नवनीत व सुनीलिता के एक एक गोल से भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : नवनीत कौर और सुनीलिता टोपो के पहले क्वॉर्टर में पेनल्टी कॉर्नर पर दागे एक एक गोल की बदौलत एफआईएच रैंकिंग में नौवें स्थान पर काबिज भारत ने पूरी तरह दबदबा बनाए रख कर मेजबान अपने से एक पायदान नीचे न्यूजीलैंड को ऑकलैंड में महिला नेशंस कप हॉकी 2026 टूर्नामेंट के फाइनल में रविार को 2-0 से हरा कर अजेय रहकर खिताब जीत लिया।
भारत ने फाइनल सहित अपने सभी मैच जीत कर महिला नेशंस कप हॉकी खिताब जीत एफआईएच महिला प्रो हॉकी लीग के अगले सीजन के लिए क्वॉलिफाई कर लिया । भारत ने दूसरी बार महिला नेशंस कप खिताब जीता है। भारत ने पहली बार 2022 में पहला महिला नेशंस कप हॉकी खिताब जीता था।
भारत की आक्रामक मिडफील्डर ललरेमसियामी फाइनल की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित की गई। भारत की ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत ने अमेरिका की एशले सेसा के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा छह छह गोल किए।पेनल्टी कॉर्नर पूरे टूर्नामेंट में भारत की बड़ी ताकत साबित हुआ। नवनीत कौर ने चौथे मिनट में पहले पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत का खाता खोला।
सुनीलिता टोपो ने 15 वें मिनट में ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत के तेज फ्लिक पर न्यूजीलैंड की गोलरक्षक के पैड से लगकर लौटती गेंद को गोल में डालकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। भारत ने आखिर तक अपनी यह बढ़त बरकरार रखते हुए फाइनल व खिताब जीत लिया। भारत ने दूसरे क्वॉर्टर में मैच का अपना तीसरा गोल करने और न्यूजीलैंड ने गोल उतारने की कोशिश की लेकिन भी अपनी कोशिश में कामयाब नही हुआ। भारत ने हाफ टाइम तक 2-0 की बढ़त कायम रखी।
न्यूजीलैंड ने तीसरे क्वॉर्टर में तेज हमले बोले लेकिन भारत की रक्षापंक्ति ने उसकी गोल करने की हर कोशिश नाकाम कर दी। भारत ने तीसरे क्वॉर्टर में जवाबी हमले बोले अपनी बढ़त और बढ़ाने की कोशिश की। भारत को फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले और उसने दो को गोल में बदला। तीसरे क्वॉर्टर में न्यूजीलैंड ने तेज हमले बोले लेकिन भारत की नौजवान गोलरक्षक बिच्छू देवी खरीबम ने बेहतरीन बचाव किए। न्यूजीलैड को चौथे व आखिरी क्वॉर्टर में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन इस पर कैटलिन कॉटर के शॉट को भारत की गोलरक्षक सविता ने रोक कर बेकार कर दिया। फाइनल खत्म होने से सात मिनट पहले रफ टैकल पर भारत की निकी प्रधान को पीला कार्ड दिखा मैदान से बाहर भेज दिया। न्यूजीलैंड ने गोल करने की कोशिश मे अपनी गोलरक्षक ओ’ हेनलॉन को हटा कर हमले पर अतिरिक्त स्ट्राइकर लगाया लेकिन भारत की रक्षापंक्ति की मुस्तैदी के आगे उसकी हर कोशिश नाकाम रही।
टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी : एशले सेसा (अमेरिका)।
टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ गोलरक्षक : ग्रेस ओ’ हेनलॉन(न्यूजीलैंड)।
शीर्ष स्कोरर: दीपिका सहरावत (भारत) व एशले सेसा (अमेरिका)
सर्वश्रेष्ठ नौजवान खिलाड़ी : रियाना फो (न्यूजीलैंड)।
एफआईएच महिला नेशंस कप 2026 अंतिम स्थिति : 1.भारत 2.न्यूजीलैंड, 3.अमेरिका, 4.चिली, 5. दक्षिण कोरिया, 6.जापान, 7. फ्रांस, 8.उरुग्वे।





