सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : फैजल शिनोजदा (110 रन, 93 गेंद,15 चौके) और उजेरउल्लाह नियाजई (101रन, 86 गेंद, दो छक्के, 12 चौके) के तेज शतकों और दोनों की 130 गेंदों में तीसरे विकेट की 148 रन की भागीदारी की बदौलत अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ आईसीसी अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल में हरारे में टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट पर 310 रन का विशाल स्कोर बनाया।फैजल शिनोजदा ने मौजूदा संस्करण का अपना दूसरा शतक जड़ा। भारत अंडर 19 के लिए ऑफ स्पिनर कनिष्क चौहान (2/55) और तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन (2/64) ने दो दो विकेट चटकाए जबकि इन दोनों को छोड़ कर बाकी गेंदबाज विकेट के लिए तरसते रह गए।
अंडर 19 विश्व कप के नॉकआउट मैच में यह तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। साथ ही यह नाकआउट मैच में दूसरा मौका है जब दो बल्लेबाजों ने शतक जड़े। अफगानिस्तान अंडर 19 के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरने वाले फैजल शिनोजदा ने क्रीज पर उतरे ही दो जोरदार चौके जड़ अपने इरादे जाहिर कर दिए। फैजल शिनोजदा ने मात्र 49गेंदों में अपना अर्द्बशतक पूरा किया। फैजल शिनोजदा और नियाजई ने भारत अंडर 19 के तेज गेंदबाज आरएस अंबरीश के एक ओवर मे 21 रन जड़े। अफगानिस्तान अंडर 19 ने आखिरी के दस ओवर में 111 रन जोड़े। अंडर 19 विश्व कप नॉकआउट मैच में सबसे बड़े 245 रन के लक्ष्य का पीछा करने का कारनामा भारत अंडर 19 ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 245 रन बना कर हासिल किया।
खालिद अहमदजई (31 रन, 39 गेंद, एक छक्का, चार चौक) और ओसमान सादत ( 39 रन,3 चौके, 70 गेंद) ने भारत अंडर 19 के तेज गेंदबाज आरएस अंबरीश और हेनिल पटेल के खिलाफ सतर्क आगाज किया। खालिद (31) ने पारी के 13 वें ओवर तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को कट करने की कोशिश में विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू को कैच थमा बैठे और अफगानिस्तान अंडर 19 ने पहला विकेट 53 रन पर खो दिया। ओसमान सादत ने फैजल शिनोजदा के साथ मिल कर 64रन जोड़ स्कोर को 25 वें ओवर में 117 रन तक पहुंचाया था कि तभी सादत (39) ने ऑफ स्पिन ऑलराउंडर कनिष्क चौहान की गेंद को उड़ाने की कोशिश में लॉन्गऑफ पर दीपेश को कैच थमा बैठे। फैजल और नियाजई ने मिलकर जमकर भारत अंडर 19 के गेंदबाजों की बीच के ओवर में धुनाई कर अफगानिस्तान अंडर 19के स्कोर को 46 में 265 तक पहुंचाया था कि तभी फैजल (110) की गेंद को उड़ाने की कोशिश में बो्ल्ड हो गए। अजीजउल्लाह मियाखिल (12 रन, एक चौका, 9 गेंद) ने धीमी गेंद पर बल्ला चलाया और खिलन पटेल को कैच थमा बैठे और अफगानिस्तान अंडर 19 ने चौथा विकेट 293 रन पर खो दिया।





