टी 20 महिला क्रिकेट विश्व कप में मेरी और शैफाली वर्मा की अहम भूमिका होगी: मंधाना

Shafali Verma and I will play a key role in the T20 Women's Cricket World Cup: Mandhana

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज से जाना, कहां क्या सुधार की जरूरत

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : कप्तान हरमनप्रीत कौर का बेहतरीन अर्द्धशतक और तेज गेंदबाज अरुधंति रेड्डी (2/31) व क्रांति गौड़ (2/40) की धारदार गेंदबाजी भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम के काम न आई। हरमनप्रीत कौर (56 रन, 40 गेंद, 7 चौके) और सदाबहार स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (32 रन,24 गेंद, 3 चौके) की पांचवें विकेट की 67 रन की भागीदारी और यस्तिका भाटिया की मात्र 17 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 32 रन की तेज पारी के बावजूद भारत के पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 180 रन के जवाब में एलिस कैप्सी (अविजित 82 रन 43 गेंद, तीन छक्के, 9 चौके) और हीदर नाइट (अविजित 70 रन, 42 गेंद, 10 चौके) की पांचवें विकेट की 137 अटूट भागीदारी इंग्लैंड ने नौ गेंद के बाकी रहते चार विकेट पर 184 रन बना टांटन में तीसरा और आखिरी टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में छह विकेट से जीत सीरीज 2-1 से जीती। जेमिमा रॉड्रिग्ज और नंदिनी शर्मा के अर्द्बशतकों से भारतीय महिला क्रिकेट टीम इंग्लैंड से पहला टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच जीतने के बाद अगले लगातार दोनों मैच हार कर सीरीज गंवा बैठी। इंग्लैंड की कप्तान एलिस कैप्सी तीसरे और आखिरी टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में अर्द्बशतक सहित कुल 118 रन बना मैच और सीरीज की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित की गईं। भारत के लिए इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में यस्तिका भाटिया, जेमिमा रॉड्रिग्ज और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक एक अर्द्धशतक जड़ा। भारत की उपकप्तान स्मृति मंधानाऔर शैफाली वर्मा की सलामी जोड़ी इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में कुल 75 रन ही बना पा्ई। मंधाना और शैफाली वर्मा की सलामी जोड़ी इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में 19, 27,0 की भागीदारी ही कर पाई।भारत के लिए यस्तिका भाटिया ने तीन टी 20 मैचों की सीरीज में इंग्लैंड के एक अर्द्धशतक सहित सबसे ज्यादा 119 रन बनाए

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने अपने घर में बीते बरस आईसीसी महिला वन डे क्रिकेट विश्व कप जीता था। हरमनप्रीत कौर की अगुआई में ही भारतीय महिला टीम की निगाहें अब इंग्लैंड में आईसीसी टी 20 महिला क्रिकेट विश्व जीतने पर लगी हैं। इंग्लैंड से टांटन में तीसरा और आखिरी टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच हारने के साथ सीरीज 1-2गंवाने के बाद भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा, ‘ हमारी टीम को अब आगे आईसीसी टी 20 महिला क्रिकेट विश्व कप के लिए पूरी तरह चौकस हो बढ़िया प्रदर्शन करने की जरूरत है। आईसीसी टी 20 महिला क्रिकेट विश्व कप में मेरी और शैफाली की अहम भूमिका होगी। मैं और शैफाली गेंद को बढ़िया ढंग से टाइम करने के बावजूद बदकिस्मती से टी 20 सीरीज में बल्ले से कोई बड़ा योगदान नहीं कर पाई। अब हम दोनों ही नेटस पर वापस लौट और कड़ी मेहनत जारी रखेंगी, जिससे सलामी जोड़ी के रूप में हम दोनों ही बेहतर ढंग से वापसी कर सकें। हम दोनों ही टीम को बढ़िया शुरुआत देने के साथ लय बनाए रखते में गर्व महसूस करती हैं। हम दोनों सलामी जोड़ी के रूप में कड़ी मेहनत जारी रखेंगी।मेजबान इंग्लैंड के हाथों टी 20 सीरीज गंवाने के बावजूद वहां जाकर खेलने से हमें खुद को आईसीसी महिला टी 20 क्रिकेट विश्व कप के लिए इंग्लैंड की स्थिति के मुताबिक ढालने का मौका मिलना हमारे लिए हौसला बढ़ाने वाला है।इंग्लैंड के खिलाफ टी 20 सीरीज से हमें यह भी जानने का मौका मिल गया कि हमें कहां क्या सुधार करने की जरूरत है। जहां तक हमारी गेंदबाजी का ताल्लुक है हम ड्राइंग बोर्ड पर वापस लौट कर देखेंगे कि हमारे क्या बेहतर विकल्प है। हमने टी 20 सीरीज से पहले भी यही किया और फिर यही कर सकते हैं।‘

