- भारत अंडर 19 की जीत में वैभव सूर्यवंशी व म्हात्रे के अर्द्धशतक
- शिनोजदा और नियाजई के शतक भी अफगानिस्तान अंडर 19 के काम न आए
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : सलामी बल्लेबाज एरोन जॉर्ज के बेहतरीन शतक के साथ 14 बरस के वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे के तूफानी अर्द्धशतकों की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान को आईसीसी अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल में बुधवार रात हरारे में सात विकेट से करारी शिकस्त दी। भारत अंडर 19 ने अंडर 19 विश्व कप के इतिहास मे सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए सेमीफाइनल सहित लगातार छठी जीत सहित लगातार छठी और कुल दसवीं बार फाइनल में स्थान बनाया। एरोन जॉर्ज उपकप्तान विहान मल्होत्रा के साथ मौजूदा संस्करण में शतक जड़ने वाले भारत अडर 19 के दूसरे बल्लेबाज है। पांच बार की चैंपियन भारत अंडर 19 टीम अब हरारे में ही फाइनल में इंग्लैंड अंडर 19 से शुक्रवार को भिड़ेगी। बेशक जॉर्ज ने शतक जड़ा, लेकिन भारत अंडर19 की नींव वैभव की मात्र33 गेंदों में चार छक्कों और नौ चौकों की मदद से 68 रन की तूफानी पारी ने रखी। वैभव (22) ने नियाजई और एरोन जॉर्ज(20) ने पारी के शुरू में जादरान द्वारा मिडऑन पर टपकाए कैच को खूब भुना भारत अंडर 19 को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। फैजल शिनोजदा और उजेरउल्लाह नियाजई के शतक भी अफगानिस्तान अंडर 19 को 310 तक पहुंचाने के बावजूद उसके काम न आए।
फैजल शिनोजदा (110 रन, 93 गेंद,15 चौके) और उजेरउल्लाह नियाजई (101रन, 86 गेंद, दो छक्के, 12 चौके) की 130 गेंदों में तीसरे विकेट की 148 रन की भागीदारी की बदौलत अफगानिस्तान ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट पर 310 रन का विशाल स्कोर बनाया। फैजल शिनोजदा ने मौजूदा संस्करण का अपना दूसरा शतक जड़ा। भारत अंडर 19 के लिए ऑफ स्पिनर कनिष्क चौहान (2/55) और तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन (2/64) ने दो दो विकेट चटकाए। अफगानिस्तान अंडर 19 के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरने वाले फैजल शिनोजदा ने क्रीज पर उतरते ही दो जोरदार चौके जड़ अपने इरादे जाहिर कर दिए। फैजल शिनोजदा ने मात्र 49गेंदों में अपना अर्द्बशतक पूरा किया। फैजल शिनोजदा और नियाजई ने भारत अंडर 19 के तेज गेंदबाज आरएस अंबरीश के एक ओवर मे 21 रन जड़े। अफगानिस्तान अंडर 19 ने आखिरी के दस ओवर में 111 रन जोड़े।
जवाब में मैन ऑफ द’ मैच एरोन जॉर्ज ( 115 रन, 104 गेंद, दो छक्के,15 चौके) की अपने सलामी जोड़ीदार वैभव सूर्यवंशी (68) के साथ पहले विकेट की 90, कप्तान आयुष म्हात्रे(62 रन, 59 गेंद, चार छक्के, पांच चौकों) के साथ दूसरे विकेट की 114 तथा उपकप्तान विहान मल्होत्रा (अविजित 38 रन, 47 गेंद, तीन चौके) के साथ तीसरे विकेट की 96 रन की भागीदारी की बदौलत भारत अंडर19 ने मात्र 41.1 ओवर में तीन विकेट पर 311 रन