गुजरात टाइटंस जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने को बेताब, केकेआर को पहली जीत की तलाश

Gujarat Titans eager to extend their winning streak, KKR looking for their first win

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : अपने कप्तान सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और रंग में लौट चुके अंग्रेज बल्लेबाज जोस बटलर के लगातार दो अर्द्धशतकों की बदौलत अपने पिछले दोनों मैच जीत चुकी छठे स्थान पर चल रही गुजरात टाइटंस अब दसवें व आखिरी स्थान पर चल रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को अहमदाबाद में शुक्रवार को हरा जीत की हैट्रिक के साथ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अंक तालिका में अपनी स्थिति बेहतर करने के मकसद से उतरेगी। दुनिया का सबसे बड़ा नरेन्द्र मोदी स्टेडियम गुजरात टाइटंस का घरेलू मैदान और उसका मजबूत गढ़ है। गुजरात टाइटंस चार मैचों में दो जीत और दो हार के साथ चार अंक ले छठे स्थान पर है। केकेआर का पांच मैचों में चार हार और पंजाब किंग्स से एक मैच बारिश से धुलने पर मात्र एक अंक है। गुजरात टाइटंस जहां अपनी जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने को बेताब है वहीं केकेआर को अपनी पहली जीत की तलाश है। गुजरात टाइटंस ने केकेआर से पिछले पांच में तीन मैच जीते हैं एक हारा और एक बारिश के चलते बेनतीजा अूधरा खत्म हुआ है। दोनों टीमों के बीच पिछले पांच में से चार मैच बेहद संघर्षपूर्ण रहे हैं और ऐसे में दोनों के बीच शुक्रवार को अच्छे मुकाबले की उम्मीद की जा सकती है।। गुजरात टाइटंस के लंबे कद के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा रफ्तार के साथ धार दिखाकर अब तक चार मैचों में सबसे ज्यादा दस विकेट चटका कर शीर्ष पर होने के साथ पर्पल कैप पर कब्जा जमाए हैं।

गुजरात टाइटंस के प्रसिद्ध कृष्णा अपनी अचानक उछाल और रफ्तार तथा अपनी रंगत पा चुके लेग स्पिनर राशिद खान (पांच विकेट) केकेआर के शीर्ष क्रम मे कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन की सलामी जोड़ी के साथ अंगकृष रघुवंशी, सबसे महंगे कैमरून ग्रीन और मध्यक्रम में रिंकू सिह को सस्ते में आउट कर अपनी टीम की जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने की आस कर रहे हैं। तीन बार चैंपियन रही केकेआर के पांच मैचों के बाद फिसड्डी रहने से उसके चीफ अभिषेक नायर और कप्तान अजिंक्य रहाणे की मौजूदा आईपीएल में रणनीति पर सवाल उठ रहे हैं। केकेआर को चोट के चलते अपने तुरुप के तेज गेंदबाज हर्षित राणा का पूरे मौजूदा सीजन से बाहर रहना और कैमरून ग्रीन के दिशा निर्देश पर शुरू के तीन मैचों मे गेंदबाजी न करने से उसकी गेंदबाजी शुरू से ही एकदम बेदम नजर आई। केकेआर इसी के चलते पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 220 रन के पहाड़ के स्कोर का बचाव नहीं कर पाई। केकेआर के सबसे अनुभवी मिस्ट्री स्पिनर वेस्ट इंडीज के सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती का पूरी तरह फिट न होने पर अपनी रंगत पाने को जूझना बड़ा झटका है। सुनील नारायण मात्र चार मैचों में मात्र तीन विकेट ही चटका पाए हैं जबकि वरुण चक्रवर्ती दो मैच खेल उसमें विकेट को तरस गए। केकेआर इसी के चलते पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 220 रन के पहाड़ के स्कोर का बचाव नहीं कर पाई। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मतीशा पथिराना टी 20 विश्व कप में आई चोट के बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से अब एनओसी पाने के बाद बहुत उम्मीद है वह केकेआर को गुजरात टाइटंस को शुक्रवार के मैच के उपलब्ध हों। केकेआर के चीफ कोच अभिषेक नायर अपने नामी खिलाड़ियों के रंग में न होने के बावजूद न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र व सलामी बल्लेबाज टिम सिरफिट के साथ राहुल त्रिपाठी को अब तक न आजमाना किसी की भी समझ से परे है।

