आरसीबी क्वॉलिफायर 1 में गुजरात को हरा लगातार दूसरी बार सीधे फाइनल में स्थान बनाने उतरेगी

RCB will look to secure a second consecutive final spot after defeating Gujarat in Qualifier 1

  • आरसीबी के भुवी ,हेजलवुड व सलाम लेंगे शुभमन सुदर्शन का इम्तिहान
  • रबाड़ा व सिराज की कोशिश होगी विराट, वेंकटेश व पड्डीकल को सस्ते में आउट करने की

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : मौजूदा संस्करण के सबसे कामयाब गेंदबाज स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार के गेंद और दुनिया के धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली के बल्ले से धमाल के बूते मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स (आरसीबी) आईपीएल 2026 के अंतिम लीग मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के हाथों हार को भुला दूसरे स्थान पर रही गुजरात टाइटंस पर धर्मशाला में मंगलवार को क्वॉलिफायर 1 में जीत के साथ अपना दबदबा जारी रख कर लगातार दूसरी बार सीधे फाइनल में स्थान बनाने की आस लिए उतरेगी। आरसीबी ने गुजरात टाइटंस से मौजूदा संस्करण में एक मैच जीता और एक हारा और पिछले पांच में तीन मैच जीते हैं। क्वॉलिफायर 1 मैच में हारने वाली टीम के पास हालांकि इलिमिनेटर में जीतने वाली टीम को क्वॉलिफायर 2 में हरा कर फाइनल में पहुंचने का एक और मौका रहेगा।

टेस्ट और टी 20 अतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले भारत के लिए केवल वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे दुनिया भारत के सर्वकालीन बल्लेबाज आरसीबी के विराट कोहली के सामने उनको अपना आदर्श मानने वाले शुभमन गिल के रूप में गुजरात टाइटंस के कप्तान के रूप में सामने होंगे। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ चेज मास्टर के रूप ख्यात विराट कोहली ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में जो मुकाम हासिल किया है शुभमन गिल उसे ही मानदंड मान उन्हीं की राह पर आगे बढ़ने के साथ भारत को भी क्रिकेट में शिखर पर पहुंचाने की मुहिम में जुटे हैं। आरसीबी और गुजरात टाइटंस की टीम बल्लेबाजी और खासतौर पर गेंदबाजी संयोजन के लिहाज से मौजूदा आईपीएल की दो सबसे बेहद संतुलित टीमे हैं और क्वॉलिफायर 1 में मंगलवार को दोनों के बीच रोमांचक मुकाबले के लिए मंच सज चुका है।

आरसीबी ने अपना 14 वां आखिरी मैच एसआरएच से 55 रन से हारने के बावजूद गुजरात टाइटंस और एसआरएच की तरह नौ जीत और चार हार के साथ समान रूप से 18 अंक हाासिल करने के साथ इन दोनों से बेहतर नेट रन रेट के चलते लीग में अपना अभियान शीर्ष पर रह खत्म किया। गुजरात टाइटंस दूसरे और एसआरएच तीसरे स्थान पर रही। गुजरात टाइटंस ने अपने अंतिम लीग मैच में शीर्ष क्रम में साई सुदर्शन, शुभमन गिल और जोस बटलर के अर्द्ध शतकों से गुजरात टाइटंस ने अहमदाबाद में 229 रन बनाने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (3/26)व कसिगो रबाड़ा (3/32) और लेग स्पिनर राशिद खान (3/18) स्पिन के जादू से सीएसके को मात्र 140 पर ढेर कर 89 रन से जीत दर्ज की थी।

गुजरात टाइटंस के लिए शुरू के 14 मैचों में बाएं हाथ के साई सुदर्शन (638 रन) एक शतक और सात अर्द्धशतकों के साथ सबसे ज्यादा रन बना ऑरेंज कैप अपने सिर सजाए हैं जबकि उनके सलामी जोड़ीदार कप्तान शुभमन गिल (616 रन) उनसे एक मैच कम खेल छह अर्द्धशतकों के साथ रन बनाने में दूसरे स्थान पर है। गुजरात टाइटंस के लिए जोस बटलर (469 रन) और वाशिंगटन सुंदर (303 रन) दो-दो अर्द्धशतक जड़े हैं जबकि जेसन होल्डर (8 मैच,58 रन) ने जरूरत के वक्त उपयोगी पारियां खेली हैं। राहुल तेवतिया (13मैच, 98रन),शाहरुख खान (9 मैच, 43 रन) व निशांत सिंधू (5 मैच, 38 रन) का रनों के लिए गुजरात टाइटंस को तरसना जरूर अखर रहा है। धर्मशाला में रात को नम मौसम में आरसीबी के लिए शुरू के 14 मैचों में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले भुवनेश्वर कुमार ( 24 विकेट), जोश हेजलवुड ( 11 मैच, 12 विकेट), रसिख सलाम शेख (10 मैच, 14 विकेट) धर्मशाला में शुभमन व सुदर्शन का अपनी स्विंग और मूवमेंट से मंगलवार को तैयार होंगे ही बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांडया (11 विकेट) और लेग स्पिनर सुयश शर्मा ( 12 मैच, 9 विकेट) के रूप में खासतौर पर बीच के अहम ओवरों के लिए दो बेहतरीन स्पिनर उपलब्ध हैं। रोमारियो शेफर्ड (13 मैच, 7 विकेट), जैकब डफी (4 मैच, 6विकेट) तेज गेंदबाज के रूप में आरसीबी के और भी विकल्प उपलब्ध कराते हैँ।

