सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : जोनाथन डेविड की हैट्रिक की बदौलत सह मेजबान कनाडा ने नौ खिलाड़ियों से खेल रही कतर पर बीसी प्लेस वैंकूवर में फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में शुक्रवार को ग्रुप बी के मैच में 6-0 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। कनाडा की यह पहली जीत है और अब उसके दो मैचों से चार अंक हो गए हैं। कनाडा ने बोस्निया हर्जेगोविना के खिलाफ अपना पहला मैच ड्रॉ खेला था । कनाडा के स्विटजरलैंड की तरह दो दो मैचों से समान रूप से एक एक जीत और एक एक ड्रॉ के साथ चार अंक हैं। कनाडा अपने बेहतर गोल अंतर के कारणग्रुप बी में फिलहाल शीर्ष पर है।
डेविड ने पहले हाफ में दो गोल और दूसरे हाफ में इंजुरी टाइम में मैच का अपना तीसरा गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। जोनाथन मौजूदा विश्व कप में अर्जेंटीना के लियोनल मैसी के बाद हैट्रिक जमाने वाले दूसरे फुटबॉलर बन गए हैं। कनाडा के लिए साइल लारिन, बदलू खिलाड़ी नाथन सालिबा ने भी एक एक गोल किया जबकि एक गोल कतर के मोहम्मद मनई के आत्मघाती गोल के रूप में सह मेजबान को ‘उपहार’ के रूप में मिला।
साइल लारिन ने बोस्निया हर्जेगोविना के खिलाफ गोल कर कनाडा को मैच ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई थी। लारिन ने मैच के 16 वें मिनट में शुक्रवार को कतर के गोलरक्षक महमूद अबुंडा के हाथ को लगकर लौटती गेंद को गोल में डाल कर कनाडा का खाता खोला। जॉनाथन डेविड ने मैच के 29 वें मिनट बॉक्स के ठीक से दनदनाती वॉली जमा कतर के गोलरक्षक महमूद अबुंडा को छका गोल कर अपना मैच का पहला गोल कर कनाडा को 2-0 से आगे कर दिया। कतर के होमान अहमद को मैच के 30 वें मिनट में कनाडा के ताजोन बुकानन को गिराने पर रेड कार्ड दिखा कर मैदान से बाहर भेज दिया और तब उसके मैदान पर दस ही खिलाड़ी रह गए। जोनाथन डेविड ने इसका लाभ उठा कर पहले हाफ के खत्म होने से पहले तीन मिनट के इंजुरी टाइम में अपना मच का दूसरा गोल कर कनाडा को हाफ टाइम तक 3-0 से आगे कर मैच पर पूरी तरह उसकी पकड़ बना दी थी।
दूसरे क्वॉर्टर के शुरू में कनाडा के इस्माइल कोन को गिराने पर असीम मदिबो को रेफरी ने रेड गए। कार्ड दिखा कर मैदान से बाहर भेजे जाने पर कतर के मैदान पर नौ ही खिलाड़ी रह गए। नाथन सलीबा ने फ्री किक पर मैच के 64 वें मिनट में गोल कर कनाडा की बढ़त 4-0 कर दी। कतर के मोहम्मद मनई हड़बड़ी में अपने ही गोल में गेंद को डाल बैठे और उनके इस आत्मघाती गोल से कनाडा को 5-0 की बढ़त मिल गई। जोनाथन डेविड ने खेल खत्म होने से पहले इंजुरी टाइम में मैच के 92 में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी कर कनाडा को 6-0 से मैच जिता दिया।
हमने दुनिया को बताया कि कनाडा की टीम की क्या है: लारिन
अपनी टीम की बड़ी जीत के बाद कनाडा के स्ट्राइकर साइल लारिन ने कहा,‘ हमने दुनिया को बता दिया कि कनाडा की टीम की क्या है। हमारे कई अनजान से खिलाड़ियों ने अपनी पहचान बनाई है। हमने मैच में जूझने का जज्बा दिखाया। हमने दिखा दिया कि हम विश्व कप जैसे दुनिया के बड़े मंच पर बढ़िया प्रदर्शन कर सकते हैं। हमने बस आगाज किया। इस्माइल के चोटिल होने का अफसोस है। अच्छी बात यह रही कि हमने अपना मैच जीता। अभी हमारा काम पूरा नहीं हुआ। अब हमारे सामने स्विटजरलैंड की टीम है। मेरा मानना है कि हम और बेहतर कर सकते हैं।‘





