भारतीय क्रिकेट टीम इतिहास बनाने से बस एक कदम दूर

Indian cricket team is just one step away from creating history

  • भारत के पास न्यूजीलैंड को हरा इतिहास दोहराने व इतिहास को हराने का मौका
  • बुमराह, हार्दिक, अक्षर व संजू की चौकड़ी साबित हो सकती है भारत की तुरुप का इक्का
  • एलन व सिरफिट की सलामी जोड़ी से भारत को चौकस रहना होगा

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : सूर्य कुमार यादव की अगुआई वाली मौजूदा चैंपियन भारतीय पुरुष टीम के पास न्यूजीलैंड को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में रविवार रात दसवें आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में हरा खिताब बरकरार रख इतिहास दोहराने और इतिहास को हराने का मौका है। भारतीय क्रिकेट टीम नया इतिहास बनाने से बस एक कदम दूर है। भारतीय टीम यदि फाइनल जीतती है तो वह लगातार दूसरी और कुल तीसरी बार क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट का विश्व कप जीतने वाली इतिहास की पहली टीम बन जाएगी। भारत अपने घर में 2026 के संस्करण में भी अगर क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट का खिताब जीतता है तो गौतम गंभीर बतौर क्रिकेटर और चीफ कोच उसे यह गौरव दिलाने वाले वाले पहले भारतीय बन जाएंगे। वहीं अब तक केवल 2021 में दुबई मे सातवें संस्करण में फाइनल में पहुंच ऑस्ट्रेलिया से आठ विकेट से हार खिताब जीतने से चूकने वाली न्यूजीलैंड की पूरी कोशिश अहमदाबाद में फाइनल में मेजबान भारत पर जीत के साथ खिताब जीतने की अधूरी हसरत को पूरी करने की होगी। दोनों देश अब तक के नौ संस्करणों में तीन बार आमने सामने हुए हैं और तीनों में ही जीत न्यूजीलैंड के हिस्से आई है। भारत अब न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के सिलसिले को फाइनल में तोड़ उसके खिलाफ पहली जीत के साथ तीसरी बार खिताब जीत नया इतिहास लिखने को बेताब है। मौजूदा संस्करण में भारत को अहमदाबाद में सुपर 8 में दक्षिण अफ्रीका के हाथों 76 रन से और न्यूजीलैंड को ग्रुप डी में मैच दक्षिण अफ्रीका के ही हाथों सात विकेट से तथा इग्लैंड के हाथों कोलंबो में सुपर 8 में चार विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। रोहित शर्मा की अगुआई में 2023 के वन डे विश्व कप में अपने सभी आठों मैच जीत फाइनल में पहुंचने के बाद भारत अहमदाबाद में नरेन्द्र मोदी स्टेडियम ऑस्ट्रेलिया से फाइनल में छह विकेट से हार कर तीसरी बार खिताब जीतने से चूक गया था। भारत अब तीसरी बाद टी 20 विश्व कप जीतने की दहलीज है और इस मौके को भुनाने को बेताब है।

सूर्य की अगुआई वाली भारतीय टीम बेशक न्यूजीलैंड से अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में रविवार को टी 20 विश्व कप फाइनल जीत देश के क्रिकेट प्रेमियों के जेहन से लगातार आठ मैच जीतने के बाद 2023 वन डे विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों छह विकेट से हार की स्मृतियों को मिटाने की पुरजोर कोशिश करेगी। तीन गुजरातियों – तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, ऑलराउंडर हार्दिक पांडया और अक्षर पटेल के साथ देर से सही पर एकदम सही मोड़ पर अपनी रंगत पाने वाले संजू सैमसन की चौकड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को भारत की तुरुप का इक्का साबित हो सकती है। दरअसल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में भारत सुपर 8 में अक्षर पटेल को बाहर बैठा कर ऑफ स्पिन ऑलराउंडर को एकादश में शामिल करने की रणनीतिक भूल के चलते ही हारा था। भारत ने इस हार से सबक ले अपनी रणनीति में बदलाव कर पीछे मुड़कर नहीं देखा और फाइनल में स्थान बनाया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी 20 विश्व कप के इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल में नौ विकेट से धमाकेदार जीत दिलाने वाले सलामी बल्लेबाज फिन एलन के साथ तूफानी अर्द्धशतक जड़ने वाले उनके सलामी जोड़ीदार टिम सिरफिट को भारत के तुरुप के गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह,अर्शदीप सिंह व हार्दिक पांडया को सस्ते में पैवेलियन लौटाना होगा। बुमराह भारत के कप्तान सूर्य और चीफ कोच गौतम गंभीर के लिए हर मर्ज की दवा हैं और उनका फाइनल जैसे बड़े मंच बहुत ही सूझबूझ से इस्तेमाल करने की जरूरत होगी।

