सत्येन्द्र पाल सिह
नई दिल्ली : श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) और इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस ने 12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट में जीत से शुरुआत की। पुरुष वर्ग में मेजबान श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) ने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज को 8-0 से हराया। विजेता श्याम लाल कॉलेज (प्रातः)टीम के लिए प्लेयर ऑफ द मैच हर्षु ने तीन , आशु ने दो तथा प्रवीण, प्रत्यूष ने एक-एक गोल किया। प्लेयर ऑफ द मैच पुलकित के चार तथा चंदर, शुभम और गुरमुख के एक एक गोल से इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस ने हंसराज कॉलेज को 7-1 से हराया।
श्याम लाल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर रबि नारायण कर ने खेल समिति के संयोजक वी एस जग्गी के हॉकी व अन्य खेलों को बढ़ावा देने की प्रशंसा करते हुए खेल के मैदान में फ्लड लाइट लगाने की घोषणा की, जिससे रात में भी हॉकी व अन्य खेल हो सकें। डीन ऑफ कॉलेजेस, दिल्ली यूनिवर्सिटी प्रोफेसर बालाराम पाणि ने कहा, ‘ ओडिशा से हूं। यूनिवर्सिटी में पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान ओलंपियन हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की मेरे जूनियर थे।मैं उन्हें हॉकी खेलते खूब देखता था। यह अच्छी बात है कि श्याम लाल कॉलेज हर साल हॉकी टूर्नामेंट कराता है। दिल्ली यूनिवर्सिटी सहित हॉकी को पूरे देश में खूब बढ़ावा दिया जाना चाहिए। खेलों के लिए हम कॉलेजों की दिल्ली यूनिवर्सिटी से पूरी मदद करेंगे।’
मुख्य अतिथि प्रोफेसर बालाराम पाणि, डीन ऑफ कॉलेजेस, दिल्ली यूनिवर्सिटी ने टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। मेजबान श्याम लाल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर रबि नारायण कर ने श्री पाणि, प्रो.सरिता त्यागी, एचओडी, डीपीईएसएस, डीयू, डॉ. ज्योति मान, असिस्टेंट डायरेक्टर,डीयूएससी, श्री संजीव गौतम, एसीपी, शाहदरा सहित सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।





