सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : हरमनप्रीत कौर की अगुआई में पाकिस्तान और नीदरलैंड से अपने शुरू के दोनों मैच आसानी जीतने के बाद भारत का आईसीसी महिला टी 20 क्रिकेट विश्व कप में पहला बड़ा इम्तिहान रविवार को ग्रुप 1 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैनचेस्टर में होगा। भारतीय महिला टीम के लिए ग्रुप 1 शीर्ष दो में रह सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में कम से कम एक को हराना जरूरी है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस इम्तिहान को पास करने को प्रतिबद्ब है। दक्षिण अफ्रीका की टीम ऑस्ट्रेलिया के हाथों 65 रन से हार से आगाज करने के बाद बहुत पसीना बहाने के बाद जैसे तैसे हांफते हांफते पाकिस्तान को दूसरे मैच में दो विकेट से जीत पाई। भारत की महिला टीम भले ही दक्षिण अफ्रीका से इस साल अप्रैल में उसके घर में उससे पांच मैचों की टी 20 सीरीज 1-4 से हार गई थी। भारत की उपकप्तान उपकप्तान स्मृति मंधाना ने इंग्लैंड में जिस तरह मौजूदा टी 20 विश्व कप के शुरू के दो मैचों में दो और उनकी सलामी जोड़ीदार शैफाली वर्मा ने एक अर्द्धशतक जड़ा है और कप्तान हरमनप्रीत सिंह और विकेटकीपर बैटर ऋचा घोष के साथ यस्तिका भाटिया बल्ले से जिस तरह रंग में नजर आ रही हैं उसके मद्देनजर भारत की महिला टीम इसी तरह जोश के साथ थोड़े होश से खेली तो फिर उसे दक्षिण अफ्रीका पर यह अहम मैच अपने ग्रुप में शीर्ष दो में स्थान पक्का कर सेमीफाइनल में दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
नीदरलैंड के खिलाफ मैच में चोट खाकर बाहर होने वाली ऑफ स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटील की आगे इस टी 20 विश्व कप मैचों में भरपाई बेशक मुश्किल होगा। बावजूद इसके लिए भारत के लिए अच्छी बात है पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में पांच विकेट चटकाने वाले ऑफ स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा, बाएं हाथ की चतुर स्पिनर श्रीचारिणी के साथ शैफाली वर्मा जिस तरह अपनी ऑफ स्पिन से सही वक्त पर विकेट चटका कप्तान हरमनप्रीत कौर की तुरुप का इक्का साबित हुई हें उससे भारत के कामयाब बैटर और कप्तान लॉरा वुल्फर्ट की अगुआई वाली दक्षिण अफ्रीका पर रविवार को जीत की पूरी उम्मीद है।
भारत के लिए ओपनर स्मृति मंधाना शुरू के दो मैचों में दो अर्द्धशतक सहित 142 रन बना शीर्ष पर चल रही हैं। भारत के लिए शुरू के दो मैचों ओपनर शैफाली वर्मा (कुल 61 रन) ऋचा घोष (54 रन ) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (48) ने मैच के मिजाज के मुताबिक तेज पारियां खेली है।भारत अपनी तुरुप की बैटर जेमिमा रॉड्रिग्ज और भारती फूलमाली से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बड़ी पारियों की आस कर रहा है। भारत की बैटर्स को दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज मरियान कैप (4 विकेट), अयोबंगा खाका (3 विकेट) व शबनम इस्माइल (2विकेट) और बाएं हाथ की स्पिनर नोनकोलुलेका मलाबा से चौकस रहना होगा। दक्षिण अफ्रीका के लिए शुरू के दो मैचों में केवल नडाइन क्लार्क ने सबसे ज्यादा 62 और एनारी ड्रैक्सन (56) ने एक अर्द्धशतक जड़ा जबकि उ सकी बल्लेबाजी की सबसे बड़ी ताकत भारत के खिलाफ अपने घर में पांच मैचो की सीरीज में सबसे ज्यादा 330 रन बनाने वाली लॉरा वुल्फर्ट मौजूदा टी 20 विश्व कप में जिस तरह जूझती नजर आ रही हैं वह उसके लिए बड़ी चिंता की बात है। दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी अपनी कप्तान लॉरा वुल्फर्ट जिस तरह शुरू के दो मैचों में मात्र 54 रन ही बना पाई उससे उसका पूरा संतु़लन ही गड़बड़ा गया है। दक्षिण अफ्रीकी बैटर्स को भारत की मौजूदा संस्करण की सबसे कामयाब ऑफ स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा शुरू के दो मैचों में छह और बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचारिणी (सात विकेट) और शैफाली वर्मा (चार विकट) की कामयाब स्पिन त्रिमूर्ति के साथ तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ,अरुंधति रेड्डी अपना पहला टी विश्व कप खेल रही नंदिनी शर्मा (2 विकेट) से चौकस रहना होगा।।
शैफाली बढ़िया ऑलराउंडर बन सकती हैं: हरमनप्रीत कौर
भारत की कप्तान हरमनप्रीत ने कहा,‘ नीदरलैंड के खिलाफ हमारी टीम ने खासा बढ़िया बल्लेबाजी की। नीदरलैंड के खिलाफ पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थी लेकिन स्मृति और शैफाली ने हमें बढ़िया शुरुआत दी। जहा तक शैफाली से गेंदबाजी कराने की बात है तो वह टीम की जरूरत के वक्त हमेशा गेंदबाजी को तैयार रहती हैं। वह बराबर जरूरत के वक्त विकेट चटकाती हें और वह एक बढ़िया ऑलराउंडर बन सकती है। शुरू के दो मैचों में हम जो चाहते थे हमने हासिल कर लिया। क्रांति हमारे लिए बराबर नई गेंद से गेंदबाजी कती है और जहां तक नवोदित नंदिनी की बात है तो उन्हें भी डब्ल्यूपीएल का बढ़िया अनुभव है और उसका वह इंग्लैंड में टी 20 विश्व कप में अच्छा इस्तेमाल कर पॉवरप्ले में विकेट दिला रही हैं।’
हम टी 20 विश्व कप जीतने को बेताब: शैफाली
भारत की ओपनर शैफाली वर्मा ने कहा,‘ मैं और स्मृति आपस में बराबर यही चर्चा करती रही हैं कि हम आपस में बड़ी भागीदारी किस तरह कर सकते हैं। मैंने जेहनी तौर पर खुद पर काबू होकर जमीनी शॉट खेलने पर काफी मेहनत की। इसी का नतीजा है कि मैं और स्मृति नीदरलैंड के खिलाफ बढ़िया भागीदारी करने में कामयाब रहीं। ईश्वर की कृपा से मुझे और स्मृति को नीदरलैंड मैच से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहम मैच से पहले बढ़िया पारी खेलने से बहुत आत्मविश्वास मिला। हमारी टीम अब सभी जानती हैं कि अब आगे के मैच कितने ज्यादा अहम है और मैं और स्मृति इन मैचों के लिए तैयार हैं। बेशक मैं गेंदबाजी कर अपनी भारतीय टीम के लिए अधिक से अधिक योगदान करना चाहती हूं। हमारी टीम बस टी 20 विश्व कप जीतना चाहती है इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि हममें से कौन बढ़िया प्रदर्शन करती है। दिन ब दिन अलग अलग मैचों में हम नई नायिकाएं देखेंगे। हम पूरी तरह एक दूसरे से कदमताल कर टी 20 विश्व कप जीतने को बेताब हैं।
रविवार टी 20 महिला विश्व कप : भारत वि द.अफ्रीका (मैनचस्टर, शाम 7 बजे से)।





