महिला नेशंस कप जीत एफआईएच महिला हॉकी प्रो लीग में वापस स्थान पाना बेहद अहम : सलीमा टेटे

Winning the Women's Nations Cup and securing a spot back in the FIH Women's Hockey Pro League is crucial: Salima Tete

  • चीफ कोच मराइन बोले, हमने दिखाया कि हम दबाव झेल सकते हैं
  • महिला नेशंस कप जीतने पर टीम की हर खिलाड़ी को तीन तीन लाख रुपये मिलेंगे

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : आक्रामक सेंटर हाफ सलीमा टेटे की अगुआई मे भारत ने अजेय रह पूल, सेमीफाइनल व फाइनल सहित अपने सभी पांचों मैच जीत कर ऑकलैंड में एफआईएच महिला नेशंस कप न्यूजीलैंड 2025-27 जीत लिया। नवनीत कौर और सुनीलिता टोपो के एक एक गोल से भारत ने रविवार को फाइनल में मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हरा कर खिताब जीत एफआईएच महिला हॉकी प्रो लीग के अगले सीजन के लिए क्वॉलिफाई कर लिया। भारतीय महिला हॉकी टीम को नेशंस कप जीतने पर हॉकी इंडिया ने टीम की हर खिलाड़ी को तीन तीन लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य को डेढ़ डेढ़ लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की।

चीफ कोच शुएर्ड मराइन ने भारतीय महिला हॉकी टीम के नेशंस कप खिताब जीतने पर बेहद संतोष जताते हुए टीम की प्रगति की सराहना की। शुएर्ड मराइन ने कहा,‘ हम बतौर टीम महिला नेशंस फाइनल जीतने के साथ पहला टूर्नामेंट जीतने पर बेहद खुश है। इंग्लैंड के खिलाफ महिला हॉकी विश्व कप क्वॉलिफायर हारने पर दिल टूटने के बाद हमारे लिए महिला नेशंस कप हॉकी फाइनल के रूप में यह जानना जरूरी था कि यह फाइनल कैसे जीता जाता है। हर मैच के साथ हमारी टीम बेहतर होती गई। हमने बहुत व्यवस्थित और मजबूत रक्षापंक्ति पर भरोसा किया। बेशक हमने और गोल करने के पर्याप्त मौके बनाए बावजूद इसके हमें इस पर बराबर मेहनत करने की जरूरत है। पूरे टूर्नामेंट में हमने पर्याप्त पेनल्टी कॉर्नरों को गोल में बदला। हम यदि मैदानी गोल बदलने की दर भी उंची रहेगी तो यह और भी बढ़िया होगा। जब आप किसी टूर्नामेंट सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टीम के रूप में खेलने उतरते हैं तो यह कभी भी आसान नहीं होता है। हमने दिखाया कि हम दबाव झेल सकते हैं। आगे बढ़ते हुए दुनिया की शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलने से हमारे नौजवान खिलाड़ियों को सीखने का एक अहम मौका मिलेगा। खुद को सर्वोच्च स्तर पर परखना ही वह चीज है जिसकी हमें अगले स्तर पर पहुंचने के लिए जरूरत है।’

भारत की कप्तान सलीमा टेटे ने टीम के चीफ कोच शुएर्ड मराइन के विचारों से सहमति जताई। सलीमा टेटे ने कहा, ‘बेशक महिला नेशंस कप ट्रॉफी जीतना वाकई शानदार है। हमारी पूरी टीम ने यह ट्रॉफी जीतने के लिए शिद्दत से मेहनत की थी। हम महिला नेशंस कप में ट्रॉफी जीत कर घर लाने की सोच से उतरे थे। महिला नेशंस कप जीत एफआईएच महिला हॉकी प्रो लीग में अगले सीजन के लिए वापस स्थान पाना हमारे लिए बेहद अहम है। मुझे गर्व है कि हमने अपना लक्ष्य पा लिया। अब अगस्त में एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप होने जा रहा है और नेशंस कप खिताबी जीत से हमारा आत्मविश्वास और बढ़ेगा। हमारी टीम इस समय बहुत मजबूत जेहनी सोच के साथ खेल रही है। हमारी टीम के लिए इस महिला नेशंस कप में हरेक मैच बेहद अहम था। नेशंस कप यह खिताबी जीत से हमें भविष्य की तैयारियों के लिए एकदम बढ़िया लय मिली है।’