मिस्र ने दर्ज की विश्व कप फुटबॉल के इतिहास की अपनी पहली जीत

Egypt recorded its first-ever victory in World Cup football history

जिको, सालेह और ट्रेजेगुएट के एक एक गोल से मिस्र ने न्यूजीलैंड को हराया

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : मुस्तफा जिको, मोहम्मद सालेह और ट्रेजेगुएट के दूसरे हाफ में दागे एक एक गोल की बदौलत हाफ टाइम तक 0-1 से पिछड़ने वाले मिस्र ने न्यूजीलैंड को सोमवार सुबह फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में वेंकूवर में ग्रुप जी के मैच में 3-1 से शिकस्त दी। मिस्र ने विश्व कप फुटबॉल में खेलना शुरू करने के 92 बरस और 25 दिन बाद इसमें पहली और ऐतिहासिक दर्ज की। न्यूजीलैंड ने डिफेंडर फिन सरमन के गोल से 15 वें मिनट में 1-0 की बढ़त बना ली थी।

न्यूजीलैंड ने आक्रामक अंदाज में आगाज किया। भारतीय मूल के सरप्रीत सिंह और इलिजा ने मैच के शुरू में मिस्र के गोल पर हमले बोल कर दबाव बनाया। फिन सरमन ने मैच के 15 वें मिनट में तेज अचूक हैडर से गोल कर न्यूजीलैंड का खाता खोला। मोहम्मद सालेह और इमाम अशर हाफ टाइम से गोल कर मिस्र को बराबरी दिलाने के करीब पहुंचे, लेकिन करीब से उनके निशाने लक्ष्य चूक गए। सालेह ने दूसरे क्वॉर्टर के पहले ही मिनट में तेज शॉट जमाया लेकिन न्यूजीलैंड के गोलरक्षक मैक्स क्रोकॉम्ब ने इसे रोक मिस्र को बराबरी पाने से रोक दिया। जिको ने मैच के 58 चें मिनट मे सिर से गोल कर मिस्र को एक एक की बराबरी दिला दी। नौ मिनट बाद सालेह ने नीचा तेज शॉट जमा गोल कर मिस्र को 2-1 से आगे कर दिया। ट्रेजेगुएट ने खेल खत्म होने से आठ मिनट पहले गोल कर मिस्र को 3-1 से आगे कर उसकी जीत लगभग पक्की कर दी।

जीत को बयां करने के लिए शब्द नहीं : सालेह
मिस्र के कप्तान मोहम्मद सालेह ने अपनी टीम की जीत पर कहा, ‘ मेरे लिए अपनी मिस्र टीम की इस शानदार जीत को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। यह हमारी टीम के सभी खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए बड़ी उपलब्धि है। उम्मीद है कि हम अपने ग्रुप में इसी तरह आगे बढ़ते रहेंगे। आने वाले बरसों में हमारी टीम की इस जीत को मिस्र के फुटबॉल इतिहास की एक शानदार जीत के रूप याद रखा जाएगा। हम इस जीत का आज भी , कल भी लुत्फ उठाएंगे। इसके बाद हम अगले मैच पर ध्यान लगाएंगे।‘

मिस्र के हाथों हार निराशाजनक: बैजले
न्यूजीलैंड के कोच डैरन बैजले ने कहा,‘ हमारे लिए मिस्र के हाथों हार निराशाजनक है। हम पहले हाफ में बहुत बढ़िया खेले। हम हावी रहे और हमने गोल करने के बहुत मौके बनाए।जब हम दूसरे हाफ में खेलने उतरे तो मुझे लगा हमारी टीम ठीक ठाक खेल रही है। हम दूसरे हाफ में रफ्तार को बरकरार नहीं रख पाए। मिस्र ने तेज खेल दिखाया। हम दूसरे हाफ में पहले हाफ का सा बढ़िया खेल जारी नहीं रख पाए। अंतत: मैच में हार कचोटती है। हम इतिहास बनाने से एक मैच दूर है। हमें मालूम है हमे अब बेल्जियम को हराना होगा।’