मौजूदा चैंपियन आरसीबी के लिए शुरू क 14 मैचों में विराट कोहली (557 रन) ने एक शतक और चार अर्द्धशतक , देवदत्त पड्डीकल (433रन) ने तीन अर्द्धशतक , कप्तान रजत पाटीदार (13 मैच, 393रन) ने चार अर्द्धशतक तथा टिम डेविड (277 रन) ,क्रुणाल पांडया (182 रन) व व वेंकटेश अय्यर ( 5 मैच, 158 रन) ने एक एक अर्द्धशतक जड़ा हैं। इंग्लैंड के जैकब बैथल (7 मैच,, 96 रन) की बल्ले से नाकामी और दो अर्द्धशतक जड़ने के बाद चोट के चलते स्वदेश वापस लौटने वाले फिल साल्ट (6 मैच, 202 रन)आरसीबी को अखर रही है। गुजरात टाइटंस मौजूदा सीजन के शुरू के 14 मैचों में सबसे कामयाब तेज गेंदबाज कसिगो रबाड़ा (24 विकेट), मोहम्मद सिराज (17 विकेट), प्रसिद्ध कृष्णा (9 मैच, 14 विकेट), जेसन होल्डर (8मैच, 13 विकेट), अशोक शर्मा(6 मैच, 6 विकेट), अरशद खान (7 मैच, 5 विकेट) के रूप में विविधतापूर्ण तेज गेदबाज आक्रमण है। गुजरात टाइटंसस के दूसरे सबसे कामयाब लेग स्पिनर रशीद खान ( 14 मैच, 19 विकेट) और बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार (4 मैच, 2 विकेट) बीच के ओवर मे आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड पर लगाम लगाने की कोशिश करेंगे। गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कसिगो रबाड़ा और मोहम्मद सिराज की कोशिश विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर की सलामी जोड़ी के साथ देवदत्त पड्डीकल को सस्ते में पैवेलियन लौटाने की होगी।

लीग में शीर्ष पर रहने में हम कामयाब रहे : रजत पाटीदार
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, ‘ सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा जीत के लिए रखा 256 का लक्ष्य बहुत बड़ा था और उसके शीर्ष पांच बल्लेबाज बढ़िया खेले और हावी रहे। हम जब बाद में लक्ष्य का पीछा करने उतरे तो भी पिच बहुत धीमी नहीं हुई थी लेकिन धीमे बाउंसर पर गेंद रुक कर आ रही थी। सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने बाउंसर व यॉर्कर का अच्छा इस्तेमाल किया। हमारा पहली प्राथमिकता लीग में अपना अभियान शीर्ष पर रह कर खत्म करने की थी और हम इसमें कामयाब रहे। सनराइजर्स जीत ने जीत के लिए हमारे सामने बहुत बड़ा लक्ष्य रखा था। हैदराबाद की पिच अच्छी थी लेकिन एक बार जब आप धीमे बाउंसर करते तो फिर बल्लेबाजी करना मुश्किल था।’

प्ले ऑफ में हमें जज्बे के साथ दमदार खेल जारी रखना होगा : शुभमन गिल
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ‘हमारे लिए सीएसके पर जीत बेहद अहम थी। हम अब जीत के साथ क्वॉलिफायर 1 में आरसीबी के खिलाफ खेलने उतरने पर खुश हैं। प्ले ऑफ में हमें जज्बे के साथ दमदार खेल जारी रखना होगा। हमने शुरू के दो मैच खेले वे खासी करीबी रहे थे। हमारे गेंदबाजों बराबर सही लेंग्थ के साथ गेंदबाजी की बेशक एक दो गेंद तो बाउंड्री के पार जाएगी लेकिन बावजूद इसके अपनी लेंग्थ पर भरोसा करना जरूरी है। मै अपनी खुद की बल्लेबाजी से खुश हूं। आप जब भी आउट होते हैं तो आप बराबर यह सोचते हैं कि आप इससे बेहतर कर सकते थे। हमारी कैचिंग बेहतर रही और उम्मीद करते हैं यह जारी रहेगी। जरूरत अच्छी चीजें जारी रखने की है। पिछले सीजन में 12 मैचों के बाद हम पहले स्थान पर थे और आईपीएल 2026सीजन भी अब तक ऐसा ही रहा। पिछले सीजन में हम आखिरी दो मैच हार गए थे। बहुत कुछ जाना पहचाना सा ही लगता लेकिन मुझे नहीं लगता मौजूदा सीजन में हमने कुछ अलग किया है। हम बराबर पहले अथवा दूसरे स्थान पर रहे। मुझे नहीं लगता कि हमने इस सीज़न में कुछ खास अलग किया है।आरसीबी और सीएसके जैसी टीमों को बेशक फायदा होगा।’
मंगलवार क्वॉलिफायर 1 : आरसीबी व गुजरात टाइटंस (धर्मशाला, शाम साढ़े सात बजे से)।