मुंबई इंडियंस अब चेन्नै सुपर किंग्स को रिटर्न मैच में हरा हिसाब चुकता करने उतरेगी

Mumbai Indians will now look to settle scores by defeating Chennai Super Kings in the return match

मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों को चेन्नै के अंशुल काम्बोज से चौकस रहना होगा

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : रेयन रिकल्टन की 55 गेंद पर 123 रन की तूफानी पारी की बदौलत 5 विकेट पर 243 रन का पहाड़ का स्कोर बनाने के बावजूद मुंबई इंडियंस अपने घरेलू वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद से छह विकेट से हारने के बाद शनिवार को अपनी तरह पांच बार की चैंपियंस चेन्नै सुपर किंग्स (सीएसके) को आईपीएल 2026 में रिटर्न मैच में अब उसके घर चेन्नै में हरा कर उसके हाथों वानखेड़े स्टेडियम में मिली 103 रन की करारी हार का हिसाब चुकता करने के मकसद से उतरेगी। चेन्नै सुपर किंग्स आठ मैचों में तीन जीत और पांच हार के साथ छह अंक ले छठे और मुंबई इतने ही मैचों में छह हार और मात्र जीत के साथ दस टीमों में चार अंक ले नौवें स्थान पर है। मुंबई इंडियंसस आईपीएल में भले ही देर से जागती रही है लेकिन इस बार तो उसके प्रदर्शन से प्ले ऑफ में स्थान बनाने की उम्मीद और कम हो गई हे। मुंबई न अब तक एक इकाई के रूप में बल्लेबाजी चली नहीं जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, खुद हार्दिक पाडंया और दीपक चाहर के रूप में उसकी तेज गेंदबाजी की चौकड़ी बुढ़ाती दिखी और उसमें न तो रफ्तार ही दिखी न ही धार। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांडया ने भी माना कि उनकी टीम एक इकाई के रूप में प्रदर्शन करने में अब तक नाकाम रही है।

वहीं चोट के चलते ‘थाला’(बड़े भाई) महेंद्र सिंह धोनी के मौजूदा संस्करण में एक भी मैच न खेलने पर चेन्नै सुपर किंग्स के लिए उनकी भूमिका संजू सैमसन ( 304 रन) ने उसके लिए आठ मैचों में दो शतक जड़ निभाई है । बदकिस्मती से मौजूदा सीजन में छठे मैच में चोट के चलते दो अर्द्बशतक जड़ने के बाद आयुष म्हात्रे( 201 रन) के बाहर होने और मुंबईकर सरफराज खान (161 रन) का मात्र एक अर्द्बशतक जड़ना और शिवम दुबे (कुल 150) के मध्यक्रम के संघर्ष करने से चेन्नै भी जूझती नजर आ रही है। ऑलराउंडर जेमी ओवरटन (136 रन) भी पारी चेन्नै के लिए फिनिशर की भूमिका में जूझते नजर आ रहे हैं। सीएसके प्रशांत वीर (दो मैच, 48 रन) और कार्तिक शर्मा (5 मैच, 58 रन) जैसे खासे महंगे खरीदे गए नौजवान ऑलराउंडर फिलहाल अपनी चमक नहीं दिखा पाए है और कप्तान ऋतुराज गायकवाड (178 रन) मात्र एक अर्द्बशतक जड़ने के बावजूद क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट से कदमताल नहीं कर पा रहे । संजू सैमसन ने एक छोर से विकेट गिरने के बाद मौजूदा संस्करण का अपना दूसरा शतक जड़ चेन्नै सुपर किंग्स को वानखेड़े स्टेडियम में 207 रन तक पहुंचाया और फिर वेस्ट इंडीज के अकील हुसैन और अफगानिस्तान के नूर अहमद की बाएं हाथ की स्पिनरों की जोड़ी ने मुंबई इंडियंस को स्पिन के चक्कर में फंसा कर मात्र 104 रन पर समेट अपनी टीम को बड़ी जीत दिलाई। चेन्नै सुपर किंग्स इसके बाद अपने अगले मैच में कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (अविजित 74) के पहले अर्द्धशतक के बावजूद गुजरात टाइटंस के रफ्तार के सौदागर कसिगो रबाड़ा(3/ 24) के सामने 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन ही बना सकी। चेन्नै के बाशिंदे साई सुदर्शन ने 87 रन की बेहतरीन पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस ने 17 वें ओवर दो विकेट खोकर 162 रन बना कर मैच जीत लिया। मुंबई इंडियंस के गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (8 मैच, 2 विकेट) ट्रेंट बोल्ट (4 मैच, 2 विकेट), मिस्ट्री स्पिनर गजनफर (6 मैच 10 विकेट), नौजवान तेज गेंदबाज अश्विनी (3 मैच, 6 विकेट), शार्दूल ठाकुर (7 मैच, 6 विकेट), हार्दिक पांडया(7 मैच, 4 विकेट) कार्बिन बॉश(एक मैच, 1 विकेट) जिस तरह जूझते नजर आ रहे हैं उसका सीएसके रंग में चल रहे ओपनर संजू सैमसन पूरा लाभ उठाने की कोशिश करेंगे। भले ही मुंबई इंडियंस बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद पिछला मैच हार गई लेकिन एक शतक और एक अर्द्धशतक जड़ने वाले रिकल्टन(260 रन) और सात मैच के बाद वापसी करने वाले विल जैक (46) की सलामी जोड़ी की 7.1 ओवर में हैदराबाद के खिलाफ 93 रन की भागीदारी और रोहित शर्मा के इस मैच में चोट के बाद वापसी की उम्मीद से बेशक वह अब चेन्नै सुपर किंग्स को उसके घर में हराने के मजबूत इरादे से उतरेगी। रोहित यदि फिट होते तो फिर वह और रिकल्टन ही मुंबई की पारी का आगाज करेंगे और तेज के साथ स्पिन के भी बेहतर खिलाड़ी माने जाने वाली यह सलामी जोड़ी पिछले मैच में चेन्नै की जीत की सूत्रधार अकील हुसैन और नूर की गेंद का ‘नूर’ उतार सकती है। मुंबई की चिंता शुरू के आठ मैचों में मध्यक्रम में दरअसल अपने धुरंधर टी 20 बल्लेबाज और बाएं हाथ के तिलक वर्मा (188 रन) के मात्र एक शतक जड़ने , सूर्य कुमार यादव ( 152 रन) व नमन धीर ( 176 रन) के एक अर्द्धशतक के बावजूद रनों के लिए जूझना है। मुंबई के कप्तान हार्दिक पांडया ने सात मैचो में कुल 128 रन बनाए है वहीं तीन मैचों में खेल कर क्विंटन डी कॉक एक अर्द्धशतक सहित 132 रन ही बना पाए जो उसके बल्लेबाजी इकाई के बिखराव को साफ जाहिर करता है। मुंबई के बल्लेबाजों के चेन्नै सुपर किंग्स के लिए शुरू के आठ मैचों में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वााले तेज गेंदबाज अंशुल काम्बोज(14 विकेट) से चौकस रहना होगा। चेन्नै सुपर किंग्स को यदि वानखेड़े की जीत को चेन्नै में दोहराना तो फिर अंशुल काम्बोज का जैमी ओवरटन (7 मैच, 9 विकेट), बाएं हाथ के स्पिनर नूर अहमद (7 विकेट) व अकील हुसैन (4 मैच, 6 विकेट), मुकेश चौधरी (2 मैच, 3 विकेट),गुरजपनीत (5 मैच, 3 विकेट)को बढ़िया ढंग से साथ निभाना होगा।

