गुजरात टाइटंस रिटर्न मैच में भी सीएसके को हरा शीर्ष पर रहने की आस के साथ उतरेगी

Gujarat Titans will be hoping to beat CSK in the return match and stay on top

जीत से ही जिंदा रह सकती है सीएसके की प्ले ऑफ की मामूली उम्मीद

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में प्ले ऑफ में अपना स्थान पक्का कर चुकी गुजरात टाइटंस अब चेन्नै सुपर किंग्स(सीएसके) को बृहस्पतिवार को अहमदाबाद में 14 वें आखिरी रिटर्न मैच में भी हरा कर 2026 आईपीएल में लीग का समापन जीत और शीर्ष पर रहने की आस के साथ उतरेगी। गुजरात टाइटंस ने मौजूदा संस्करण के पहले मैच में तीन विकेट चटका मैन ऑफ द’ मैच रहे तेज गेंदबाज कसिगो रबाड़ा के गेंद से कहर से सीएसके को उसके घर में आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। मौजूदा संस्करण के पहले मैच सहित सीएसके से अपने पिछले पांच में से तीन मैच जीत चुकी गुजरात टाइटंस बृहस्पतिवार को भी उसके खिलाफ जीत के साथ अपनी श्रेष्ठता बरकरार रखने के मकसद से उतरेगी। कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर ने भले ही पिछले मैच में अर्द्बशतक जड़े लेकिन तीनों ही पारी में अपनी लय तलाशते ही लगे और इसी के चलते कोलकाता में केकेआर के 247 रन के बड़े पहाड़ को गुजरात टाइटंस पार नहीं कर पाई। गुजरात टाइटंस को चेन्नै सुपर किंग्स अब रिटर्न मैच में भी हराना है तो उसे सभी कैच लपकने होंगे औार कप्तान शुभमन, सुदर्शन और बटलर को और तेजी से रन बनाने होंगे। बेशक मौजूदा संस्करण में सीएसके के लिए सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने दो शतक जड़ने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं लेकिन उनके कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ दो अर्द्धशतक जड़ने के बावजूद तेज रन बनाने के लिए जूझते नजर आए हैं। मौजूदा संस्करण के दूसरे सबसे कामयाब कसिगो रबाड़ा(21 विकेट), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ब कृष्णा और जेसन होल्डर के रूप में तेज गेंदबाजों की मौजूदा संस्करण की सबसे कामयाब चौकड़ी और दुनिया के बेहतरीन कामयाब लेग स्पिनर राशिद खान(16 विकेट) की मौजूदगी में गुजरात टाइटंस के पास सबसे कामयाब गेंदबाजी आक्रमण है। चेन्नै सुपर किंग्स के संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़ और कार्तिक शर्मा के लिए गुजरात टाइटंस के गेंदबाजी आक्रमण के सामने तेजी से रन बनाना सबसे मुश्किल चुनौती होगा। पिछले मैच की तरह गुजरात टाइटंस के कसिगो रबाड़ा ने अहमदाबाद में भी सीएसके के संजू सैमसन और कार्तिक शर्मा को सस्ते में बृहस्पतिवार को आउट कर दिया फिर उसके लिए बड़े स्कोर खड़ा करना अथवा इसके पार पहुंचना बेहद मुश्किल हो सकता है।

लगातार चार मैच जीतने के बाद केकेआर से बड़े स्कोर वाले मैच में कोलकाता में कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन के अर्द्धशतकों के बावजूद टपकाए चार कैचों के चलते अपना पिछला मैच 29 हारने के बावजूद गुजरात टाइटंस 13 मैचों में आठ जीत और चार हार के साथ फिलहाल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नै सुपर किंग्स (सीएसके) को चेन्नै में पांच विकेट से हरा अपने साथ गुजरात टाइटंस का भी प्ले ऑफ में स्थान पक्का कर दिया था। चेन्नै सुपर किंग्स 13 मैचों में छह जीत और सात हार के साथ 12 अंकों के साथ फिलहाल छठे स्थान पर है और प्ले ऑफ की होड़ से लगभग बाहर ही है। सीएसके यदि गुजरात टाइटंस से रिटर्न मैच जीत उससे हिसाब चुकता करती है तो भी उसके 14 मैचों से 14 अंक ही होंगे तब प्ले ऑफ का उसका सारा गणित नेट रन रेट पर आ टिकेगा। सीएसके अपने पिछले दो मैचों में लखनउ सुपर जायंटस से लखनउ में सात विकेट और सनराइजर्स हैदराबाद से पांच विकेट से हार चुकी है। ऐसे में सीएसके को प्ले ऑफ में पहुंचने की मामूली उम्मीद जिंदा रखने के लिए गुजरात टाइटंस से आखिरी लीग मैच हर हाल जीतना ही होगा।

