फिट रोहित शर्मा की वापसी से लखनउ पर जीत से मुंबई के हौसले बुलंद
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) पिछले दो मैचों में पहले गुजरात टाइटंस से अहमदाबाद में चार विकेट से फिर लखनउ सुपर जायंटस से लखनउ में नौ रन से हार राह से भटकने के बाद अब आईपीएल 2026 में नौवें स्थान पर चल रही मुंबई इंडियंस को रायपुर में रविवार को रिटर्न मैच में भी हरा कर जीत की राह पर लौट प्ले ऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाने के मकसद से उतरेगी। मौजूदा सीजन में पहले मैच में विराट कोहली, कप्तान रजत पाटीदार और अब चोट के चलते इंग्लैंड वापस लौट चुके फिर साल्ट के अर्द्धशतकों से 20 ओवर में आरसीबी ने चार विकेट पर 240 रन बनाने के बाद अपने तुरुप के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के बिना ही पांच बार चैंपियन रही मुंबई इंडियंस को वानखेड़े स्टेडियम में 5 विकेट पर 225 रन पर रोक 18 रन से जीत दर्ज की। आरसीबी 10 मैचों में छह जीत और चार हार के साथ 12 अंक ले तीसरे स्थान पर है।
फिट होकर लौटे रोहित शर्मा और रेयन रिकल्टन के अर्द्धशतकों से मुंबई इंडियंस ने नियमित कप्तान हार्दिक पांडया के चोट के चलते बाहर होने पर सूर्य कुमार यादव की कप्तानी में पिछले मैच में लखनउ सुपर जायंटस के 228 के पहाड़ के से स्कोर को आठ गेंदों के बाकी रहते पिछले मैच में वानखेड़े स्टेडियम में मात्र चार विकेट खो पार कर छह विकेट से जीत हासिल की थी और इससे उसके हौसले बेशक बुलंद हैं। मुंबई इंडियंस हालांकि 10 मैचों में सात हार और मात्र तीन जीत से मात्र छह अंक के साथ नौवें स्थान पर है और प्ले ऑफ की होड़ से लगभग बाहर ही है। मुंबई इंडियंस रविवार को आरसीबी को हरा उससे मौजूदा सीजन के पहले मैच में मिली हार का हिसाब चुका उसका प्ले ऑफ के इंतजार कुछ लंबा कर सकती है।
आरसीबी के लिए शुरू के दस मैचों में सदाबहार विराट कोहली (379 रन) , कप्तान रजत पाटीदार (318 रन), देवदत्त पड्डीकल (316 रन) ने तीन तीन अर्द्धशतक जड़ दिखाया है कि उसका शीर्ष क्रम रंग में है जबकि टिम डेविड (232 रन) ने भले ही एक अर्द्धशतक जड़ा, लेकिन वह सही वक्त पर अच्छी पारियां खेलने में कामयाब रहे हैं। फिल साल्ट (202रन) छह मैचों में दो अर्द्धशतक जड़ चोट के चलते बाहर होने से आरसीबी को जरूर कुछ झटका लगा हैं। मुंबई इंडियंस के लिए स्पिनर अल्लाह मुहम्मद गजनफर (8 मैच, 12विकेट) ने सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं लेकिन खासतौर पर तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार (3 मैच, 6 विकेट), हार्दिक पांडया (8 मैच, 4 विकेट), कार्बिन बॉश (2 मैच, 3 विकेट), शार्दूल ठाकुर(7 मैच, 6विकेट), ट्रेंट बाल्ट (5 मैच, 2 विकेट), जसप्रीत बुमराह (10 मैच, 3विकेट) और दीपक चाहर(4 मैच, 1 विकेट) में अपने तेज गेंदबाजों का एक इकाई के रूप में बढ़िया प्रदर्शन न कर पाना जरूर उसे कुछ अखर रहा है। विराट कोहली, पाटीदार और पड्डीकल की कोशिश मुंबई इंडियंस की इसी कमजोरी को भुना कर बड़ा स्कोर बनाने अथवा इसे पार करने की रहेगी।