उन्होंने कहा, ‘हरमनप्रीत ने तीसरे और आखिरी टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में दबाव में अविजित 56 रन की बेहतरीन पारी खेली। हरमनप्रीत जब पूरे रंग में होती तो उन्हें बल्लेबाजी करते देखना गजब का अनुभव होता है। मेरा मानना है कि हमारी टीम की हर कोई अच्छे रंग में है। हरमनप्रीत की बढ़िया पारी से मैं खुश हूं ही मुझे लगता है कि हमारी टीम की सभी खिलाड़ी रंग में है और आईसीसी टी 20 महिला क्रिकेट विश्व कप से पहले यह एक संकेत है। जैमिमा रॉड्रिग्ज और हरमनप्रीत कौर को मैदान से बाहर से खेलते देखना बेशक बहुत अच्छा लगता है। अब मैं उम्मीद करती हूं कि इन दोनों को मुझे मैदान पर भी खुद उन्हें खेलते देखने का भी मौका मिलेगा। टी 20 क्रिकेट में मैच मे तस्वीर बराबर बदलती रहती है। हमने इंग्लैंड के खिलाफ मंगलवार को तीसरे आखिरी टी 20 मैच में एक समय मात्र 38रन पर उसके तीन विकेट चटक दिए थे लेकिन इसके बाद कैप्सी और हीदर नाइट ने अटूट भागीदारी कर मेजबान टीम को मैच जिता दिया।’

भारत आईसीसी टी 20 महिला क्रिकेट विश्व कप में अपने अभियान का 14 जून को बर्मिंघम में मच खेल कर करेगी। भारत की उप कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा,‘बर्मिंघम में हम पाकिस्तान के खिलाफ जब राष्ट्रमंडल खेलों में खेले थे और तब मैच के सभी टिकट पहले ही बिक गए थे। हमें केवल भारत- पाकिस्तान मैच ही नहीं बल्कि आईसीसी टी 20 महिला क्रिकेट विश्व कप भी खूब प्रचार करना होगा। हालांकि इसका पहले से ही प्रचार जारी है। मैं उम्मीद करती हूं कि हमारे बहुत प्रशंसक हमें टी 20 महिला क्रिकेट विश्व कप में देखते आएंगे। मुझे उम्मीद है कि अपने प्रशंसकों के लिए इस टी 20 महिला विश्व कप में बढ़िया प्रदर्शन करने में बढ़िया प्रदर्शन करने में कामयाब रहेंगे।‘

टी 20 विश्व कप में एकादश को लेकर हमारी सोच स्पष्ट : हरमनप्रीत कौर
भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इंग्लैंड के हाथों तीसरा और आखिरी टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच हार सीरीज गंवाने पर कहा,‘ हमें जीत के लिए इंग्लैंड का एक और विकेट चटकाने की जरूरत थी लेकिन कैप्सी और हीदर की भागीदारी को तोड़ नहीं पाए। हमे विकेट चटकाने को छोड़ आखिरी टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच से बहुत कुछ सीखने को मिला।हमारी टीम अब महिला टी 20 विश्व कप में विश्वास के साथ उतरेगी। टी 20 विश्व कप में अपनी सर्वश्रेष्ठ एकादश को लेकर हमारी सोच काफी हद तक स्पष्ट है और इससे पहले हमारे पास दो अभ्यास मैच और हैं और हम और संयोजनों की बाबत भी सोच सकते हैं। हमारे पास एकादश से फिलहाल बाहर भी बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उनके लिए भी मौका है। हमारे जेहन में टी 20 विश्व कप के लिए अपनी एकादश लगभग साफ है। हमारे जल्द इंग्लैंड आने का मकसद यहां की स्थितियों के मुताबिक खुद को ढालना था। उम्मीद है कि हमें टी 20 विश्व कप के लिए सही एकादश मिल जाएगी।‘