- भारत के पास सुपर आठ से पहले सभी तीरों को आजमाने का मौका
- नीदरलैंड के लीड और आर्यन से भारत को चौकस रहना होगा
- भारत के अभिषेक व नीदरलैंड के बीच दिलचस्प मुकाबले की उम्मीद
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : कप्तान सूर्य कुमार यादव की कप्तानी में विजयरथ पर सवार मौजूदा चैंपियन भारत की निगाहें अब नीदरलैंड को भी अहमदाबाद में बुधवार को हरा जीत के ‘चौके’ के साथ ग्रुप ए में शीर्ष पर रह आईसीसी टी क्रिकेट 20 विश्व कप के सुपर आठ में उतरने पर लगी हैं। विकेटकीपर सलामी बल्लेबाज जैसे धुरंधर इशान किशन की 77 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत भारत के हौसले कोलंबो की स्पिन की मददगार पिच पर पाकिस्तान को 61 रन से पस्त कर सुपर आठ में स्थान पक्का करने से बुलंद हैं। बेशक टी 20 क्रिकेट में किसी दिन कुछ भी मुमकिन है। पूरे रंग में चल रहे भारत को रोकना नीदरलैंड के लिए बेहद मुश्किल लगता है। भारत ने बेशक ग्रुप ए में अपने तीनों मैच आसानी से जीते लेकिन वह अपनी शुरू से आखिर तक दे दनादन की पसंदीदा शैली से बल्लेबाजी नहीं कर पाया है। भारत टॉस जीतता है तो उसकी कोशिश पहले बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर खड़ा करने की होगी। भारत के पास अब सुपर आठ से पहले अपने सभी तीरों को आजमाने का मौका है। भारत का प्रदर्शन मैच दर मैच बेहतर ही हुआ और चौथे और आखिरी ग्रुप मैच से पहले तीनों मैच जीत टीम पूरे रंग में आ चुकी है। बेशक ग्रुप ए में सबसे ज्यादा शोर भारत के पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर था और इसमें वह चिर प्रतिद्वंद्वी के हाथों हार तो कतई नहीं गवारा कर सकता था। मौजूदा सियासी माहौल में जीत का प्रबल दावेदार भारत यदि कहीं पाकिस्तान से यह मैच हार जाता तो देश में तूफान मच जाता है। भारत आसानी से यह मैच जीता और सारा गुस्सा पाकिस्तान टीम की हार पर उसके देश में फूटा। भारत ने पाकिस्तान पर जीत ने खिताब बरकरार रखने का दावा और मजबूत किया है।
भारत आईसीसी के सीमित ओवरों के टूर्नामेंट में अब तक लगातार 16 मैच जीत चुका और उसे आखिरी हार इसी अहमदाबाद के मैदान 2023 में वन डे विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली। भारत ने नीदरलैंड से अब तक चारों अंतर्राष्ट्रीय मैच जीते हैं। अहमदाबाद की पिच पर बहुत रन बनते हैं। भारत शुरू के तीनों मैच में पहले बल्लेबाजी करने के बावजूद दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ में 209 रन बनाने को छोड़ कर 200 का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। भारत के पास अहमदाबाद में रात में वाकई बड़ा स्कोर खड़ा करने का मौका होगा। अहमदाबाद में खेले गए पांच में चार मैचों में अहमदाबाद में 210 से ज्यादा रन बने हैं। वहीं बहुत करीब से पाकिस्तान को हराने से चूकने वाली और नामीबिया से मैच जीतने वाली नीदरलैंड की टीम भारत के खिलाफ बुधवार के मैच में यह साबित करने की कोशिश करेगी वह कमजोर टीम नहीं है।
भारत को नीदरलैंड के भारतीय मूल के नई गेंद से गेंदबाजी करने वाले ऑफ स्पिनर आर्यन शर्मा और ऑलराउंडर बास डी लीड से चौकस रहना होगा। आर्यन ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में पाकिस्तान के सैम अयूब को आउट किया था। भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और नीदरलैंड के ऑफ स्पिनर आर्यन शर्मा के बीच बुधवार को रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। शुरू के दो मैचों में खाता खोले बिना आउट होने वाले भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बुधवार को आर्यन के खिलाफ बड़ी पारी खेल कर खुद सुपर आठ से पहले रंगत पाना चाहेंगे। पाकिस्तान के कप्तान ऑफ स्पिनर सलमान आगा ने जिस तरह कोलंबो में अभिषेक को तीन गेंदों में बांध कर रखा और चौथी पर बोल्ड कर दिया उससे नीदरलैंड के आर्यन के हौसले बुलंद होंगे। बास डी लीड की 70 रन की तेज पारी की बदौलत ही नीदरलैंड ने मौजूदा संस्करण में इकलौती जीत नामीबिया के खिलाफ सात विकेट से हासिल की जबकि उसे पहले मैच में तीन गेंद के बाकी रहते पाकिस्तान से तीन विकेट और अमेरिका से 93 रन से हार झेलनी पड़ी थी। भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मैच के ‘बहिष्कार’ इसमें खेलने के लिए राजी होने पर टी 20विश्व कप मे उसके खिलाफ नौ मे आठवां मैच जीता। कप्तान सूर्य कुमार ने बीते बरस दुबई में भारत की पाकिस्तान पर टी 20 एशिया कप फाइनल में जीत के बाद वाकई ठीक कहा था कि अब दोनों देशों के बीच प्रतिद्वंद्विता की बात बंद कर देनी चाहिए थी।
