डायज के अनुकरणीय खेल से कोलंबिया की उज्बेकिस्तान पर रोमांचक जीत

Colombia's thrilling victory over Uzbekistan, driven by Diaz's exemplary performance

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : स्ट्राइकर लुइस डायज के अनुकरणीय खेल की बदौलत दक्षिण अमेरिकी टीम कोलंबिया ने अपनी मजबूत किलेबंदी के लिए ख्यात उज्बेकिस्तान को मैक्सिको सिटी में फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में ग्रुप के में रोमांचक मैच में 3-1से हरा कर शानदार आगाज किया। लुइस डायज के बेहतरीन पास पर डैनियल मुनोज ने कोलंबिया का खाता खोला। लुइस डायज ने दूसरे हाफ में खुद पैरों की कलाकारी दिखा कर गजब का गोल कर कोलंबिया को 2-1 से आगे किया और जेमिटन कैम्पाज ने खेल खत्म ठीक पहले इंजुरी टाइम में गोल कर कोलंबिया को 3-1 से मैच जिता दिया। पराजित उज्बेकिस्तान की ओर से इकलौता गोल अबूजबेक फयाजुली ने दूसरे हाफ में दागा।

कोलंबिया के मिडफील्डर जॉन अरियाज ने मैक्सिको में अपने प्रशंसकों की हौसलाअफजाई के बीच मैच के 17वें मिनट में उज्बेकिस्तान के बॉक्स के बीच तेज शॉट जमाया लेकिन बहुत करीब से उनका निशाना लक्ष्य चूक गया। लुइस डायज ने मैच के 32 वें मिनट में बाएं पैर से तेज शॉट जमाया लेकिन उज्बेकिस्तान के गोलरक्षक उत्किर यूसुपोव ने इसे रोक कर कोलंबिया को बढ़त लेने से रोक दिया। कोलंबिया के लगातार हमलों के सामने यह साफ दिखाई दिया कि किसी भी वक्त उज्बेकिस्तान का किला बिखर जाएगा। डायज के अचूक पास पर हाफ टाइम से पांच मिनट पहले मुनोज ने पैर से गेंद को फ्लिक कर गोल में डालकर कोलंबिया का खाता खोला। एल्डर शुमरोदोव के बाएं से बढ़िया क्रॉस पर दोस्तोनबैक खामादोव की जोरदार वॉली जमाई पर गेंद गोलस्तंभ को टकरा बाहर और मैच के 60 वें मिनट में अबूजबेक फयाजुली ने लपक कर गोल में डालकर उज्बेकिस्तान को एक एक की बराबरी दिला दी। पहली बार शिरकत कर रही उज्बेकिस्तान की बराबरी की खुशी ज्यादा देर तक कायम नहीं रही। स्ट्राइकर लुइस डायज के पांच मिनट बाद बॉक्स के भीतर तेज नीचे शॉट पर गेंद उज्बेकिस्तान के गोलरक्षक यूसुपोव के हाथ को लग कर गोल में जा पहुंची और कोलंबिया ने 2-1 की बढ़त ले ली। जेमिटन कैम्पाज ने खेल खत्म होने से ठीक पहले गोल कर कोलंबिया को 3-1 से मैच जिता दिया।