल करने का दम रखते हैं।

जीसी पर जीत के लिए योजना को अमली जामा पहनाना होगा : सुमित
हैदराबाद तूफांस की ताकत सेट पीस पर गोल करने के साथ अपने किले की मजबूत चौकसी है। हैदराबाद तूफांस न अपने तीन मैच नियमित समय में जीते और दो हारे जबकि दो मैच शूटआउट में हारे और 17 गोल के साथ गोल दागने में चौथे नंबर पर रही और सबसे कम मात्र 11 गोल खाए। हैदराबाद तूफांस के लिए ड्रैग फ्लिकर अमनदीप लाकरा ने सेट पीस पर किए।

हैदराबाद तूफांस मौजूदा संस्करण में पेनल्टी कॉर्नर पर सबसे ज्यादा गोल दागने वाली तीसरी टीम है। हैदराबाद तूफांस के कप्तान सोनीपत के सुमित ने कहा, ‘हमारी हैदराबाद तूफांस और एचआईएल जीसी के बीच मैच इस सीजन का सबसे रोचक मैच होने की संभावना है। हमने इस चरण तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की है। हमें अब एचआईएल जीसी के खिलाफ जीत के लिए दबाव में धैर्य से अपनी योजना को अमली जामा पहनाना होगा। पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करना और अपने किले की मजबूत चौकसी करना हमारी ताकत है। हम यदि अपने स्ट्रक्चर पर काबिज रहते हैं तो हम अगले चरण यानी क्वॉलिफायर 2 में जगह बना सकते हैं।

हैदराबाद के खिलाफ फोकस बेखौफ हॉकी खेलने पर : हार्दिक
एचआईएल जीसी की ताकत उसकी तेज तर्रार अग्रिम पंक्ति और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करना है। एचआईएल जीसी ने तीन मैच नियमित समय में जीते और दो हारे जब मैच शूटआउट में हारे।केन रसेल द्वारा पेनल्टी कॉर्नर पर दागे 13 गोल की बदौलत एचआईएल जीसी कुल 21 गोल कर इस सीजन में लीग चरण में गोल दागने में दूसरे नंबर पर रही।

एचआईएल जी सी के कप्तान हार्दिक सिंह ने हैदरबाद तूफांस के खिलाफ मैच की बाबत कहा, ‘ हम लीग चरण में सकारात्मक हॉकी खेली और इलिमिनेटर में हम इसी सोच से खेलने उतरेंगे। नॉकआउट मैचों में धैर्य और सही वक्त पर सही फैसले लेने की जरूरत होती है। हमें अपनी आक्रामक इकाई के साथ सेट पीस पर गोल करने पर भरोसा है। हमारा फोकस बेखौफ हॉकी खेलने और टीम के लिए सब कुछ झोंकने पर रहेगा।

शनिवार : एचआईएल इलिमिनेटर: एचआईएल जीसी वि हैदराबाद तूफांस(भुवनेश्वर, शाम पांच बजे से)।