श्रम की थकी हथेलियों से उठता प्रतिरोध: औद्योगिक भारत का नया अध्याय

Resistance Rising from the Weary Palms of Labor: A New Chapter in Industrial India

प्रो. आरके जैन “अरिजीत”

औद्योगिक शहर की चमक-दमक के पीछे दबा असंतोष 13 अप्रैल 2026 को अचानक उभर आया, जब नोएडा के कारखाना क्षेत्रों से उठते धुएँ ने भीतर सुलग रही नाराज़गी को साफ तौर पर सामने ला दिया। फेज-2 और सेक्टर-62 की सड़कों पर उतरे मजदूरों का आक्रोश यह बता रहा था कि अब उनकी पीड़ा अब शिकायत भर नहीं, बल्कि प्रतिरोध का रूप ले चुकी है। पत्थरों की गूंज, जलती गाड़ियों की लपटें और पुलिस की सख्ती के बीच एक ही सवाल बार-बार उठता रहा—कब तक मजदूर अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करता रहेगा? यह विस्फोट दरअसल किसी एक क्षण की उपज नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही आर्थिक उपेक्षा और नीतिगत अनदेखी का परिणाम है।

आक्रोश की जड़ में वेतन असमानता की वही चिंगारी थी, जिसने हालात को भड़काने में अहम भूमिका निभाई। हरियाणा में 35 प्रतिशत वेतन वृद्धि के फैसले ने वहाँ के मजदूरों को राहत दी, लेकिन नोएडा के श्रमिकों के लिए यही तुलना एक गहरे असंतोष में बदल गई। समान कार्य करने वालों के बीच इतना बड़ा वेतन अंतर न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि यह उनकी गरिमा पर भी सीधा आघात करता है। जब एक राज्य में मजदूर सम्मान के साथ जीवन यापन कर सकता है और दूसरे में वही मजदूर बुनियादी जरूरतों के लिए जूझता है, तो यह केवल आर्थिक फर्क नहीं, बल्कि सामाजिक असंतुलन की स्पष्ट तस्वीर भी पेश करता है।

जीवनयापन की बढ़ती लागत ने मजदूरों की हालत को और अधिक संकटपूर्ण बना दिया है। महंगाई के लगातार बढ़ते असर ने रसोई से लेकर किराए तक हर खर्च को लगभग दोगुना कर दिया है। ऐसे में कई साधारण मजदूरों के लिए 12,000 से 15,000 रुपये मासिक वेतन में पूरे परिवार का गुजारा करना आज लगभग नामुमकिन हो गया है। जब रोजमर्रा की बुनियादी जरूरतें ही पूरी नहीं हो पातीं, तो भविष्य के बारे में सोचना भी कठिन हो जाता है। यही बढ़ता दबाव धीरे-धीरे असंतोष को जन्म देता है, जो आखिरकार सड़कों पर आक्रोश के रूप में सामने आता है।

श्रमिकों पर बढ़ता शोषण इस संकट को और भी तीखा बना देता है। ओवरटाइम का वाजिब भुगतान न मिलना, साप्ताहिक अवकाश से वंचित रहना, स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव और ठेकेदारी व्यवस्था का दबाव—ये सब मिलकर मजदूरों को ऐसे दायरे में कैद कर देते हैं, जहां से बाहर निकलना बेहद कठिन हो जाता है। यही मेहनतकश हाथ देश की अर्थव्यवस्था को गति देते हैं, लेकिन विडंबना यह है कि सबसे कम सुरक्षा और सम्मान भी इन्हीं के हिस्से आता है। जब श्रम का उचित मूल्य नहीं मिलता, तो असंतोष का फूट पड़ना स्वाभाविक ही है।

मजदूरों की आवाज़ केवल वेतन वृद्धि तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके अधिकारों और सम्मान से जुड़ी रही। उन्होंने न्यूनतम वेतन 18,000–20,000 रुपये करने, 12 घंटे की शिफ्ट की जगह 8 घंटे का कार्य समय लागू करने, समय पर बोनस और महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार की मांग की। कई कारखानों में वेतन पर्ची न देना, मनमानी कटौती और असुरक्षित कार्य परिस्थितियाँ सामने आती रहीं। कई मजदूरों ने महिलाओं के साथ उत्पीड़न और सुरक्षा की कमी की शिकायतें भी उठाईं, साथ ही अलग शिकायत समिति और सुरक्षित कार्य वातावरण की मांग की। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में छोटी बीमारियाँ भी गंभीर समस्या बन जाती हैं। यही लंबे समय से दबी हुई माँगें आखिरकार सड़क पर उबल पड़ीं।

उग्र हिंसा इस असंतोष की चरम अभिव्यक्ति हो सकती है, लेकिन यह किसी भी समस्या का समाधान नहीं बन सकती। नोएडा में हुई आगजनी और तोड़फोड़ ने यह स्पष्ट कर दिया कि जब संवाद के रास्ते बंद हो जाते हैं, तो हालात तेजी से नियंत्रण से बाहर हो जाते हैं। इस हिंसा ने न केवल सरकारी और निजी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया, बल्कि आम नागरिकों के जीवन को भी प्रभावित किया और उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ऐसे में जरूरी है कि विरोध की ऊर्जा को रचनात्मक दिशा दी जाए और संवाद को प्राथमिकता दी जाए।

घटनाक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी प्रतिक्रिया अभी भी अपनी सीमाओं में बंधी हुई है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित उपाय—जैसे साप्ताहिक अवकाश, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान और स्वास्थ्य सुविधाएं—सकारात्मक जरूर हैं, पर वे समस्या की जड़ को नहीं छूते। न्यूनतम वेतन में वृद्धि की अनदेखी यह दर्शाती है कि सरकार अब भी मूल कारणों तक पहुंचने में पीछे है। जब तक मजदूरों की आय और उनके बढ़ते खर्चों के बीच संतुलन स्थापित नहीं होगा, तब तक ये प्रयास केवल अस्थायी राहत तक ही सीमित रहेंगे, स्थायी समाधान नहीं बन पाएंगे।

तेजी से बदलते हालात यह संकेत दे रहे हैं कि समस्या अब स्थानीय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर फैल चुकी है। देशभर के कई औद्योगिक क्षेत्रों (विशेषकर गुरुग्राम-मानेसर, सूरत, अलवर आदि) में मजदूर असंतोष बढ़ रहा है। यह स्थिति दर्शाती है कि देशभर में श्रम नीतियों की कमियां अब खुलकर सामने आ रही हैं। राज्यों के बीच वेतन असमानता और कमजोर कानून व्यवस्था ने इस संकट को और गहरा बना दिया है। यदि समय रहते इस पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो यह असंतोष आगे चलकर गंभीर सामाजिक और आर्थिक संकट में बदल सकता है।

वक्त की मांग है कि अब समाधान की दिशा में ठोस और दूरगामी कदम उठाए जाएं। राष्ट्रीय स्तर पर न्यूनतम वेतन में एकरूपता, महंगाई से जुड़ी स्वचालित वेतन वृद्धि व्यवस्था, ठेकेदारी प्रथा में सुधार और श्रमिकों के लिए सशक्त सुरक्षा तंत्र का निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है। साथ ही, सरकार, उद्योग और मजदूरों के बीच प्रभावी संवाद की व्यवस्था विकसित करना भी अनिवार्य है। नोएडा की घटना एक चेतावनी के रूप में सामने आई है—यदि इसे नजरअंदाज किया गया, तो यह चिंगारी बड़े औद्योगिक संकट में बदल सकती है। मजदूरों की आवाज को समझना और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करना ही सच्चे और संतुलित विकास का आधार है।