मौके नहीं भुनाने की कीमत चुकानी पड़ती है : हार्दिक पांडया
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांडया ने कहा,‘ मुझे नहीं लगता की वानखेड़े की पिच पर ओस ने कुछ भूमिका निभाई। मैं बस यही कहूंगा कि हमने ढीली गेंदबाजी की और सनराइजर्स हैदरबाद के बल्लेबाजों ने बढ़िया बल्लेबाजी की।जब हमने 243 रन बना लिए मैं अपने गेंदबाजों से यही उम्मीद कर रहा था कि वे सनराइजर्स को इससे कम स्कोर पर रोक देंगे। हम अपनी योजना को अमली जामा नहीं पहना पाए। आखिरी तीन गेंदों को छोड़ कर मैंने गेंदबाजी करने का लुत्फ उठाया।हमारे लिए यह सीजन अब तक कुछ ऐसा ही रहा है। मिले मौकों को आपको भुनाना होता है। आप यदि मिले मौके नहीं भुनाने तो आपको इसकी कीमत चुकानी होती है। हम एक इकाई के रूप में वैसा नहीं कर पाई जैसा कि हमारी मुंबई इंडियंस की टीम करती है। उम्मीद है हम कोई रास्ता निकालेंगे।‘

पिच के ऐसे मिजाज की मैंने उम्मीद नहीं की थी : गायकवाड़
चेन्नै सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा,‘ जब हम गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपने चेन्नै के घरेलू मैदान पर पहले बल्लेबाजी कर रहे थे पिच खासी चुनौतीपूर्ण थी। मध्यम तेज गेंदबाजों की गेंद कुछ रूक कर आ रही थी और उछाल भी असमतल था। हमने शुरू में कई विकेट गंवा दिए और इस पिच पर शॉट खेलना कुछ मुश्किल था। पिच के ऐसे मिजाज की मैंने उम्मीद नहीं की थी। यह अनुमान करना मुश्किल था कि इस पर कैसे खेले।इस मैच में हमें कुछ समझ में नहीं आया। जब तक हमने खुद को पिच के मुताबिक ढाला तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ दिन हमारा नहीं रहा। हमने जब जल्दी जल्दी विकेट गंवा दिए तो इसके बाद भागीदारी की सोची।’
शनिवार : चेन्नै सुपर किंग्स वि मुंबई इंडियंस (चेन्नै, शाम साढ़े सात बजे से)।