भारत की रविवार को जीत से पहले पाकिस्तान ने अपने संदिग्ध एक्शन वाले उस्मान तारिक, सैम अयूब और सलमान खान की ऑफ स्पिन त्रिमूर्ति का हौवा खड़ा करने की जो कोशिश की थी उसे इशान किशन और कप्तान सूर्य कुमार ने उन पर शुरू से प्रहार कर बनाए दबाव के गुब्बारे को उड़ने से पहले ही फोड़ दिया था। दोनों देश इससे पहले केवल एक बार 2022 के टी 20 विश्व कप में जब आमने सामने हुए तो मौजूदा कप्तान सूर्य कुमार यादव, रोहित शर्मा और विराट कोहली के अर्द्धशतकों की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी कर दो विकेट 179 रन बनाने के बाद नीदरलैंड को 9 विकेट पर 123 रन रोक कर 56 रन से जीत हासिल की। भारत की मौजूदा टीम में 2022 में खेलने वाली टीम के अब कप्तान सूर्य कुमार यादव, हार्दिक पांडया, अक्षर पटेल और अर्शदीप के रूप में चार खिलाड़ी शामिल है। वहीं नीदरलैंड की मौजूदा टीम में उसके कप्तान स्कॉट एडवडर्स,बास डी लीड, कॉलिन एकरमैन, मैक्स ओ दाउद, लोगान वान बीक, फ्रेड क्लासेन और पॉल वान मीकरन के रूप में सात खिलाड़ी शामिल हैं।
मुमकिन है कि भारत अपने तुरुप के गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम देकर नीदरलैंड के खिलाफ आराम दे। अब तक मौजूदा संस्करण में दो मैच खेल कर अपना खाता खोलने में नाकाम रहे विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए यह मैच सुपर 8 से पहले टीम इंडिया के पूर्व चीफ कोच रवि शास्त्री के सुझाव के मुताबिक क्रीज पर कुछ वक्त बिता कर बड़ी पारी खेल अपनी रंगत पाने का मौका है। भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक दरअसल मुंबई में अमेरिका के खिलाफ ग्रुप ए में वानखेड़े स्टेडियम की दोहरे उछाल वाली पिच और पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो की अपेक्षाकृत धीमी पिच पर जिस तरह बड़े स्ट्रोक खेलने की कोशिश में बोल्ड हुए उससे भारत अपनी पारी का तेज आगाज नहीं कर पाया था। इशान किशन ने पहले नामीबिया और फिर पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे मैच में पहला विकेट गिरने के बाद जिस तरह जोश के कुछ होश से जवाबी हमला बोला उससे भारत पारी का तेज आगाज करने में सफल रहा। भारत के लिए दिक्कत सही मायनों में बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव का अभी भी रंग में आने के लिए जूझना है। बहुत मुमकिन है कि नीदरलैंड के खिलाफ फिर उन्हें एकादश से बाहर रख कर अर्शदीप को वापस एकादश में शामिल करे।
इशान किशन पाकिस्तान के खिलाफ पिछले दो मैचों में अर्द्धशतक जड़ने के साथ तीन मैचों मे भारत के लिए सबसे ज्यादा 168 रन, कप्तान सूर्य कुमार यादव अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में अर्द्धशतक सहित कुल 128 रन बना जिस तरह बल्ले से धमाल कर रहे हैं उसके मद्देनजर नीदरलैंड के मौजूदा संस्करण के सबसे कामयाब तेज गेंदबाज बास लीड(पांच विकेट),वान बीक (4विकेट)और ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त (तीन विकेट) के लिए लगाम लगाना बेहद मुश्किल होगा। भारत के लिए अर्द्धशतक जड़ने वाले तीसरे बल्लेबाज हार्दिक पाडया (कुल 57), तिलक वर्मा (कुल 75 रन) और शिवम दुबे (कुल 50 रन) ने सही वक्त पर मैच के मिजाज के मुताबिक बल्लेबाजी कर उसे मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की है।
भारत को मौजूदा संस्करण के शुरू के तीन मैचों में बल्ले व गेंद से दमदार प्रदर्शन करने वाले नीदरलैंड के ऑलराउंडर बास डी लीड ( कुल 125 रन, एक अर्दधशतक व 5 विकेट) से जरूर चौकस रहना होगा। दरअसल लीड को छोड़ कर न्यूजीलैंड के लिए लेविट ने कुछ 55 रन बनाए। लीड और लेविट को छोड़ कर नीदरलैंड के बाकी बल्लेबाज जिस तरह रनों के लिए जूझते ही नजर आए हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के लिए भारत के सबसे कामयाब लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (छह विकेट), बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल (6विकेट) तथा दो दो मैच खेलने वाले जसप्रीत बुमराह(तीन विकेट), अर्शदीप सिंह (तीन विकेट) और एक मैच खेलने वाले मोहम्मद सिराज (तीन विकेट) के सामने बड़ा स्कोर खड़ा करने की उम्मीद कम ही नजर आती है।
मैच : भारत वि नीदरलैंड ( शाम 7 बजे से, अहमदाबाद)।





