- कुल 32 खिलाड़ी नामित,27 मार्च को दिल्ली में दिए जाएंगे अवाडर्स
- पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 जीतने वाली भारतीय सी टीम को भी सम्मानित किया जाएगा
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : देश के बेहतरीन स्ट्राइकर अभिषेक व सुखजीत सिंह के साथ आक्रामक सेंटर हाफ हार्दिक सिंह को हॉकी इंडिया के आठवें सालाना अवाडर्स 2025 में दो -दो वर्ग में नामित किया गया है। 27 मार्च को यहां दिए जाने वाले हॉकी इंडिया सालाना अवाडर्स 2025 में आठ वर्गों मे छंटनी के बाद कुल 32 खिलाड़ियों को अंतिम सूची में नामित किया गया है। स्ट्राइकर अभिषेक और सुखजीत सिंह को हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सी.अवार्ड फॉर प्लेयर ऑफ द’ ईयर 2025 (पुरुष) व हॉकी इंडिया धनराज पिल्ले अवार्ड फॉर द फॉरवर्ड आफ द ईयर 2025 के लिए नामित किया गया है। वहीं आक्रामक मिडफील्डर हार्दिक सिंह को हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सी.अवार्ड फॉर प्लेयरऑफ द’ ईयर 2025 (पुरुष) और हॉकी इंडिया अजित पाल सिंह अवार्ड फॉर द मिडफील्डर ऑफ द’ ईयर 2025 के लिए नामित किया गया है।
हॉकी इंडिया सालाना अवाडर्स 2025 के सीजन में भारतीय हॉकी में उत्कृष्ट प्रदर्शन और योगदान के लिए दिए जाएंगे। हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ द’ ईयर अवार्ड शीर्ष पुरुष और महिला खिलाड़ियों को दिया जाने वाला सबसे बड़ा अवार्ड है। साथ ही हॉकी इंडिया साल के जुगराज सिंह (अंडर 21 ) उदीयमान पुरुष खिलाड़ी और हॉकी इंडिया असुंता लाकरा (अंडर 21) उदीयमान महिला खिलाड़ी का अवार्ड भी दिया जाएगा। इनके साथ ही हॉकी इंडिया धनराज पिल्लै अवार्ड फार द’ फॉरवर्ड ऑफ द’ ईयर,हॉकी इंडिया अजित पाल सिंह अवार्ड फॉर द मिडफील्डर,हॉकी इडिया बलजीत सिंह गोलकीपर ऑफ द ईयर , हॉकी इंडिया परगट सिंह डिफेंडर ऑफ द’ ईयर भी दिए जाएंगे। इन वर्गों के साथ ही उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए हॉकी इंडिया प्रेसिडेंट अवार्ड और बेशकीमती योगदान के लिए हॉकी इंडिया जमन लाल शर्मा अवॉर्ड दिया जाएगा। साथ ही अधिकारियों के योगदान के लिए हॉकी इंडिया अवार्ड फॉर अंपायर/अंपायर मैनेजर ऑफ द ईयर, हॉकी इंडिया प्रेसिडेंट अवार्ड फॉर द टेक्नीकल ऑफिशियल ऑफ द’ ईयर अृर बेस्ट मेंबर यूनिट अवार्ड भी दिए जाएंगे। राजगीर में हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में राजगीर में हीरो पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय सीनियर टीम तथा तमिलनाडु में एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप 2025 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम को इस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही 15 वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीतने वाली सदस्य इकाइयों की कामयाबियों के लिए उनके योगदान को भी सराहा जाएगा।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा, ‘हम भारतीय हॉकी के लिए सबसे अहम साल में प्रवेश कर चुके हैं। ऐसे में हमारे लिए बीते बरस हॉकी में बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों और उनके योगदानों को पहचानना अहम है। हॉकी इंडिया सालाना अवाडर्स उन खिलाड़ियों और अधिकारियों के समर्पण और उपलब्धियों को मान्यता देते हैं, जो भारतीय हॉकी के स्तर को लगातार ऊंचा उठाने में योगदान दे रहे हैं। हम उनके प्रयासों और भारतीय हॉकी की गई प्रगति का उत्सव मनाने को बेताब हैं।’
हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने कहा,‘ये अवाडर्स हॉकी से जुड़े हर किसी, जिनमें खिलाड़ी, कोच अधिकारी और सदस्य इकाइयां शामिल हैं, सभी के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है। इन सभी की प्रतिबद्धता ने भारत में हॉकी के इकोसिस्टम के मजबूत करने में अहम योगदान किया है। हमारी निगाहें साथ मिलकर हॉकी जगत की उपलब्धियों का जश्न मनाने पर लगी हैं।‘
आठवें हॉकी इंडिया सालाना अवाडर्स 2025 के लिए नामित :
हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सी.अवार्ड फॉर प्लेयरऑफ द’ ईयर 2025 (पुरुष)
हार्दिक सिंह, सुखजीत सिंह, संजय, अभिषेक ।
हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सी.अवार्ड फॉर प्लेयर ऑफ द’ ईयर 2025 (महिला)
नवनीत कौर, सलीमा टेटे, ललरेमसियामी,सविता।
हॉकी इंडिया धनराज पिल्ले अवार्ड फॉर द फॉरवर्ड आफ द ईयर 2025
सुखजीत सिंह, अभिषेक, नवनीत कौर, शिलानंद लाकरा।
हॉकी इंडिया बलजीत सिंह अवार्ड फॉर द गोलकीपर ऑफ द’ ईयर 2025
प्रिंस दीप सिंह, कृष्ण बहादुर पाठक, बिच्छू देवी खरीबम, सूरज करकेरा।
हॉकी इंडिया परगट सिंह सी.अवार्ड फॉर प्लेयर ऑफ द’ ईयर 2025 (पुरुष)
हरमनप्रीत सिंह, संजय, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह।
हॉकी इंडिया अजित पाल सिंह अवार्ड फॉर द मिडफील्डर ऑफ द’ ईयर 2025
हार्दिक सिंह, सुमित, राज कुमार पाल , नीलकांत शर्मा।
हॉकी इंडिया असुंता लाकरा अवार्ड फॉर अपकमिंग प्लेयर ऑफ द’ ईयर 2025(महिला अंडर 21)
साक्षी राणा, ज्योति सिंह, सुनीलिता टोपो, कनिका सिवाच।
हॉकी इंडिया जुगराज सिंह अवार्ड फॉर अपकमिंग प्लेयर ऑफ द’ ईयर 2025(पुरुष अंडर 21)
प्रिंस दीप सिंह, मनमीत सिंह, अनमोल एक्का, अर्शदीप सिंह।