बनाकर मैच जीत फाइनल में स्थान बना लिया। वेदांत त्रिवेदी ने वहीदुल्ला जादरान की धीमी गेंद को स्कवॉयर लेग पर खेल कर भारत अंडर 19 को यह मैच जिताया। विहान के साथ वेदांत त्रिवेदी छह गेंद खेल पांच रन बना अविजित रहे। एरोन जॉर्ज पारी के 40 वें ओवर में वहीदउल्लाह जादरान के सातवें ओवर की तीसरी गेंद को उड़ाने की कोशिश में बदलू खिलाड़ी नजीफुल्लाह वजीरी को कैच थमा बेठे और भारत ने तीसरा विकेट 300 रन पर खोया। वैभव सूर्यवंशी (68) ने ताबड़तोड़ अंदाज में अपने सलामी जोड़ीदार एरोन जॉर्ज के साथ मात्र 9.3 ओवर में 90 रन जोड़ने के बाद अफगानिस्तान अंडर 19 के तेज गेंदबाज नूरिस्तानी ओमरजई की मिडलस्टंप पर शॉर्ट गेंद को पुल करने की कोशिश में मिड विकेट पर उस्मान सादत को कैच दे बैठे।वैभव ने अपना अर्द्धशतक मात्र 24 गेदों में तीन छक्कों और सात चौकों की मदद से पूरा किया। एरोन जॉर्ज ने अपना अर्द्धशतक 52 गेंद एक छक्के और आठ चौकों की मदद से पूरा किया।
एरोन जॉर्ज ने पारी के 37 वं और खातिर स्तेनिकजई के नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर मिड ऑन पर चौका जड़ कर 95गेंद खेल कर दो छक्कों व 13 चौकों की मदद से मौजूदा संस्करण में अपना पहला शतक पूरा किया। कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी उतरते ही तेज आगाज किया और वह भी नूरिस्तानी ओमरजई की गेंद को जल्दी फ्लिक करने की कोशिश में सादत को पारी के 27 वें ओवर में डीप विकेट पर कैच थमा बैठे और भारत अंडर 19 ने दूसरा विकेट 204 पर खोया। म्हात्रे ने आउट होने से पहले अपना अर्द्धशतक 43 गेंदो में चार छक्कों और चार चौकों की मदद से पूरा किया। वैभव ने मौजूदा संस्करण का तीसरा और कप्तान म्हात्रे ने दूसरा अर्द्धशतक पूरा किया
इससे पहले टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान अंडर 19 के खालिद अहमदजई (31 रन, 39 गेंद, एक छक्का, चार चौक) और ओसमान सादत ( 39 रन,3 चौके, 70 गेंद) ने भारत अंडर 19 के तेज गेंदबाज आरएस अंबरीश और हेनिल पटेल के खिलाफ सतर्क आगाज किया। खालिद (31) ने पारी के 13 वें ओवर तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को कट करने की कोशिश में विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू को कैच थमा बैठे और अफगानिस्तान अंडर 19 ने पहला विकेट 53 रन पर खो दिया। ओसमान सादत ने फैजल शिनोजदा के साथ मिल कर 64रन जोड़ स्कोर को 25 वें ओवर में 117 रन तक पहुंचाया था कि तभी सादत (39) ने ऑफ स्पिन ऑलराउंडर कनिष्क चौहान की गेंद को उड़ाने की कोशिश में लॉन्गऑफ पर दीपेश को कैच थमा बैठे। फैजल और नियाजई ने मिलकर जमकर भारत अंडर 19 के गेंदबाजों की बीच के ओवर में धुनाई कर अफगानिस्तान अंडर 19के स्कोर को 46 में 265 तक पहुंचाया था कि तभी फैजल (110) की गेंद को उड़ाने की कोशिश में बो्ल्ड हो गए। अजीजउल्लाह मियाखिल (12 रन, एक चौका, 9 गेंद) ने धीमी गेंद पर बल्ला चलाया और खिलन पटेल को कैच थमा बैठे और अफगानिस्तान अंडर 19 ने चौथा विकेट 293 रन पर खो दिया।





