सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : स्ट्राइकर -ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत के पेनल्टी कॉर्नर पर दागे दो और नवनीत कौर के एक बेहतरीन गोल की बदौ़लत भारतीय महिला हॉकी टीम ने पिछड़ने के बाद अमेरिका को ऑकलैंड में महिला नेशंस कप हॉकी के मैच में सोमवार सुबह पूल ए के मैच में 3-2 से जीत दर्ज की। सेसा एशले और जिमर मेडलाइन ने पहले ही क्वॉर्टर में गोल कर अमेरिका को 2-0 कर दिया था
सेसा एशले ने चौथे ही मिनट में भारत की डी में घुस कर जोरदार वॉली जमा गोल कर अमेरिका का खाता खोला। जिमर मेडलाइन ने तीन मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर अमेरिका को 2-0 से आगे कर दिया। दो गोल से पिछड़ने के बाद भारत की महिला हॉकी टीम ने धीमे धीमे मैच पर अपनी पकड़ बनाई।भारत की ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत ने दूसरे क्वॉर्टर के दूसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर बढ़िया ड्रैग फ्लिक से गोल कर स्कोर 1-2 कर अपनी टीम की मैच में वापसी करा दी । दीपिका ने दूसरा क्वॉर्टर खत्म होने से छह मिनट पहले एक और पेनलटी कॉर्नर को गोल में बदल कर भारत को दो दो की बराबरी दिला दी। नवनीत कौर ने दूसरा क्वॉर्टर खत्म होने से पहले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल पहली बार भारत को 3-2 से आगे कर दिया।
दूसरे हाफ में भारत ने अपनी बढ़त को बढ़ाने और अमेरिका ने बराबरी पाने की पुरजोर कोशिश की लेकिन मैच में और गोल नहीं हुआ। भारत और अमेरिका दोनों को ही मैच में छह छह पेनल्टी कॉर्नर मिले। भारत पूल ए में एक मैच में एक जीत के साथ तीन अंक लेकर दूसरे स्थान पर पहुंच गया। जापान की टीम गोल अंतर के आधार ग्रुप ए में शीर्ष पर है।
भारत अपना अगला मैच 16जूपन को सुबह साढ़े छह बजे से खेलेगा।





