सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : तेज गेंदबाज कार्बिन बॉश (3/12) के गेंद से कहर से लगातार तीन जीत के साथ सुपर 8 में स्थान पक्का कर चुकी दक्षिण अफ्रीका ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को यहां फिरोजशाह कोटला मैदान अरुण जेटली स्टेडियम में बुधवार को बारिश से बाधा के बावजूद चार विकेट से हरा कर पूल डी में अपना अभियान जीत के चौके के साथ शीर्ष पर रह कर समाप्त किया। दक्षिण अफ्रीका अब 22 फरवरी रविवार को अहमदाबाद में दुनिया के सबसे बड़े नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में ग्रुप 1 में पहले सुपर 8 मैच से भिड़ेगी। दक्षिण अफ्रीका की तरह भारत ने भी चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की तरह ग्रुप ए में शुरू के तीनों मैच जीत कर सुपर 8 में स्थान पक्का किया था।
मैन ऑफ द’ मैच दक्षिण अफ्रीका के कार्बिन बॉश ने कहा,‘मैंने एकदम सहज होकर गेंदबाजी की। पिच में शुरू में कुछ उछाल था और हमने आपस में बराबर बात की और इससे मेरा काम आसापन हो गया। मेरे साथी खिलाड़ी बेहतरीन हैं और उनसे बहुत सीख सकता हूं । मैंने कुछ वक्त बल्लेबाजी की रणनीति समझने में बिताने के बाद उसी के मुताबिक योजना बनाई। शुरू में कुछ नर्वस था लेकिन हमें पिच की बाबत अच्छी जानकारी थी। आसमान पर छाई बदली से भी मदद मिली।’
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कार्बिन बॉश (3/12) और ऑनरिक नोकिया (2/28) ने रफ्तार के साथ धार दिखा आपस में पांच विकेट बांट कर अलीशान शराफू की 38 गेंदों पर एक छक्के और पांच चौकों की मदद से 45 रन की तेज पारी के बावजूद टॉस जीत कर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को पहले बल्लेबाजी की दावत देकर निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 122 रन पर रोक दिया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे अलीशान शराफू पारी के 18वें ओवर में नोकिया की कोण बनाती गेंद को पुल करने की कोशिश में माफका को डीप मिडविकेट पर कैच थमा आउट होकर पैवेलियन लौटे और यूएई ने पांचवां विकेट 114 रन पर खो दिया। यूएई ने पॉवरप्ले में आक्रामक आगाज किया लेकिन वसीम के आउट होने के बाद उसकी रनों की रफ्तार धीमी हो गई। यूएई ने रनों की रफ्तार तेज करने की कोशिश की लेकिन दक्षिण अफ्रीका के बेहतरीन तेज गेंदबाजी आक्रमण के साथ यह नाकाम रही। ऑनरिक नोकिया, कार्बिन बॉश, कसिगो रबाड़ा और माफका ने रफ्तार के साथ गजब के नियंत्रण से गेंदबाजी कर यूएई की बल्लेबाजों को रनों के लिए तरसा दिया।
जवाब में रेयन रिकल्टन (30 रन, 16 गेंद, 2 छक्के व तीन चौके) व डिवाल्ड ब्रेविज (36 रन, 25गेंद, तीन छक्के, एक चौका) की तीसरे विकेट की 49 रन की भागीदारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 13.2 ओवर में चार विकेट पर 123 रन बना कर मैच जीत लिया। ट्रस्टन स्टब्ज सात गेंद खेल कर छह और जेसन स्मिथ पांच गेंद खेल कर तीन रन बना कर अविजित रहे। अपने कप्तान एडन मरक्रम(28 रन, 11 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) और क्विंटन डी कॉक (14 रन, 16 गेंद, तीन चौके) के दक्षिण अफ्रीका की सलामी जोड़ी 5.4 ओवर में 56 रन पैवेलियन लौट गई। मरक्रम ने यूएई के बाएं हाथ के स्पिनर हैदर अली की पिच होने के सीधी रहती फ्लाटेड गेंद को खेलने से चूके और दक्षिण अफ्रीका ने पहला विकेट 32 रन पर खो दिया। क्विंटन डी कॉक ने तेज गेंदबाज मुहम्मद जवादुल्लाह की गेंद की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को उड़ाने की कोशिश में सैयद हैदर को कैच थमा दिया और दक्षिण अफ्रीका ने दखसरा विकेट 56 रन पर खो दिया। रिकल्टन व डिवाल्ड ब्रेविज (36) ने तेजी से स्कोर को स्कोर को11 वें ओवर में 105 रन पर पहुंचाया था कि तभी रिकल्टन ने लेग स्पिनर मुहम्मद फारुख की फ्लाइटेड गेंद को उड़ाने की कोशिश में डीप स्कवॉयर पर पराशर को कैच थमा दिया। ब्रेविज ने तेज गेंदबाज मुहम्मद अरफान की गेंद बदलू खिलाड़ी कौशिक को लॉन ऑन पर कैच थमा बैठे और दक्षिण अफ्रीका ने चौथा विकेट 116 पर खोया।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज ऑनरिक नोकिया और कार्बिन बॉश ने यूएई के बल्लेबाजों के खिलाफ उनके शरीर को निशाना कर गेंदबाजी की। शराफू को पहले तेज गेंदबाज माफका के बाउंसर पर उनकी गेंद उनके हेलमेट पर लगी और इसके बाद बॉश की खतरनाक ढंग से उछली गेंद उनके हेलमेट की ग्रिल पर लगी। शराफू ने बॉश की शॉर्ट गेंद को उड़ाने की कोशिश की लेकिन डीप थर्डमैन पर नोकिया ने उनका कैच टपका दिया तब यूएई का स्कोर चार विकट पर 103 रन था। यूएई के कप्तान मोहम्मद वसीम(22रन 12 गेंद, 4 चौके) दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर जॉर्ज लिंडे की मिडल और लेग स्टंप पर पड़ी गेंद को स्वीप करने से चूके और अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया और यूएई ने पहला विकेट पारी के पांचवें ओवर में 38 रन पर खो दिया। आर्यंश शर्मा (13 रन, 17 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश की पटकी और शरीर पर आती कोण बनाती गेंद को पुल करने की कोशिश मे मिडविकेट पर माफका को कैच थमा बैठे और यूएई ने दूसरा विकेट छठे ओवर में 42 रन पर खो दिया। शोएब खान (6 रन, 11 गेंद) ने रफ्तार के सौदागर कॉर्बिन बॉश की पिच होने के बाद खतरनाक ढंग से उछली गेंद पर बल्ला अलग नही कर पाए और विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक को कैच थमा बैठे और यूएई ने दसवें ओवर में तीसरा विकेट 64 रन पर गंवा बैठे। सैयद हैदर (6 रन, 15 गेंद) तेज गेंदबाज ऑनरिक नोकिया की शरीर पर आती गेंद को पुल करने की कोशिश में माफका को कैच थमा बैठे और पारी के 14 वें ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने चौथा विकेट 82 रन पर खो दिया ।इससे पहले अली शान शराफू ने नोकिया के दूसरे ओवर में एक चौके और छक्के सहित 12 रन बनाए। मुहम्मद अरफान (11 रन, 18 गेंद) ने पारी और बॉश के आखिरी ओवर की तीसरी गेंद को पुल करने की कोशिश में जेसन स्मिथ को कैच थमा बैठे और यूएई ने छठा विकेट 119 पर खो दिया।





