अनिल अंबानी की 3 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क

Anil Ambani's assets worth Rs 3,000 crore attached

इंद्र वशिष्ठ

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बैंकों के साथ धोखाधड़ी के मामले में अनिल अंबानी और मैसर्स रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड की 3034.90 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है। जिससे रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप के मामलों में कुल 19,344 करोड़ रुपये से ज़्यादा की संपत्तियां कुर्क हो गई है।

ईडी रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप के उन मामलों की जांच कर रही है जिनमें बैंक/सार्वजनिक फंड के गलत इस्तेमाल और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है।

यह जांच भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और भारतीय जीवन बीमा निगम की शिकायतों पर आरकॉम, अनिल अंबानी और अन्य के खिलाफ सीबीआई द्वारा दर्ज कई एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी।

आरकॉम और उसकी ग्रुप कंपनियों ने घरेलू और विदेशी कर्जदाताओं से लोन लिए थे, जिनमें से कुल 40,185 करोड़ रुपये बकाया हैं।

ईडी द्वारा कुर्क की गई संपत्तियों में मुंबई की उषा किरण बिल्डिंग में एक फ्लैट, पुणे के खंडाला में एक फार्महाउस और अहमदाबाद के साणंद में ज़मीन का एक टुकड़ा शामिल है। इनके अलावा, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के 7.71 करोड़ शेयर भी कुर्क किए गए, जो मैसर्स राइज़ी इन्फिनिटी प्राइवेट लिमिटेड के पास थे। यह कंपनी अनिल अंबानी के ग्रुप की एक इकाई है और राइज़ी ट्रस्ट के तहत आती है, जो अनिल अंबानी के परिवार के सदस्यों का एक निजी पारिवारिक ट्रस्ट है। इस ट्रस्ट का गठन संपत्तियों को ट्रस्ट में इकट्ठा करके धन को सुरक्षित रखने और संसाधन जुटाने के लिए किया गया था, ताकि इसे अनिल अंबानी की व्यक्तिगत देनदारियों से बचाया जा सके। ये देनदारियां उन व्यक्तिगत गारंटियों के रूप में थीं जो उन्होंने आरकॉम को दिए गए लोन के बदले कर्जदाता बैंकों को दी थीं। इन संपत्तियों का उद्देश्य अनिल अंबानी के परिवार द्वारा लाभ के लिए इस्तेमाल और स्वामित्व करना था, न कि उन संकटग्रस्त सार्वजनिक बैंकों के लिए, जिनके लोन एनपीए बन गए थे।

पीएमएलए की धारा 8 के तहत, कुर्क की गई संपत्ति उन वैध दावेदारों को वापस कर दी जाएगी जिन्हें नुकसान हुआ है, जिसमें पीड़ित बैंक भी शामिल हैं। उचित कानूनी प्रक्रिया के बाद, सार्वजनिक धन को कानून के अनुसार बैंकों और अंततः आम जनता को वापस दिलाया जा सकता है।