प्रियांश आर्य,प्रभसिमरन व कप्तान श्रेयस के रूप में मजबूत है पंजाब का शीर्षक्रम
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल की अगुआई वाली मेजबान दिल्ली कैपिटल्स के सामने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में बिंदास अंदाज में खेल रही अजेय पंजाब किंग्स के विजयरथ को यहां शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में रोक कर आईपीएल 2026 में जीत की राह पर लौटने की मुश्किल चुनौती है। तीन अर्द्बशतक जड़ने वाले श्रेयस अय्यर के बतौर कप्तान अनुकरणीय खेल की बदौलत पंजाब किंग्स पांच जीत और केकेआर के खिलाफ मैच बारिश के चलते अधूरा बेनतीजा खत्म होने के चलते छह मैचों से 11 अंकों के साथ शीर्ष पर है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स छह मैचों में तीन जीत और तीन हार के साथ छह अंकों के साथ छठे स्थान पर है। पंजाब किंग्स बल्लेबाजी और गेंदबाजी इकाई के रूप जितनी संतुलित दिखाई दे रही है उसके मद्देनजर दिल्ली कैपिटल्स के लिए उसे रोकना खास मुश्किल रहने वाला है। हालांकि दोनों टीमों के बीच पिछले पांच मैच में से तीन दिल्ली कैपिटल्स ने मात्र दो पंजाब किंग्स ने जीते है। शनिवार को दोनों टीमें दोपहर बाद खेलेंगी और ऐसे में ऐसे में टॉस बहुत ज्यादा फर्क नहीं डालने वाला है। एक बात जरूर है कि पिच धीमी रह सकती है लेकिन पंजाब के लिए खेलने वाले उसके विस्फोटक सलामी बल्लेबाज बल्लेबाज प्रियांश आर्य को कोई बहुत फर्क नहीं पड़ने वाला है क्योंकि वह रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के लिए ही इसी अरुण जेटली मैदान पर खेलते हैं और इसकी पिच के मिजाज से वाकिफ हैं।
दिलचस्प बात यह है कि न तो पंजाब किंग्स के किसी बल्लेबाज के सिर पर सबसे ज्यादा रन बना ऑरेंज कैप और न ही उसके किसी गेंदबाज ने सबसे ज्यादा विकेट पर्पल कैप अपने सिर सजाई है। पंजाब किंग्स ने 200 या इससे बड़ा स्कोर खड़ा करने के साथ इसका कामयाबी से पीछा कर दिखाया है कि उसके बल्लेबाज पिच के मिजाज की बजाय अपनी ताकत पर भरोसा करते हैं। श्रेयस अय्यर की कप्तानी पंजाब किंग्स अपने चीफ कोच रिकी पॉन्टिंग की हौसलाअफजाई के बिंदास बल्लेबाजी कर अब तक प्रति्द्वंद्वी गेंदबाजों को पस्त करने में कामयाब रहे हैं। दिल्ली केपिटल्स को अभी भी दुनिया के शीर्ष तेज गेंदबाजों में एक ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क की कमी बतौर तेज गेंदबाज अभी भी अखर ही रही है। पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एचआरएच) के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अपने घर हैदराबाद में जिस तरह अपने दे दनादन अंदाज में मुकेश कुमार, टी नटराजन और लुंगी एंगिडी जैसे तेज गेंदबाजों के साथ खुद कप्तान अक्षर पटेल, कुलदीप यादव की धुनाई कर मात्र 68 गेंद खेल दस छक्कों और दस चौकों की मदद से 135 रन की तूफानी पारी खेल कर अपनी टीम को 47 रन से जिताया तो तब दिल्ली कैपिटल्स को मिचेल स्टार्क खूब याद आए। मौजूदा सीजन मे दिल्ली कैपिटल्स लखनउ में लखनउ सुपर जायंटस और मुंबई इंडियंस को दिल्ली में छह विकेट के समान अंतर से हरा आगाज किया लेकिन फिर अगले दो मैचो में गुजरात टाइटंस से अहमदाबाद में एक रन और सीएसके से उसके घर में 23 रन से हारी लेकिन अगले मैच में उसने आरसीबी को बेहद रोमांचक मैच में बेंगलुरू में छह विकेट से शिकस्त दी।
शुरू के छह मैचों में दो दो अर्द्धशतक जड़ने वाले प्रियांश आर्य(211 रन) और प्रभसिमरन सिंह (211 रन) की मौजूदा सीजन की सबसे कामयाब सलामी जोड़ी के साथ कोनोर कॉनोली (223 रन)और श्रेस अय्यर (208 रन) की मौजूदगी में पंजाब किंग्स के पास एक बेहद मजबूत शीर्ष क्रम है। मरकस स्टोइनस और मार्को येनसन जैसे ऑलराउंडर उसे बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में पर्याप्त विकल्प देते हैं। दिल्ली कैपिटल्स के लिए शुरू के छह मैचों में चतुर तेज गेदबाज लुंगी एंगिडी(7 विकेट), मुकेश कुमार ( 5 विकेट), टी नटराजन(4 विकेट) की त्रिमूर्ति के साथ कप्तान अक्षर पटेल (छह विकेट), टी नटराजन (4 विकेट),बाएं हाथ के लेग स्पिनर (5 विकेट), अक्षर पटेल (छह विकेट) और विपराज निगम (एक विकेट) की चौकड़ी एक गेंदबाज इकाई के रूप में जूझती ही नजर आई है। पंजाब के प्रियांश और प्रभसिमरन की सलामी जोड़ी पूरा लाभ उठाने की कोशिश कर दिल्ली कैपिटल्स को पॉवर प्ले में उसी तरह पस्त करने की उसकी जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी जिस तरह एसआरएच के अभिषेक शर्मा ने हैदराबाद में पिछले मैच में किया था। दिल्ली कैपिटल्स के लिए शुरू के छह मैचों में समीर रिजवी (209 रन), अनुभवी केएल राहुल ( 205 रन), ट्रस्टन स्टब्ज (196 रन) ने दो दो अर्द्धशतक जमाए जबकि पथुम निसंका (136 रन) और डेविड मिलर (101 रन) ने बढ़िया आगाज जरूर किया, लेकिन अब तक कोई अर्द्धशतक नहीं जमा पाए हैं।