गुजरात टाइटंस अपने घर अहमदाबाद में अपने कप्तान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में राजस्थान रॉयल्स के 210 रन के जवाब में 204 रन बना मात्र छह रन और पंजाब किंग्स से उसके घर में पहले मैच में पांच गेंद के बाकी रहते छह रन से हारी। अपने कप्तान शुभमन गिल , जोस बटलर और वाशिंगटन सुंदर के अर्द्धशतकों और लेग स्पिनर राशिद खान (3/17) के बुने स्पिन के जाल से गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को दिल्ली में मौजूदा संस्करण के सांस रोक देने वाले मैच में मात्र एक रन से और कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर के अर्द्धशतकों और तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा (4/28)के गेंद से कहर से लखनउ में लखनउ सुपर जायंटस को सात विकेट से हराया। वहीं केकेआर की हार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है और मुंबई इंडियंस से मुंबई में छह विकेट से तथा कोलकाता में एसआरएच को 65 रन से तथा लखनउ सुपर जायंटस से आखिरी गेंद पर पांच विकेट तथा चेन्नै सुपर किंग्स से उसके घर में 32 रन से हार झेलनी पड़ी।

गुजरात टाइटंस के शुरू के चार मैचों में जोस बटलर (176रन) ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं जबकि कप्तान शुभमन गिल ( 165 रन )उनसे एक मैच कम खेल कर उनकी तरह दो अर्द्धशतक जड़ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं साई सुदर्शन (103 रन) और वाशिंगटन सुंदर (98 रन) ने एक एक अर्द्धशतक जड़ा है। गुजरात टाइटंस की चिंता ग्लेन फिलिप्स (42 रन) राहुल तेवतिया (34 रन) का अब तक रंगत पाने के लिए जूझना है। केकेआर के लिए पांच मैचों में वैभव अरोड़ा (6 विकेट), तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी (5 विकेट), अनुकूल रॉय (4 विकेट) , सुनील नारायण(तीन विकेट) में विकेट जरूर चटकाए हैं लेकिन एक गेंदबाजी इकाई के रूप में दमदार प्रदर्शन करने में नाकाम रहने के कारण अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम बनाए हैं।

वहीं केकेआर के लिए पांच मैचों में शीर्ष क्रम के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी (182 रन) दो अर्द्ध शतक, कप्तान अजिंक्य रहाणे ( 152 रन) ने एक अर्द्धशतक जड़ा जबकि कैमरून ग्रीन (कुल 56 रन ), रिंकू सिंह (78 रन) रनों के लिए जूझते नजर आए हैं। गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्ण (दस विकेट),लेग स्पिनर राशिद खान (5 विकेट) , रफ्तार के नए सौदागर अशोक शर्मा (4 विकेट), अनुभवी कसिगो रबाड़ा (4 विकेट) व मोहम्मद सिराज(3 विकेट), वाशिंगटन सुंदर (1 विकेट) के सामने केकेआर के बल्लेबाजों के लिए बड़ा स्कोर बनाना मुश्किल चुनौती रहेगा।गुजरात टाइटंस यदि बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही तो केकेआर के लिए उसके पार पहुंचना टेढ़ी खीर साबित रहने वाला है।

पॉवरप्ले में प्रभावी गेंदबाजी करना शानदार रहा : शुभमन गिल
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा,‘ पॉवरप्ले में प्रभावी गेंदबाजी और बीच के ओवरों में दबाव बनाना शानदार था। लेग स्पिनर राशिद खान फिलहाल बढ़िया गेंदबाजी कर मेरा काम आसान कर दिया। दूसरा गेंदबाज जब भी दबाव में हुआ तो राशिद ने बढ़िया गेंदबाजी की । तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने लखनउ के खिलाफ बढ़िया गेंदबाजी कर हमारी मैच में वापसी कराई। भले ही कसिगो रबाड़ा की धुनाई हुई लेकिन उन्होंने सही टप्पे पर गेंद की। लखनउ की पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। मेरा मानना है कि पारी के आखिर में हमने कुछ ज्यादा रन दे दिए। मैं और जोस बटलर के लगातार दो मैचों में अर्द्ध शतक जड़ रंगत पाने से खुश हैं।’

जरूरत सकारात्मक रहने और सिर उंचा रखने की : रहाणे
केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, ‘हमने बढ़िया गेंदबाजी और इस विकेट पर 190 रन खासा बढ़िया स्कोर था। सीएसके के तेज आगाज के बाद उसे 190 रन पर रोकना अच्छा रहा। पॉवरप्ले में हमारा 36-37 रन बनाना खासा अहम रहा। जरूरत हमारे एक बल्लेबाज को आखिरी तक खेलने की थी। सीएसके खिलाफ मैच का संयोजन पिछले मैच से बेहतर रहा।जब नतीजा आपके हक में नहीं जाता है तो तब आप संयोजन की बाबत सोचते हैं। जरूरत सकारात्मक रहने और सिर उंचा रखने की है। नौजवान तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने वाकई बढ़िया गेंदबाजी की और वह जिस रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे हैं वह शानदार है। कार्तिक मैच दर मैच बेहतर बतौर गेंदबाज अपना कौशल बेहतर कर रहे हैं। बल्लेबाजों के लिए लंबे छक्के जड़ना आसान नहीं होता है। दोनों टीमों के स्पिनरों ने वाकई बढ़िया गेंदबाजी की। हमें सकारात्मक रह कर अपना हौसला और आत्मविश्वास बनाए रखना होगा।’