- पंत और कुलदीप यादव के प्रदर्शन पर रहेंगी चीफ कोच गंभीर की निगाहें
- साई सुदर्शन तीसरे नंबर उतरेंगे, पड्डीकल को करना पड़ेगा इंतजार
- स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे और सुथार में एकादश में स्थान की होड़
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : शुभमन गिल की अगुआई में भारत मेहमान अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से न्यू चंडीगढ़ में शुरू हो रहे इकलौते क्रिकेट टेस्ट में अपनी श्रेष्ठता बरकरार रखने उतरेगा। न्यू चंडीगढ़ के स्टेडियम की पिच काली मिट्टी की है जो कि बल्लेबाजों के लिए मुफीद मानी जाती है। इस पिच पर भारत की कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल , उपकप्तान केएल राहुल, साई सुदर्शन और ऋषभ पंत को जलवा दिखाना होगा। भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी आईपीएल में सफेद गेंद से दे दनादन क्रिकेट खेल कर आ रहे हैं। भारतीय बल्लेबाजों के लिए खुद टेस्ट में लाल गेंद के मुताबिक खेलने के लिए ढालने की चुनौती जरूर होगी। दिलचस्प बात है कि अफगानिस्तान ने अपने टेस्ट करियर का आगाज भारत के खिलाफ बेंगलुरू में 14 जून, 2018 कर मात्र दो दिन में पारी व 262 रन से हार कर किया था। अफगानिस्तान टेस्ट भले ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल का हिस्सा नहीं है लेकिन यह टेस्ट अब और अब और अगस्त के बीच भारत के श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज खेलने जाने से पहले बेहद अहम रहेगा। भारत इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके घर में दो और टेस्ट मैच खेलेगा।
भारत इसीलिए अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट मैच में पूरी शिद्दत से उतरेगा। दुनिया की दिग्गज टेस्ट टीम में से एक भारत अपने घर में दक्षिण अफ्रीका से बीते बरस पिछली दो टेस्ट की सीरीज पहली बार 0-2 से हार गई और इस पर मौजूदा चीफ कोच गौतम गंभीर की कोचिंग को लेकर काफी सवाल उठे थे। गौतम गंभीर ने बतौर चीफ कोच भारत को अपने घर में अपने मार्गदर्शन में साल के शुरू आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप जिता अपने आलोचकों को जवाब जरूर दे दिया।गंभीर बतौर चीफ कोच अपने मार्गदर्शन में टीम इंडिया को दुनिया की नंबर 1 टेस्ट टीम बनते देखना चाहते हैं। गंभीर ने अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट मैच की पूर्व संध्या पर कहा इसीलिए कहा भी कि वह अभी भी भारत के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की पूरी उम्मीद है। साथ ही गंभीर ने साफ कर दिया कि साई सुदर्शन ही शनिवार को शुरू हो रहे इकलौते टेस्ट में भारत के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरेंगे क्योंकि उन्हें अभी पर्याप्त मौके नहीं मिले हैं और देवदत्त पड्डीकल को अभी टेस्ट एकादश में वापस स्थान पाने के लिए इंतजार करना पड़ेगा। दक्षिण अफ्रीका के हाथों टेस्ट सीरीज बीते बरस 0-2 की हार में नियमित कप्तान शुभमन गिल चोट के चलते कोलकाता का पहला टेस्ट ही खेल पाए जबकि दूसरे टेस्ट में उपकप्तान ऋषभ पंत ने कप्तानी की थी। भारत के बल्लेबाजों ने अपने घर कोलकाता और गुवाहाटी में स्पिन की मददगार पिचों पर दक्षिण अफ्रीका के लिए दो टेस्ट में 17 विकेट लेकर मैन ऑफ द’ सीरीज रहे ऑफ स्पिनर साइमन के खिलाफ जिस तरह घुटने टेके थे उससे उनके स्पिन को खेलने के कौशल पर ही सवाल उठे थे। ऋषभ पंत को इसी के चलते मौजूदा टेस्ट सीरीज में उपकप्तान से हटा कर 2018 में अफगानिस्तान से टेस्ट मैच जीतने वाली भारतीय टीम के मौजूदा टीम के इकलौते सदस्य केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है।
अफगानिस्तान की भारत से 2018 में अपना पहला टेस्ट हारने वाली टीम के हशमतुल्लाह शाहिदी और विकेटकीपर अफसर जजई ही मौजूदा टीम में हैं। अफगानिस्तान के लिए टेस्ट में हशमतुल्लाह शाहिदी ने दो और रहमत शाह ने एक दोहरा शतक जड़ा है और इन दोनों ने यह कारनामा उसके लिए 11 -11 टेस्ट खेल कर जिम्बाब्वे के खिलाफ किया है। अफगानिस्तान ने अपने अनुभवी लेग स्पिनर राशिद खान और इब्राहिम जादरान को आराम दिया है। अफगानिस्तान की टीम मेजबान जिम्बाब्वे से हरारे में खेला अपना पिछला और इकलौता टेस्ट पारी और 73 रन से हार कर भारत के खिलाफ इकलौता टेस्ट खेलने आ रही है। अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ हार से अपने टेस्ट करियर का आगाज करने के बाद अगले आठ बरस में आयरलैंड और बांग्लादेश से अगले दो टेस्ट सहित अब तक अब तक खेले कुल 12 टेस्ट मैच मे चार जीते, सात हारे व एक ड्रॉ खेला है। अफगानिस्तान ने बेशक वन डे और टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई लेकिन टेस्ट में वह अभी भी अपना वजूद बनाने को जूझ रहा है।
अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट में भारत के अपने टेस्ट करियर का 50 वां टेस्ट खेलने जा रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों के हाथों खासी धुनाई के बावजूद टेस्ट टीम में जगह बरकरार रखने वाले बाएं हाथ के कलाई के लेग स्पिनर कुलदीप यादव के प्रदर्शन पर खासतौर टीम के चीफ कोच गौतम गंभीर की निगाहें रहेंगी। साथ ही यह भी देखना होगा कि तीसरे नंबर पर साई सुदर्शन इकलौता टेस्ट में भारत के चीफ कोच गंभीर की उम्मीदों पर कितना खरा उतरते हैं। साई सुदर्शन ने भारत के लिए इंग्लैंड के मुश्किल दौरे सहित कुल छह टेस्ट मैच खेल कर 87 रन के सर्वोच्च स्कोर सहित दो अर्द्धशतकों सहित 302 रन बनाए हैं।ऋषभ पंत ने अपने टेस्ट करियर का आगाज विराट कोहली की कप्तानी में 6 दिसंबर, 2018 को एडिलेड में किया और इसमें 25 और 28 रन की उपयोगी पारियां खेल कर भारत को 30 रन से जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। ऋषभ पंत की ताकत बेशक उनकी नैसर्गिक आक्रामक बल्लेबाजी है और अपने इसी अंदाज से अब तक 49 टेस्ट मैच में उन्होंने आठ शतकों और 18 अर्द्धशतकों के साथ 42.91 की औसत से 159* के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ 3476 रन बनाए हैं। ऋषभ पंत चार बार 92 रन के पार पहुंचने के बाद आउट नहीं हुए होते तो बेशक उनके अब तक 12 टेस्ट शतक होते। चीफ कोच गौतम गंभीर अभी भी ऋषभ पंत को पांचवें नंबर पर ‘गेमचेंजर’ मानते हैं और वह उनसे जोश के साथ खेलना जारी रखते हुए उनसे साथ में बस थोड़े होश की आस करते हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट से पहले इसीलिए नेट के पीछे से चीफ कोच गंभीर ने खासतौर पर स्पिनरों के खिलाफ बल्लेबाजी पर निगाह रखी और वह भी संयम से खेलते नजर आए। ऋषभ पंत बस इसी अंदाज में अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट में खेले तो वह बेशक बड़ी पारी खेल कर एक बार फिर खुद को भारत का टेस्ट का नंबर एक विकेटकीपर बल्लेबाज साबित कर सकते हैं।
यशस्वी जायसवाल के साथ उपकप्तान केएल राहुल के साथ शनिवार को भारत की पारी का आगाज करते नजर आएंगे। विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद कप्तान शुभमन गिल के खुद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करना तय करने सेसाई सुदर्शन अब शनिवार को इकलौते टेस्ट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते दिखेंगे। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंतअपने चिर परिचित पांचवें नंबर पर, छठे पर ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर, सातवें पर नीतिश कुमार रेड्डी अथवा ध्रुव जुरेल,आठवें पर हर्ष दुबे के बल्लेबाजी के लिए उतरने की उम्मीद है। फिर कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज व प्रसिद्ध कृष्णा का नंबर आता है। साई सुदर्शन को भारत की टेस्ट एकादश में जगह पक्की करनी है तो फिर अफगानिस्तान के खिलाफ मिलने वाले मौके को भुनाने की जरूरत है। ऐसे में साई से भारत बेशक बड़ी पारी की उम्मीद कर सकता है। साई सुदर्शन ने आईपीएल 2026 फाइनल में आरसीबी से हार कर उपविजेता रही गुजरात टाइटंस के लिए 700 से ज्यादा रन बना दर्शाया है कि वह पूरे रंग में है।
तुरुप के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अब भारत के लिए केवल टेस्ट और वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे रवींद्र जडेजा को आराम दिया और अक्षर पटेल को टीम से बाहर कर दिया है। भारत के सहायक कोच रेयन टेन दोइत्श ने अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट में एक खालिस स्पिनर कुलदीप यादव और दो स्पिन ऑलराउंडरों सहित तीन स्पिनरों और दो तेज गेंदबाजों के साथ उतरने का संकेत दिया है। दो स्पिन ऑलराउंडरों में वाशिंगटन सुंदर का चुना जाना तय है लेकिन दूसरे स्पिन ऑलराउंडर के रूप में घरेलू क्रिकेट सीजन में खासा दमदार प्रदर्शन करने वाले बाएं हाथ के दो स्पिनर ऑलराउंडरो विदर्भ के हर्ष दुबे और राजस्थान के मानव सुथार के बीच भारत की टेस्ट एकादश में स्थान पाने की होड़ रहेगी । रहमत शाह अफगानिस्तान के तकनीकी रूप से सबसे मजबूत बल्लेबाज हैं और उन्होंने अपनी टीम के लिए टेस्ट में अब तक सबसे ज्यादा शतक व अर्द्बशतक जड़े हैं। रहमत को लंगर डाल कर बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है और इब्राहिम जादरान को आराम दिए जाने पर अफगानिस्तान को मजबूत स्कोर तक पहुंचने की जिम्मेदारी कप्तान शाहिदी के साथ उन पर होगी।





