श्रेयस अय्यर की अगुआई में पंजाब किंग्स का आईपीएल 2026 में खिताब दावा मजबूत

Punjab Kings, led by Shreyas Iyer, have a strong claim to the title in IPL 2026

पंजाब किंग्स की ताकत हैं प्रियांश व प्रभसिमरन की सलामी जोड़ी, कप्तान श्रेयस अय्यर व युजवेंद्र चहल

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : पंजाब किंग्स पिछले सीजन में 14 में नौ मैच जीत लीग में शीर्ष पर रह कर दूसरी बार फाइनल में पहुंचने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) से हार कर आईपीएल 2025 में खिताब जीतने से चूक गई थी। कप्तान धुरंधर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर और हेड कोच रिकी पॉन्टिंग की जुगल जोड़ी के मार्गदर्शन में पंजाब किंग्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में खिताब की मजबूत दावेदार के रूप में उतरेगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि नए आईपीएल सीजन के शुरू होने से पहले चीफ कोच रिकी पॉन्टिंग का पंजाब किंग्स के अधिकारियों के साथ किया हवन और यज्ञ क्या उसकी खिताब जीतने की अधूरी हसरत को इस बार पूरा करने में मददगार साबित होगा। टीम संयोजन के लिहाज से पंजाब किंग्स खासी संतुलित है और इस बार खिताब जीतने को बेताब है। श्रेयस अय्यर ने पिछले पांच सीजन में तीन अलग अलग टीमों-दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और पंजाब किंग्स के रूप में बतौर कप्तान फाइनल में जरूर पहुंचाया लेकिन आखिरी बाधा यानी फाइनल में आकर बराबर चूकते रहे हैं। श्रेयस इस सिलसिले को तोड़ इस बार पंजाब किंग्स को खिताब जिताने को बेताब होंगे। पंजाब किंग्स अपने अभियान का आगाज गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपने घरेलू न्यू चंडीगढ़ में 31 मार्च को मैच खेल करने के बाद 3 अप्रैल को सीएसके से चेन्नै, 6 अप्रैल को केकेआर से कोलकाता में भिड़ने के वापस चौथा मैच सनराइजर्स हैदराबाद से अपने घर न्यू चंडीगढ़ में 11 अप्रैल को खेलेगी। पंजाब किंग्स ने पिछले सीजन के अपने 21 खिलाड़ियों को बरकरार रखने के साथ मात्र ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल और जोश इंग्लिश सहित चार खिलाड़ियों को ही रिलीज किया था। आईपीएल 2026 की नीलामी में पंजाब किंग्स ने ऑस्ट्रेलियाई आक्रामक बल्लेबाज व स्पिन ऑलराउंडर कूपर कोनोली और मिचेल ओवन को अपनी टीम से जोड़ा है। अपने बच्चे के जन्म के कारण न्यूजीलैंड के लॉकी फर्गुसन जरूर उसे सीजन के शुरुआती मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। पंजाब किंग्स की ताकत प्रियांश आर्य व प्रभसिमरन की सलामी जोड़ी के साथ खुद कप्तान श्रेयस अय्यर व युजवेंद्र चहल हैं।

पंजाब किंग्स शुरू से कागजों पर तो हमेशा से मजबूत टीम दिखी है लेकिन उम्मीदों को हकीकत में बदलने से जरूर चूकती रही है। 2025 आईपीएल में पंजाब किंग्स फाइनल में पहुंच बहुत हद तक कसौटी पर खरी उतरी थी। अपने शीर्ष क्रम में सात में केवल तीन अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद घरेलू अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों के बूते ही पंजाब किंग्स ने दमदार प्रदर्शन किया है। श्रेयस अय्यर ने 2025 आईपीएल में 175.05 की स्ट्राइक रेट से छह अर्द्धशतकों सहित 604 रन बनाए थे। दिल्ली कैपिटल्स के भी खेलते हुए शार्ट पिच गेंदबाजी को श्रेयस की कमजोरी माना जाता था लेकिन पॉन्टिंग के साथ पिछले सीजन में शॉर्ट पिच गेंदबाजी के खिलाफ खेलने की अपनी कमजोरी को दूर करने ने श्रेयस ने बहुत मेहनत की और यह उनकी बल्लेबाजी में दिखा भी। श्रेयस पंजाब किंग्स की शशांक सिंह के साथ पंजाब किंग्स के मध्यक्रम की सबसे बड़ी ताकत है। पंजाब किंग्स अपनी शुरू से दे दनादन की शैली में खेलने के लिए किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है।