इशान किशन के इस साल जनवरी में तिरुवनंतपुरम में पांचवें व अंतिम टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में तेज शतक की बदौलत भारत ने जीत के साथ मेहमान न्यूजीलैंड से सीरीज 4-1 से जीती थी और खुद कप्तान सूर्य कुमार यादव 242 रन बना मैन ऑफ द सीरीज रहे थे। भारत को मौजूदा टी 20 विश्व कप के शुरू होने से ठीक पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ एकतरफा अंदाज में टी 20 सीरीज जीतने का फाइनल में बेशक लाभ मिलेगा। शीर्ष क्रम में आठ में छह बाएं हाथ के बल्लेबाजों की मौजूदगी के चलते प्रतिद्वंद्वी टीमों की भारत के खिलाफ पॉवरप्ले में ऑफ स्पिनरों को मोर्चे पर लगा उसे बिखरने की काट भारत ने संजू से पारी का आगाज कराने के साथ खुद कप्तान सूर्य कुमार यादव को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेज खोज ली है।

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के सस्ते में आउट होने के बावजूद संजू के तूफानी अर्द्धशतकों की बदौलत भारत ने पहले वेस्ट इंडीज के खिलाफ सुपर 8 मैच में करीब 200 रन के लक्ष्य को पांच विकेट खो हासिल किया और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ सात विकेट पर 253 रन का विशाल स्कोर बना सात रन से जीत दर्ज की। भारत के कप्तान सूर्य कुमार ने यादव ने साफ साफ कहा कि टीम के शुरू के तीन बल्लेबाजों का बल्लेबाजी क्रम तय है और बाकी हम मैच की जरूरत से हिसाब से किसी को किसी भी नंबर पर भेज सकते हैं। भारत का इंग्लैंड के खिलाफ जब मिडलओवर में लेग स्पिनर आदिल रशीद गेंदबाजी कर रहे तो सूर्य का अपनी जगह उन्हें चौथे नंबर पर उनकी लय बिगाड़ने का दांव ठीक रहा था। भारत का जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नै में 20 ओवर में 4 विकेट पर 256 रन का स्कोर मौजूदा संस्करण में किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं न्यूजीलैंड ने अपना सबसे बड़ा स्कोर 15.1 ओवर में दो विकेट पर 176 कनाडा के खिलाफ चेन्नै में ही बनाया।

सूर्य कुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम मौजूदा संस्करण में मात्र एक हार के साथ और न्यूजीलैंड की टीम दो हार के बावजूद फाइनल में पहुंची है। अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम की पिच बहुत कुछ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की तरह लाल और काली मिट्टी की है, जिस पर खूब रन बरसते हैं । ठीक इसी तरह की पिच पर दक्षिण अफ्रीका ने कनाडा के खिलाफ पहले बल्लेबाजी कर 200 से ज्यादा रन बना जीत हासिल की थी। इस पिच पर लाल मिट्टी की मात्रा काली से ज्यादा रहने पर गेंद बल्ले पर तेजी से आती है और रन भी ज्यादा बनते हैं। भारत ने अब तक हुए नौ संस्करणों में 2007 में पहले में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में मौजूदा चीफ कोच गौतम गंभीर की 75 रन की पारी से पाकिस्तान को फाइनल में पांच रन से और फिर 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में विराट कोहली की 76 रन की पारी से दक्षिण अफ्रीका को ब्रिजटाउन में फाइनल में सात रन से हरा कर दूसरी बार खिताब जीता था। भारत ने मौजूदा संस्करण में फाइनल का सफर पहले अपनी तरह दो बार खिताब जीतने वाले वेस्ट इंडीज पर कोलकाता में आखिरी सुपर 8 मैच में पांच विकेट से और इंग्लैंड पर मुंबई में सेमीफाइनल में सात रन से जीत के साथ पूरा किया। भारत को मौजूदा संस्करण के अपने फाइनल के सफर में इकलौती हार सुपर 8 में पिछली उपविजेता दक्षिण अफ्रीका से अहमदाबाद के मैदान पर सुपर 8 में 76 रन से झेलनी पड़ी थी। वहीं न्यूजीलैंड ने फिन एलन के तूफानी शतक से कोलकाता में पिछली उपविजेता दक्षिण अफ्रीका को सेमीफाइनल में नौ विकेट से करारी शिकस्त देकर उसके हाथों ग्रुप मैच में अहमदाबाद में मिली सात विकेट की हार का हिसाब चुकता कर दूसरी बार फाइनल में स्थान बनाया है।