मुंबई इंडियंस के लिए सलामी बल्लेबाज रेयन रिकल्टन (380रन)ने आठ मैचों में एक शतक व दो अर्द्धशतक, रोहित शर्मा ने पांच मैचों दो अर्द्धशतक सहित 221 रन, तिलक वर्मा (204रन) ने एक शतक, सूर्य कुमार यादव (195 रन) और क्विंटन डी कॉक (3 मैच , 132 रन), शेरफन रदरफर्ड (7 मैच, 103 रन) ने एक एक अर्द्धशतक शतक ज़ड़ा। आरसीबी के स्विंग के उस्ताद आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार (17 विकेट) मौजूदा सीजन में दस मैचों में सीएसके के अंशुल काम्बोज के साथ विकेट ले संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं लेकिन किफायती होने के साथ पर्पल कैप पर कब्जा जमाए हैं। भुवनेश्वर कुमार अपने ऑस्ट्रेलियाई जोड़ीदार जोश हेजलवुड (7 मैच, 9 विकेट), रोमारियो शेफर्ड (5 विकेट) व रसिक सलाम शेख (6 मैच, 7 विकेट) के साथ मिलकर रोहित और रिकल्टन की सलामी जोड़ी और शीर्ष क्रम में रनों के लिए जूझ रहे सूर्य कुमार यादव को सस्ते में आउट कर मुंबई इंडियंस की पारी शुरू में बिखेर सकते हैं। वहीं आरसीबी के अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांडया (10 विकेट) और लेग स्पिनर सुयश शर्मा (9 मैच, 7 विकेट) में मुंबई इंडियंस के मध्यक्रम को सस्ते में समेटने और उस पर लगाम लगाने का दम है।
हम एक एक कदम कर आगे बढ़ रहे हैं : पाटीदार
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, ‘ हम बात को लेकर निश्चित थे कि हम किस तरह लक्ष्य को पाना चाहते हैं।हमने कुल मिलाकर अच्छा प्रदर्शन किया। पिच बल्लेबाजी के लिए बढ़िया थी और गेंद बल्ले पर बढ़िया आ रही थी हम जीत से बस और जीत से दो तीन शॉट दूर रह गए। हम क्यों हारे इसका विश्लेषण करने के लिए मुझे वक्त चाहिए। अब हमारे लीग में चार मैच और हैं। हम एक एक कदम कर आगे बढ़ रहे हैं।’
220-225 रनों का पीछा करते हुए बढ़िया आगाज की जरूरत : सूर्य कुमार यादव
मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान सूर्य कुमार यादव ने कहा, ‘ सच कहूं पॉवरप्ले में इस तरह का आगाज हमारे लिए कोई नया नहीं है। सातवें से दसवां ओवर मैच को अपनी ओर मोड़ने के लिए सबसे बढ़िया वक्त होता है। लखनउ सुपर जायंटस के खिलाफ हमारे गेंदबाजों ने बहुत जीवट और जज्बा दिखाया। हर किसी को भरोसा तो था ही हर कोई टीम की योजना से भी वाकिफ था। हमने बस थोड़ा थोड़ा आक्रामक खेल दिखाया। यहां तक कि हमने कुछ दिन पहले 224 रन बनाए भी थे लेकिन एसआरएच ने तब इस लक्ष्य को पार कर लिया था। जब आप 220-225 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे हों तो आपको बढ़िया आगाज की जरूरत होती है। सभी कुछ नियंत्रण में था। आखिर में नमन धीर सहित हर किसी ने बढ़िया बल्लेबाजी की।’
रविवार का मैच: आरसीबी वि मुंबई इंडियंस (मुंबई, शाम साढ़े सात बजे से)।





