हीली व बेथ मूनी के अर्द्धशतकों से ऑस्ट्रेलिया छह विकेट से जीती
सत्येन्द्र पाल सिंह
कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान स्मृति मंधाना के अर्द्धशतक भी वन डे विश्व कप चैंपियन भारत के काम न आए। बेथ मूनी और कप्तान एलिसा हीली के अर्द्धशतकों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने भारत को पहले महिला वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में सीम गेंदबाजों की मददगार पिच पर मंगलवार को ब्रिस्बेन में एलन बॉर्डर फील्ड पर छह विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। भारत ने हरमनप्रीत कौर की अगुआई में ऑस्ट्रेलिया तीन टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की क्रिकेट सीरीज 2-1 से जीती थी।
कप्तान हरमनप्रीत कौर (53 रन, 83 गेंद, तीन चौके) की उपकप्तान स्मृति मंधाना (58 रन, 67 गेंद, सात चौके) के साथ चौथे विकेट की 48 और खुद सबसे कामयाब एशले गार्डनर(3/33 ) की गेंद को स्वीप करने की कोशिश में जॉर्जिया वॉल को डीप मिडविकेट पर कैच थमा सातवीं बल्लेबाज के रूप में आउट होने से पहले काशवी गौतम (43 रन, 44 गेंद, तीन चौके व तीन छक्के) के साथ सातवें विकेट 53 रन की भागीदारी की बदौलत भारत की टीम 48.3 ओवर में 214 रन बनाकर आउट हो गई।
जवाब में बेथ मूनी (76 रन, 79 गेंद, 2 छक्के , पांच चौके) की कप्तान एलिसा हीली (50 रन,70गेंद, चार चौके) तीसरे विकेट की 64 तथा खुद 37 वे ओवर में दीप्ति शर्मा की गेंद पर मंधाना को कैच थमाने से पहले अनाबेल सदरलैंड (अविजित 48 रन, 44 गेंद,एक छक्का, चार चौके) के साथ 85 रन की भागीदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 38.2ओवर में चार विकेट पर 217 रन बनाकर मैच जीत लिया। एलिसा हीली और फॉबी लिचफील्ड (32 रन, 32 गेंद, छह चौके) ने पहले विकेट के लिए तेज आगाज कर 51 रन जोड़े लेकिन भारत की बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचारिणी ने पहले लिचफील्ड और फिर विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों स्टंप करा करा और अगली गेंद पर जॉर्जिया वोल (0) को बोल्ड कर दिया। एलिसा हीली ने क्रांति गौड की गेंद को कट करने की कोशिश में जेमिमा को बैकवर्ड पॉइंट पर लपकवाया।
इससे पहले भारत ने चोट के बाद वापसी करने वाली प्रतीका रावल (0), शैफाली वर्मा (4 रन, 17गेंद) और जेमिमा रॉड्रिग्ज (8 रन, 13 गेंद) के रूप में 12 वें ओवर मे तीन विकेट 52 पर खो दिए थे। प्रतीका ने तेज गेंदबाज मेघन शट (2/43) की भीतर आती गेंद को चूकी और एलबीडब्ल्यू आउट हो गई जबकि शैफाली ने ब्राउन की गेंद को ड्राइव करने की कोशिश में उन्हें ही वापस कैच थमाया और जेमिमा ने गार्डनर की गेंद को ड्राइव करने की कोशिश में उन्हें ही वापस कैच थमाया। स्मृति ने ताहिला मैक्ग्रा की धीमी ऑफ स्पिन को स्वीप करने के फेर में किंग को फाइन लेग पर कैच थमा भारत ने चौथा विकेट 24 वें ओवर में 100 रन पर खो दिया। भारत के स्कोर में तीन रन ही जुड़े थे कि दीप्ति शर्मा (2 रन) ने एलाना किंग की गेंद पर मॉलीनॉक्स को कैच थमा दिया। ऋचा घोष (23 रन, 38 गेंद, दो चौके) को मालीनेक्स की गेंद पर किंग ने बैकवर्ड पॉइंट पर लपका और भारत ने छठा विकेट 140 रन पर खोया। हरमनप्रीत कौर सातवीं बल्लेबाज के रूप में 193 रन पर आउट हुई और स्कोर में तीन रन जुड़े थे कि क्रांति गौड(2 रन) को गार्डनर की गेंद पर मालीनेक्स ने लपका।श्रीचारिणी (2) को शट ने वॉल के हाथों लपकवाया और काशवी के रनआउट होने से भारत की पारी 214 पर सिमट गई।





