- भारत का सेमीफाइनल में इटली से आज मुकाबला
- भारत की रक्षापंक्ति को इटली के खिलाफ सेमीफाइनल में चौकस रहना होगा
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : नवनीत कौर की हैट्रिक से भारतीय टीम वेल्स को हैदराबाद में बुधवार रात 4-1 से हरा पूल बी में शीर्ष पर रह एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वॉलिफायर्स 2026 हैदराबाद के सेमीफाइनल में स्थान बना एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 में स्थान पक्का कर चुकी है। भारत का ध्यान अब पहले इटली को शुक्रवार को हरा फाइनल में स्थान बनाने के बाद के हैदराबाद में इसमें जीत के साथ विश्व कप क्वॉलिफायर्स खिताब जीतने पर है। भारत और स्कॉटलैंड दोनों के ही तीन तीन मैचों में दो दो जीत और एक एक ड्रॉ से समान रूप से सात सात अंक रहे लेकिन अपने बेहतर गोलअंतर के कारण मेजबान टीम पूल बी में शीर्ष पर रही। एफआईएच रैंकिंग में नौवें स्थान पर काबिज भारत ने दोनों विश्व कप क्वॉलिफाइंग टूर्नामेंट -सांतियागो (चिली) और हैदराबाद , तेलंगाना में शिरकत कर इसमें चौथे स्थान पर रहने वाली सर्वोच्च वरीयता प्राप्त होने के नाते महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वॉलिफाई कर लिया। एफआईएच महिला विश्व कप क्वॉलिफायर्स के सांतियागो(चिली) चरण में ऑस्ट्रेलियाव आयरलैंड ने शीर्ष तीन में रह कर सीधे महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई किया और वहां चौथे स्थान पर रही जापान की टीम एफआईएच महिला हॉकी विश्व रैंकिंग में 15 वें स्थान पर है।
भारत की कोशिश अब अपनी लय बनाए रख कर इटली पर शुक्रवार को जीत के साथ महिला विश्व कप क्वॉलिफायर्स के फाइनल में स्थान बनाने पर लगी है। भारत की नवनीत कौर चार में चार गोल कर मौजूदा टूर्नामेंट में गोल दागने में संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रही है। भारत को इटली पर जीत के साथ फाइनल में स्थान बनाना है तो उसकी रक्षापंक्ति मे गोलरक्षक बिच्छू देवी खरीबम और बांसुरी सोलंकी के साथ फुलबैक उदिता दुहान को और ज्यादा मुस्तैदी से अपने किल की चौकसी करनी होगी। 2012 से अब तक दोनों देशो में हुए सात मेचों में भारत पांच और इटली मात्र एक बार जीता है जबकि एक मैच ड्रॉ रहा है। इससे भारत को इटली के खिलाफ सेमीफाइनल में मनोवैज्ञानिक लाभ मिलेगा।
भारतीय महिला हॉकी टीम के चीफ कोच शुएर्ड मराइन ने कहा, ‘हमारे लिए पूल बी में सेमीफाइनल में स्थान बना महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वॉलिफाई करना एक बड़ी उपलब्धि है। हमारी खिलाड़ी जिस तरह खेली वह प्रशंसा की पात्र हैं। हमारी खिलाड़ियों ने पूल मैचों में अनुशासन, धैर्य दिखाने के साथ आक्रामक हॉकी की बानगी दिखाई
हमारी सोच एकदम साफ है हम महिला हॉकी विश्व कप क्वॉलिफायर्स से केवल विश्व कप के लिए क्वॉलिफाई करने नहीं आए हैं। हम मैच दर मैच अपना खेल बेहतर करना चाहते हैं और हमारा लक्ष्य महिला हॉकी विश्व का क्वॉलिफायर्स जीतना है। इटली के खिलाफ सेमीफाइनल एक और बड़ी चुनौती है और हम इसमें पूरी शिद्दत और जोश से खेलेंगे। इटली खासी कड़ी प्रतिस्पर्द्धी टीम है और उन्होंने दिखाया है कि वे किसी भी टीम को परेशानी में डाल सकते हैं। इटली के खिलाफहमारा ध्यान अपने स्ट्रक्चर पर काबिज रह पूरी उर्जा और विश्वास के साथ खेल अपनी योजना को अमली जामा पहनाने पर रहेगा।‘





