अजय कुमार
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट का फैसला महज एक मुकदमे का अंत नहीं है, बल्कि उस दौर का आईना है जिसमें राजनीति, जांच एजेंसियां और अदालतें एक-दूसरे के समानांतर चलती रहीं. तीन साल तक चले शराब नीति मामले में अदालत ने जब चार्जशीट को कमजोर बताया और सभी आरोपियों को बरी कर दिया, तो यह केवल आम आदमी पार्टी के लिए राहत की खबर नहीं रही, बल्कि पूरे देश के लिए एक सवाल बन गई कि क्या बड़े राजनीतिक मामलों में आरोप और प्रमाण के बीच की दूरी बढ़ती जा रही है.यह वही मामला है, जिसे शुरुआत में सैकड़ों और फिर हजारों करोड़ रुपये के कथित घोटाले के रूप में पेश किया गया. उपराज्यपाल को सौंपी गई रिपोर्ट में लगभग 580 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की बात कही गई थी. इसके साथ यह दावा जोड़ा गया कि नई आबकारी नीति के जरिए शराब कारोबारियों को करीब 12 प्रतिशत अतिरिक्त मुनाफा दिलाया गया और बदले में ‘साउथ ग्रुप’ से 100 करोड़ रुपये की रिश्वत ली गई. जांच एजेंसियों का यह भी कहना था कि इस रकम में से लगभग 45 करोड़ रुपये गोवा विधानसभा चुनाव में खर्च किए गए. इन आंकड़ों ने ही इस केस को राजनीतिक हथियार बना दिया. हर प्रेस कॉन्फ्रेंस और हर बहस में इन्हीं संख्याओं को दोहराया गया, जिससे जनता के मन में यह धारणा बनी कि मामला बेहद गंभीर है.
लेकिन अदालत का फैसला इन संख्याओं की विश्वसनीयता पर सीधा सवाल है. कोर्ट ने कहा कि मनी ट्रेल यानी पैसों की आवाजाही की पूरी कड़ी साबित नहीं हो सकी. यानी यह नहीं दिखाया जा सका कि कथित रिश्वत किसने दी, किसने ली और कहां खर्च हुई. अदालत की टिप्पणी थी कि अभियोजन पक्ष ‘संदेह से परे’ अपराध साबित करने में नाकाम रहा. यह वाक्य भारतीय न्याय व्यवस्था में बहुत बड़ा अर्थ रखता है, क्योंकि आपराधिक मामलों में सजा तभी होती है जब शक की कोई गुंजाइश न बचे.इस फैसले का सबसे बड़ा प्रभाव आम आदमी पार्टी पर पड़ा है. फरवरी 2023 में मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी हुई और वे करीब 17 महीने जेल में रहे. अक्टूबर 2023 में संजय सिंह गिरफ्तार हुए और लगभग छह महीने जेल में बिताए. मार्च 2024 में अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया और वे करीब पांच से छह महीने तक जेल में रहे. इस दौरान उन्होंने अंतरिम जमानत पर लोकसभा चुनाव प्रचार किया और फिर वापस जेल गए. तीन बड़े नेताओं का एक साथ जेल जाना किसी भी पार्टी के लिए असाधारण स्थिति होती है. इसका सीधा असर पार्टी की छवि और चुनावी प्रदर्शन पर पड़ा.
2024 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सभी सात सीटों पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन हार गया. इसके बाद विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को बड़ा झटका लगा. जिन चुनावों में वह कभी विकास और ईमानदारी के मुद्दे पर जीतती थी, वहीं इस बार भ्रष्टाचार का आरोप उसके लिए बोझ बन गया. अदालत का फैसला अब इस हार को नए सिरे से देखने की वजह देता है. सवाल उठेगा कि क्या जनता ने आरोपों के आधार पर फैसला कर लिया और अदालत के फैसले का इंतजार नहीं किया.विपक्षी दलों के लिए यह मामला हमेशा से राजनीतिक हथियार रहा. भाजपा ने इसे भ्रष्टाचार का प्रतीक बताया और कांग्रेस ने शुरुआत में शिकायत दर्ज कराई. राहुल गांधी ने एक समय केजरीवाल को इस घोटाले का वास्तुकार कहा था. बाद में गठबंधन की राजनीति में सुर बदले, लेकिन मामला तब तक सार्वजनिक स्मृति का हिस्सा बन चुका था. अदालत के फैसले के बाद यह बहस तेज होगी कि क्या विपक्ष ने जांच पूरी होने से पहले ही राजनीतिक निष्कर्ष निकाल लिया था.
