सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : कप्तान रजत पाटीदार की मात्र 33 गेंदों पर 9 छक्कों और पांच चौकों की मदद से अविजित 93 रन की तूफानी पारी की बदौलत 5 विकेट पर 254 रन बनाने के बाद मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) ने तेज गेंदबाज जैकब डफी (3/39), भुवनेश्वर कुमार (2/28) , रसिक सलाम शेख (2/ 24) और बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांडया(2/16) के गेंदबाजी इकाई के रूप में धारदार प्रदर्शन की बदौलत गुजरात टाइटंस को तीन गेंदों के बाकी रहते धर्मशाला में आईपीएल 2026 क्वॉलिफायर 1 में मंगलवार रात 162 रन पर ढेर कर 92 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में स्थान बना लिया। गुजरात टाइटंस पर इस हार के बावजूद अभी भी क्वॉलिफायर 2 में जीत के साथ अपने घरेलू मैदान अहमदाबाद में फाइनल में स्थान पाने का मौका है। गुजरात टाइटंस को फाइनल में स्थान पाने के लिए इलिमिनेटर की विजेता को 29 मई को हराना होगा।
मैन ऑफ द’ मैच कप्तान रजत पाटीदार ने आरसीबी को क्वॉलिफायर 1 जिता फाइनल में पहुंचाने पर कहा, ‘हमारे लिए क्वॉलिफायर एक सुपर मैच रहा। हमारे बल्लेबाजों का पूरे जोश के साथ हावी हो खेलना हमारे लिए बहुत बढ़िया रहा। हमारी यह कोई साफ योजना नहीं थी लेकिन हम इसके लिए तैयार थे। हमें ऐसा दर्शाना था कि हम इसके लिए तैयार हैं और हमारे हर बल्लेबाज आक्रामक तेवरों के साथ बल्लेबाजी कर मैदान यह दिखाया भी । मैं शुरू में 8-10 गेंद खेल कर पिच के मिजाज को पढ़ने की कोशिश करता हूं और फिर मैं यह तय करता हूं कि मुझे अपनी पारी आगे किस तरह बढ़ानी है। मुझे अपने विकेट की चिंता नहीं थी। मैं गेंदबाज पर दबाव बनाने की कोशिश करता हूं। पिच में दोहरे उछाल वाली थी और इस पर गेंद को मनमाफिक ढंग से उड़ाना उतना आसान नहीं था। मौजूदा आईपीएल में गुजरात टाइटंस अब तक जिस तरह खेली तो हमारी सोच साफ थी कि हमें उसके खिलाफ जीतना है तो हमें उसके तीन मुख्य बल्लेबाजों को पॉवरप्ले में आउट करना होगा और हमारी यह सोच सही साबित हुई।’
फाइनल में पहुंचने का श्रेय पर्दे के पीछे योजना बनाने को : भुवनेश्वर कुमार
मौजूदा आईपीएल में 15 मैचों में सबसे ज्यादा 26 विकेट चटका पर्पल कैप पर कब्जा जमाने वाले आरसीबी के स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार ने कहा, ‘हमारे फाइनल में पहुंचने का बहुत श्रेय पर्दे के पीछे योजना बनाने को है। हम यदि सही योजना बनाते हैं तो फिर उसे सही ढंग से अमली जामा भी पहना सकते हैं। इसमें सभी का योगदान है। हमारा अनुभव, सपोर्ट स्टाफ और उनके किए छोटे छोटे प्रयास। यही सब हमारे लिए कारगर रहता है। हमें सभी आंकड़ों से मिली जानकारी का इस्तेमाल करते हैं। आंकड़ो से हमें नए खिलाड़ी के प्रदर्शन की बाबत बहुत कुछ जानने को मिल जाता है। हमारी पूरी कोशिश रही बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका न मिले। हम बल्लेबाज को बराबर एलबीडब्ल्यू और बोल्ड करने की कोशिश में रहे थे और बस यही हमारी योजना थी।’
बड़े स्कोर का पीछा करने के लिए पॉवरप्ले में बढ़िया आगाज जरूरी : शुभमन गिल
आरसीबी के हाथों हार पर गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ‘हमारी कैचिंग और ग्राउंड फील्डिंग स्तरीय नहीं रही। हम आरसीबी के खिलाफ मैच को भुला देना चाहेंगे। हमने टीम बैठकों में अभ्यास सत्रों भी अपनी टीम की फील्डिंग को लेकर चर्चा की और यह बात सामने आई की दबाव में हमारी फील्डिंग बिखर जाती रही है और कैच भी छूट रहे हैं। बड़े स्कोर का पीछा करने के लिए पॉवरप्ले में बढ़िया आगाज जरूरी है और धर्मशाला जैसे मैदान पर गेंद बहुत तेजी से निकलती है क्योंकि आउटफील्ड बहुत तेज है। हमने अपनी पारी का बढ़िया आगाज किया होता तो हम आरसीबी के बड़े स्कोर का पीछा कर इसे हासिल कर सकते थे।’