आईसीसी रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक टी 20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने निराश किया सात मैचों में मात्र एक अर्द्धशतक सहित कुल 89 रन बना और दुनिया के नंबर एक टी 20 गेंदबाज मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने मौजूदा संस्करण में भले ही भारत के लिए सबसे ज्यादा 13 विकेट चटकाए है। दरअसल वरुण चक्रवर्ती को सुपर 8 में वेस्ट इंडीज के बल्लेबाजों और सेमीफाइनल में शतक जड़ने इंग्लैंड के जैकब बैथल ने जिस तरह निशाना बनाया बनाया इन दोनों मैच में उन्होंने आठ ओवर में कुल 104 रन दे मात्र दो विकेट चटकाए वह चिंता का सबब जरूर है। बावजूद इसके कप्तान सूर्य और चीफ कोच गौतम गंभीर का दोनों यानी अभिषेक और वरुण पर भरोसा कायम है। इससे संदेश साफ है कि भारत फाइनल में भी अपनी पिछले दो मैचों की एकादश के साथ ही उतरेगा। साथ ही पिछले दो अहम मैचों में दो तूफानी अर्द्धशतक जड़ भारत को जिता मैन ऑफ द’ मैच रहे संजू सैमसन ने अभी भी अभिषेक शर्मा से जिस तरह फाइनल में बड़ी पारी खेलने की आस की बात की है उससे भी यह संकेत है कि भारत अपनी एकादश में कोई बदलाव नहीं करने जा रहा है। न्यूजीलैंड की कोशिश पॉवरप्ले में ही अपने ऑफ स्पिन ऑलराउंडर कॉल मैकॉनी व ग्लेन फिलिप्स तथा दो बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडरों कप्तान मिचेल सेंटनर व रचिन रवींद्र के जरिए भारत के शीर्ष व मध्यक्रम पर लगाने की होगी। भारत की खुशकिस्मती है कि उसके पास शीर्ष व मध्यक्रम में बाएं हाथ के शिवम दुबे, तिलक वर्मा व अक्षर पटेलके रूप स्पिनरों को ध्वस्त करने वाले बल्लेबाज हैं।

भारत के लिए मौजूदा सस्करण में इशान किशन 8 मैचों में दो अर्द्धशतकों सहित कुल 263 रन बना शीर्ष पर हैं जबकि, कप्तान सूर्य कुमार यादव एक अर्द्धशतक सहित कुल 242 रन बना दूसरे स्थान पर हैं। शिवम दुबे 8 मैचों एक अर्द्ध शतक सहित 209 रन , हार्दिक पांडया और तिलक वर्मा समान रूप से 199-199 रन ,संजू सैमसन चार मैचों में दो अर्द्धशतक सहित 232 रन और अभिषेक शर्मा सात मैचों में एक अर्द्धशतक सहित कुल 89 रन बनाए। अभिषेक शर्मा को अपनी शुरू से दे दनादन की शैली में कोई बदलाव किए बिना जोश के साथ फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ जोश के साथ जरा होश भी दिखाना होगा। न्यूजीलैंड के लिए बाएं हाथ के स्पिनर रचिन रवींद्र ने भले ही सबसे ज्यादा 11 विकेट, तेज गेंदबाज मैट हेनरी 8 मैचो में 9 विकेट, तेज गेंदबाज लॉकी फर्गुसन ने 7 मैच में 6 विकेट तथा ऑफ स्पिन ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने तीन विकेट, डफी 4 मैचो में तीन विकेट,मिचेल सेंटनर 2 विकेट चटकाए हैं।न्यूजीलैंड के लिए भले ही उसके कप्तान बाएं हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनर के हिस्से दो विकेट आए हैं लेकिन उन्होंने और अपने बच्चे के जन्म के बाद वापसी टीम से जुड़ने वाले तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने जिस तरह किफायती गेंदबाजी है भारतीय बल्लेबाजों के उनसे चौकस रहना होगा।