इस केस में जांच एजेंसियों की भूमिका भी बहस के केंद्र में है. कोर्ट ने चार्जशीट को कमजोर बताया और कहा कि समन भेजने की प्रक्रिया तक पर सवाल खड़े होते हैं. इससे यह संदेश गया कि इतने बड़े राजनीतिक मामले में भी जांच की गुणवत्ता और प्रमाणों की मजबूती सवालों के घेरे में है. अगर 580 करोड़ के नुकसान और 100 करोड़ की रिश्वत जैसे दावे किए गए थे, तो उनके ठोस सबूत अदालत के सामने क्यों नहीं रखे जा सके. यह सवाल केवल इस केस तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य के मामलों पर भी असर डालेगा.जमानत के दौरान उच्च अदालतों की टिप्पणियां भी इस कहानी का अहम हिस्सा हैं. दिल्ली हाईकोर्ट ने शुरुआती दौर में कहा था कि गिरफ्तारी के पर्याप्त आधार हैं. वहीं सुप्रीम कोर्ट ने यह कहा कि किसी को अनिश्चित काल तक जेल में नहीं रखा जा सकता, क्योंकि जीवन और स्वतंत्रता का अधिकार सर्वोपरि है. यानी एक तरफ एजेंसियां गिरफ्तारी को सही ठहरा रही थीं, दूसरी तरफ अदालतें स्वतंत्रता की रक्षा कर रही थीं. इस टकराव ने यह साफ किया कि यह केस केवल कानूनी नहीं, राजनीतिक भी था.
अब जब निचली अदालत ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया है, तो आम आदमी पार्टी के लिए यह मौका है अपनी छवि को दोबारा गढ़ने का. पार्टी यह कहेगी कि तीन साल तक चले आरोप राजनीतिक थे और अदालत ने उन्हें झुठला दिया. लेकिन यह रास्ता आसान नहीं होगा. तीन साल तक जो धारणा बनी, वह एक फैसले से नहीं मिटती. इसके लिए राजनीतिक आचरण और प्रशासनिक पारदर्शिता से भरोसा लौटाना होगा.दूसरी तरफ, जांच एजेंसियों के सामने भी आत्ममंथन का समय है. अगर इतने बड़े केस में चार्जशीट कमजोर साबित होती है, तो यह उनकी कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाता है. लोकतंत्र में एजेंसियों की विश्वसनीयता तभी बनी रहती है जब उनके मामले अदालत में टिकें. वरना हर बरी होने वाला फैसला यह शक पैदा करता है कि कहीं जांच राजनीतिक दबाव में तो नहीं हुई.
इस पूरे प्रकरण का सबसे बड़ा सबक यही है कि नीति और अपराध के बीच की रेखा बहुत पतली होती है. कोई भी नीति निर्णय राजनीतिक होता है, लेकिन उसे आपराधिक साबित करने के लिए ठोस प्रमाण चाहिए. केवल अनुमान, बयान और आंकड़ों के सहारे अदालत में मामला टिकता नहीं. यह फैसला भविष्य में जांच एजेंसियों को अधिक सतर्क करेगा और राजनीतिक दलों को भी यह सोचने पर मजबूर करेगा कि आरोप लगाने से पहले प्रमाण की कसौटी पर खरा उतरना जरूरी है.दिल्ली शराब नीति मामला अब एक मिसाल के रूप में याद किया जाएगा. यह उस दौर की कहानी कहेगा जब एक नीति को घोटाला बताया गया, नेताओं को जेल हुई, चुनाव लड़े गए और अंत में अदालत ने कहा कि आरोप साबित नहीं हुए. लोकतंत्र में यही प्रक्रिया है. आरोप लगते हैं, जांच होती है और फैसला अदालत करती है. इस फैसले के बाद असली परीक्षा राजनीति की है. सवाल यह नहीं कि किसे राहत मिली, सवाल यह है कि क्या इस अनुभव से राजनीति और जांच दोनों सबक लेंगी या अगला मामला भी इसी तरह आरोपों और संख्याओं के शोर में गुम हो जाएगा.





