सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : तिबोहो मोकोइना के खेल खत्म होने से सात मिनट पहले पेनल्टी किक पर दागे गोल की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने चेकिया को फीफा विश्व कप फुटबॉल2026 के ग्रुप ए के मैच में शुक्रवार को अटलांटा स्टेडियम, अटलांटा में एक एक की बराबरी पर रोक कर अंक बांटे। माइकल सदिलेक ने पांच मिनट और 8 सेकंड में मौजूदा विश्व कप का सबसे तेज गोल कर चेकिया को 1-0 से आगे कर दिया। इस विश्व कप में फेलिक्स नेमचा ने जर्मनी के लिए कुरासाओ के खिलाफ पांच मिनट और 16 सेकंड में गोल किया जो कि सदिलेक के गोल से पहले मौजूदा संस्करण का सबसे तेज गोल था। चेकिया के कोच मिरोस्लाव कुबैक ने इस मैच में अपनी टीम से तेज आगाज की आस लगाई और टीम उनकी उम्मीदों पर खरी उतरी। एडम हलोजक के क्रॉस पर अलेक्जेंडर सोका ने नफासत से गेंद सदिलेक के लिए बढ़ाई और उन्होंने दनदनाता शॉट जमा दक्षिण अफ्रीका के गोलरक्षक रोनवेन विलियम्स को छका कर गोल कर चेकिया को बढ़त दिलाई
दक्षिण अफ्रीका के कोच हयूबो ब्रोज ने दूसरे हाफ में 21 बरस के तेज तर्रार स्ट्राइकर रिलोबोली मोफोकेंग को उतारा और उन्होंने कई खतरनाक हमले लेकिन चेकिया की रक्षांक्ति ने मुस्तैदी दिखा उन्हें रोक दिया। चेकिया की रक्षापंक्ति में डिफेंडर लदिस्लाव क्रेसीजी ने दक्षिण अफ्रीका के हमलो को नाकाम किया। मैच के 83 वें मिनट में चेकिया के पावेल सुल्च ने अपने बॉक्स में हाथ से गेंद को रोका । इस पर मिली पेनल्टी किक को मोकोइना ने चेकिया के गोलरक्षक मातेज कोवर को गच्चा दे अचूक शॉट जमा गोल कर दक्षिण अफ्रीका को एक एक की बराबरी दिला दी।
हमें गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ा : कुबैक
चेकिया के कोच मिरोस्लाव कुबेक ने कहा,‘हम मैच के नतीजे से नाखुश हैं। मेरा मानना है कि आप यदि हमारे द्वारा बनाए गोल के मौकों को देखेंगे तो पाएंगे हम जीत के करीब थे लेकिन हमें अपनी गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ा। बावजूद इसके मैं कहूंगा कि हम दूसरे हाफ में बेहतर खेले।’
हम द.कोरिया से मैच जीतना ही होगा : ब्रूज
दक्षिण अफ्रीका के कोच हयूगो ब्रूज ने कहा,‘ मुझे अपनी टीम बहुत फख्र है। यह बाफना, बाफना है, हमें बढ़िया फुटबॉल से प्यार है। हमने आक्रामक खेल दिखा गोल करने के मौके बनाए। बेशक हमने गलतियां की बावजूद इसके शुक्रवार के टीम के प्रदर्शन पर मुझे गर्व है। चेकिया लंबे खिलाड़ियों की एक मजबूत टीम है। हमारी टीम ने बहुत बढ़िया प्रदर्शन किया। यह जरूर कुछ निराशाजनक है मैच एक एक से ड्रॉ रहा। अब हमें दक्षिण कोरिया से अपना मैच जीतना होगा, जो कि खासा मुश्किल काम है। हम यदि शुक्रवार की सी ही सोच से खेले तो यह दक्षिण कोरिया से जीत सकते हैं।