वहीं न्यूजीलैंड के लिए उसके सलामी बल्लेबाज फिन एलन सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तूफानी शतक और एक अर्द्धशतक जड़ने सहित सात मैचों में कुल 289 रन बना सबसे आगे तथा टिम सिरफिट तीन अर्द्धशतक सहित 274 रन बना दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल सहित जो चार मैच आसानी से जीते उनमें उसके एलन और सिरफिट की सलामी जोड़ी खूब चली है। ग्लेन फिलिप्स एक अर्द्धशतक सहित 176 रन, रचिन रवींद्र एक अर्द्धशतक सहित 128, मार्क चैपमैन 91 , कप्तान मिचेल सेंटनर सात मैचों में 77, डैरल मिचेल 63 रन बनाए हैं। दुनिया के नंबर एक गेंदबाज लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने 8 मैचों में भारत के लिए सबसे ज्यादा 13 विकेट, जसप्रीत बुमराह ने 7 मैचो में 10 विकेट, अर्शदीप सिंह ने 9 विकेट तथा बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल 6 मैचों में व हार्दिक 8 मैचों मे आठ आठ विकेट चटकाए हैं। भारत ने एलन व सिरफिट की सलामी जोड़ी को सस्ते में आउट कर दिया तो उसके फाइनल जीतने की राह आसान हो जाएगी।

एक नजर फाइनल तक के सफर पर
भारत का फाइनल तक का सफर

ग्रुप ए
भारत ने अमेरिका को मुंबई में 29 रन से हराया।
भारत ने नामीबिया को दिल्ली में 93 रन से हराया।
भारत ने पाकिस्तान को कोलंबो में 61 रन से हराया।
भारत ने नीदरलैंड को अहमदाबाद में 17 रन से हरा अजेय रह सुपर 8 में स्थान पाया।
सुपर 8 ग्रुप 1
भारत अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका से 76 से हारा।
भारत ने जिम्बाब्वे को चेन्नै में 72 रन से हराया।
भारत ने वेस्ट इंडीज को कोलकाता में पांच विकेट से हराया
सेमीफाइनल

भारत ने इंग्लैंड को मुंबई में सात रन से से हराया।

न्यूजीलैंड का फाइनल तक का सफर
ग्रुप डी
न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को चेन्नै में पांच विकेट से हराया।
न्यूजीलैंड ने यूएई को चेन्नै में दस विकेट से हराया।
न्यूजीलैंड अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका से सात विकेट से हारा।
न्यूजीलैंड ने कनाडा को चेन्नै में आठ विकेट से हरा सुपर 8 में स्थान पाया।
सुपर 8
न्यूजीलैंड और पाक का मैच कोलंबो में बारिश से धुल गया।
न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को कोलंबो में 61 रन से हराया।
न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड से कोलंबो में चार विकेट से हार गई।
सेमीफाइनल
न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को कोलकाता में नौ विकेट से हराया

भारत और न्यूजीलैंड अब तक टी 20 विश्व कपों में आमने सामने
भारत अब तक न्यूजीलैंड से टी20 क्रिकेट विश्व कप में तीन बार भिड़ा और तीनों बार उसे हार ही झेलनी पड़ी।
2007 : भारत जोहानिसबर्ग में ग्रुप मैच मौजूदा चीफ कोच गौतम गंभीर के अर्द्धशतक के बावजूद न्यूजीलैंड से 10 रन से हार गया लेकिन पहली बार खिताब जीतने में सफल रहा।
2016 : मौजूदा कप्तान मिचेल सेंटनर के गेंद से चौके से न्यूजीलैंड ने भारत को नागपुर में सुपर 10 मैच में 47 रन से हराया।
2021 :डैरल मिचेल के 49 रन की बदौलत न्यूजीलैंड ने सुपर 8 में दुबई में भारत को आठ विकेट से हराया पर पहली बार फाइनल में पहुंच ऑस्ट्रेलिया से आठ विकेट से हार गया।
फाइनल : भारत वि न्यूजीलैंड(अहमदाबाद, शाम 7 बजे) । रिजर्व डे भी उपलब्ध।