शीर्ष क्रम में नीतिश राणा ( कुल 77 रन ) का मात्र एक अर्द्धशतक जमाना और रनों के लिए जूझना दिल्ली कैपिटल्स को बुरी तरह अखर रहा है। दिल्ली के लिए मेरठ के नौजवान बल्लेबाज समीर रिजवी ने शुरू के दो मैचों में जिस तरह तूफानी बल्लेबाजी कर उसे जीत दिलाई थी लेकिन इसके बाद वह राह क्या भटके दिल्ली की गाड़ी भी पटरी से उतर गई। दिल्ली कैपिटल्स को जीत की राह पर वापस लौटना है तो उसके सदाबहार बल्लेबाज केएल राहुल, निसंका, और समीर रिजवी को पंजाब किग्स के बाएं हाथ के अनुभवी तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (छह विकेट), वैशाख विजय कुमार (6 विकेट), मार्को येनसन (5 विकेट) और जेवियर बार्टलेट(4 विकेट) के रूप में विविधतापूर्ण तेज गेंदबाजी के साथ सदाबहार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (चार विकेट) के सामने पूरी तरह चौकस रह कर बल्लेबाजी करनी होगी।
हमारी कैचिंग और फील्डिंग बेहतर हो सकती थी : अक्षर पटेल
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा,‘ सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में हमारे गेंदबाज योजना को अमली जामा नहीं पहना पाए। आप यदि अपनी योजना को अमली जामा नहीं पहना पाते तो फिर आप ज्यादा बहुत कुछ नहीं कर पाते हैं। हमारी कैचिंग और फील्डिंग बेहतर हो सकती थी। हमें अपनी ढीली कैचिंग और फील्डिंग भारी पारी पड़ी।’
हमने अपने खिलाड़ियों को बिंदास खेलने की आजादी दी है: श्रेयस अय्यर
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, ‘प्रियांश आर्य और कोनाली की भागीदारी गजब की रही और कुछ शॉट तो वाकई दर्शनीय थे। तेज गेंदबाजों को बैकफुट पर सीधा छक्का जड़ना विलक्षण था। बीच के ओवरों में इन दोनों ने जो धैर्य दिखाया उसे बयां नहीं कर सकता। मैं प्रियांश आर्य और कूपर से बात कर यही कह रहा था चले हममें अब सबसे अधिक छक्के जड़ने के लिए मुकाबला हो जाए। हमारे ये दोनों नौजवान बल्लेबाज इसके लिए तैयार हैं। आप जब अपने खिलाड़ियों को उसके मनमुताबिक खेलने की आजादी देते हैं तो तब वे बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं। हमने अपने खिलाड़ियों को बिंदास खेलने की आजादी दी है। मैं अपने खिलाड़ियों को वे अपनी किसी पारी विशेष में कैसे खेले और हमारे खिलाड़ियों का अपना खेलने का तय पैटर्न है। मैच से पहले से हमारे चीफ कोच रिकी पॉन्टिंग ने हमारी हौसला अफजाई की। हमारी टीम में ज्यादातर खासे अनुभवी अंतर्राष्ट्रीय गेंदबाज हैं। हमारे पास किन्हीं खास बल्लेबाजों के खिलाफ योजनाएं रहती है और बस अहम है इन्हें अमली जामा पहनाना। जरा सभी ढील की गुंजाइश नहीं है। बेशक हमारा घरेलू मैदान हमारा किला है। बीते बरस हमें इस पर विचार करना था कि हम इस मौजूदा सीजन में किस तरह खेलेंगे। पिच हमारे बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए कितनी मददगार रहती है। अब तक तो हमारे लिए सब कुछ ठीक चल रहा है।’
मैं छक्के मारने का अभ्यास नहीं करता प्रियांश आर्य
पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने कहा, ‘मेरी लिए पॉवरप्ले के बाद दिया गया योगदान खास था। मैं छक्के जड़ने का अभ्यास नहीं करता। मेरी बढ़िया टाइमिंग के साथ अपने स्ट्रोक खेलने की होती है। हमारे ट्रेनर आनंद सर और बिरला सर ने हमें जो कार्यक्रम दिया है मैं उसका पालन करता हूं। यह मुझे खुद को फिट रखने में मदद करता है। मैं मैदान पर बहुत ज्यादा कुछ न कर खुले मन से खेलता हूं। मैंने गेंद को स्लैश कर जो शॉट खेला वह प्रिय शॉट था।’
शनिवार का मैच: दिल्ली कैपिटल्स वि पंजाब किंग्स (अरुण जेटली स्टेडियम, दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से)।