पंजाब किंग्स के पास प्रियांश और प्रभसिमरन की विस्फोटक सलामी जोड़ी के साथ मार्को येनसन के रूप में आठवें नंबर पर दे दनादन कर कुछेक गेंदों में मैच की तस्वीर बदलने का दम रखने वाले खिलाड़ी हैं।

आईपीएल2025 में 17-17 मैचों में पंजाब किंग्स के लिए प्रियांश आर्य (475 रन, एक शतक, दो अर्द्धशतक) और प्रभसिमरन सिंह (549 रन, चार अर्द्धशतक ) की सलामी जोड़ी ने मिल कर पंजाब किंग्स के लिए मिलकर 1024 रन बनाए थे। पंजाब किंग्स के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि उसके पास अपने लगभग हर खिलाड़ी का एक अच्छा विकल्प भी मौजूद हैं।

पंजाब किंग्स के लिए अच्छी बात यह है कि उसके कप्तान श्रेयस अय्यर आईपीएल 2026 में अब शराब को अलविदा कहने वाले लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल पूरी चुस्ती फुर्ती के साथ अपना पूरा ध्यान उसे खिताब जिताने पर लगा रहे हैं। श्रेयस ने मौजूदा सीजन से पहले कहा भी है कि उनका पूरा फोकस इस बार पंजाब किंग्स को आईपीएल खिताब जिताने पर है। बीते बरस पंजाब किंग्स के फाइनल में आरसीबी से हारने का कारण हेड कोच पॉन्टिंग ने मध्यक्रम में अनुभवी बल्लेबाजों की कमी को बताया था। आईपएल 2026 में कप्तान श्रेयस, नेहाल वढेरा, शाशांक सिंह, मिचेल ओवन, मरकस स्टोइनस के साथ निचले क्रम में मार्को येनसन की मौजूदगी में इस बार उसका मध्यक्रम खासा मजबूत दिखाई है। साथ ही अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई के रूप में गेंद और बल्ले से अपने दम हारी बाजी जिताने का दम रखने वाला ऑलराउंडर पंजाब किंग्स की बड़ी ताकत है। 2024 और 2025 आईपीएल में पंजाब किंग्स ने अपने घर से बाहर 12 मैच जीते व आठ हारे। पंजाब किंग्स के प्रियांश और प्रभसिमरन की सलामी जोड़ी बीते आईपीएल सीजन में खासी कामयाब रहने के बाद इक्का दुक्का पारियों को छोड़ कर इस साल घरेलू क्रिकेट में रनों के लिए जूझती दिखी। पंजाब किंग्स के उसके भारतीय घरेलू बल्लेबाज नेहाल वढेरा, शाशांक सिंह और सूर्याश शेडगे का बल्ला इस साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनका बल्ला नही बोला।

पंजाब किंग्स की गेंदबाजी भारत को आईसीसी टी 20 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, दक्षिण अफ्रीका के मार्को येनसन, मरकस स्टोइनस व जेवियर बार्टलेट व ओमरजई, विजय कुमार व्यस्क व यश ठाकुर की मौजूदगी में खासी मजबूत दिखाई देती है। साथ ही अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल, बाएं हाथ के हरप्रीत बराड़, ऑस्ट्रेलिय के कूपर कॉनोली व भारत प्रवीण दुबे और विशाल निषाद की मौजूदगी में खासी विविधतापूर्ण दिखाई देती है। यही पजाब किंग्स की चिंता है लेकिन चतुर उस्ताद पॉन्टिंग और बड़े जिगरे वाले कप्तान श्रेयस की अगुआई में वह इस सबसे पार पाने का दम रखती है।