गुजरात टाइटंस के लिए शुरू के 13 मैचों में साई सुदर्शन (554 रन) एक शतक और सबसे ज्यादा छह अर्द्धशतकों के साथ मौजूदा संस्करण में रन बनाने में चौथे और उनके सलामी जोड़ीदार कप्तान शुभमन गिल (12 मैच, 552 रन) पांच अर्द्धशतकों के साथ पांचवें स्थान पर चल रहे है। गुजरात टाइटंस के लिए जोस बटलर (13 मैच, 412 रन)ने तीन अर्द्धशतक तथा वाशिंगटन सुंदर (296 रन) ने दो अर्द्धशतक जड़े हैं। गुजरात को अपने दोनों हरियाणवी ऑलराउंडर राहुल तेवतिया(12 मैच, 98 रन)व निशांत सिंधु (4 मैच, 38 रन) का रनों के लिए जूझना जरूर अखर रहा है। गुजरात टाइटंस के शीर्ष क्रम में सुदर्शन, शुभमन और बटलर को सीएसके के तुरुप के तेज गेंदबाज अंशुल काम्बोज ( 20 विकेट), स्पिनर नूर अहमद (13 विकेट), बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन (7 मैच, 8 विकेट) से जरूर चौकस रहना होगा। अब समापन की ओर बढ़ रही मौजूदा आईपीएल में अपने अंग्रेज तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन (10 मैच, 14 विकेट) का चोट के चलते बाहर होना जरूर सीएसके को अखर रहा है।

चेन्नै सुपर किंग्स के लिए शुरू के 13 मैचों में सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन (477 रन)दो शतकों और एक अर्द्धशतक सहित रन बनाने में सबसे आगे हैं जबकि उनके सलामी जोड़ीदार कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ( 321 रन) और नौजवान बल्लेबाज कार्तिक शर्मा (10 मैच, 276 रन) ने दो दो अर्द्धशतक जड़े हैं। मात्र एक अर्द्धशतक जड़ने वाले सरफराज खान (8मैच, 161 रन) और डेवाल्ड ब्रेविज (10मैच, 143 रन) का रनों के लिए जूझना सीएसके को बुरी तरह अखर रहा। गुजरात टाइटंस के लिए शुरू के 13 मैचों में तुरुप के तेज गेंदबाज कसिगो रबाड़ा (13 विकेट), मोहम्मद सिराज (13 विकेट), प्रसिद्ध कृष्णा (8 मैच, 14 विकेट), जेसन होल्डर (7 मैच, 13 विकेट), अरशद खान (6 मैच, 5 विकेट) के साथ लेग स्पिनर राशिद खान के रूप में मजबूत गेंदबाजी आक्रमण की मौजूदगी में सीएसके लिए तेजी से बड़ा स्कोर खड़ा करना बड़ी चुनौती होगा।नौजवान तेज गेंदबाज अशोक शर्मा (6 मैच, 6 विकेट) और मंगलवार को अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट और तीन वन डे मैचों की सीरीज के लिए भारत की टीम में जगह बनाने वाले राजस्थान के बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार(4 मैच, 2 विकेट) के रूप में गेंदबाजी में गुजरात टाइटंस के पास पर्याप्त विकल्प हैं।

देखते हैं अहमदाबाद में पिच का मिजाज कैसा रहता है : शुभमन गिल

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ‘कोलकाता में ईडन की पिच को देखने के बाद मेरा मानना था 200-210 रन इस पर एक अच्छा स्कोर होगा। हमने बहुत कैच टपकाए और ऐसे में हमारे गेंदबाजों की दिक्कत बढ़ गई। पिच अच्छी थी। इस पिच पर हालांकि कुछ गेंद रुक कर आ रही थी। केकेआर के 247 रन के जवाब में 218 रन बना हमने अच्छा ही किया और बल्लेबाजी चिंता का सबब नहीं लेकिन हमारी फील्डिंग बेहतर हो सकती थी। हमने तीन लड्डू कैच टपकाए और हम ऐसे में जीत के हकदार नही थे। अच्छा हुआ हमने क्वॉलिफायर से पहले ही इस तरह का मैच खेला। अब देखते हैं हमारे अहमदाबाद की पिच का मिजाज कैसा रहता है।’

हमें कुछ अहम खिलाड़ियों की कमी अखर रही है: ऋतुराज गायकवाड़

सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा,‘हम सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अंतिम पूर्व ओवर तक मैच में थे। चेन्नै के चिदाम्बरम स्टेडियम की पिच बढ़िया टी 20 पिच थी और मैच के आगे बढ़ने के साथ भी इसका मिजाज नहीं बदला। हम बस यहां वहां कुछ चूक गए। हमें मिले मौकों को भुनाने की जरूरत थी। मुझे अपनी टीम पर गर्व है। हार के बावजूद हमने अच्छा प्रदर्शन किया। हमारे लिए अनुभवी संजू सैमसन वाकई बढ़िया बल्लेबाजी कर रहे हैं। हमें कुछ अहम खिलाड़ियों की कमी अखर रही है। हमने बीते बरस की तुलना में इस साल आईपीएल 2026 में बेहतर प्रदर्शन किया है।

बृहस्पतिवार का मैच : गुजरात टाइटंस वि सीएसके(अहमदाबाद, शाम साढ़े सात बजे से)