सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : दुनिया के धुरंधर फुटबॉलर 41 बरस के क्रिस्टियानो रॉनाल्डो ने पहले हाफ में दो गजब के गोल कर कई रिकॉर्ड बना पुर्तगाल को फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में ग्रुप के में उज्बेकिस्तान पर 5-0 से बड़ी और पहली जीत दिलाई। पुर्तगाल के लिए ननो मेंडेज और राफा लियो ने भी एक एक गोल किया जबकि उज्बेकिस्तान के नेमातोव के आत्मघाती गोल के रूप में इनाम के रूप में मिला। पुर्तगाल के दो मैचों में एक जीत और एक ड्रॉ के साथ अब चार अंक हो गए हैं।
लियोनस मेसी के अर्जेंटीना, कईलियाप बापे के फ्रांस और एर्लिंग हालैंड के नॉर्वे को गोल कर अपनी मौजूदगी दिखा जिताने के बाद क्रिस्टियानो रॉनाल्डो ने पुर्तगाल को जीत दिला कर अपने मौजूदा संस्करण में आगमन और मौजूदगी का अहसास दिलाया। अपना पहला मैच ड्रॉ खेलने के बाद पुर्तगाल ने बुधवार सुबह अपनी मौजूदा संस्करण की पहली जीत दर्ज की।
41 बरस 138 दिन में अपना लगातार छठा विश्व कप खेल रहे क्रिस्टियानो रॉनाल्डो 1994 के विश्व कप में रॉजर मिला के 42 बरस 39 दिन में कैमरून के लिए रूस के खिलाफ खेलने उतरने के बाद इसके इतिहास में खेलने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज फुटबॉलर बन गए। क्रिस्टियानो रॉनाल्डो ने मैच के छठे मिनट में जोआओ केंसिलो के क्रॉस पर बॉक्स के बेहद करीब से शॉट जमा गोल कर पुर्तगाल का खाता खोला। रॉनाल्डो का यह गोल इसलिए ऐतिहासिक था कि इसके साथ वह लगातार छह विश्व कप में गोल करने वाले पहले और रॉजर मिला के बाद इसमें गोल करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज फुटबॉलर बन गए। पुर्तगाल के लिए मौजूदा विश्व कप के पहले मैच में गोल न करने की रॉनाल्डो की निराशा भी खत्म हो गई। रॉनाल्डो ने 17 वें मिनट में मिली फ्री किक पर उज्बेकिस्तान की रक्षापंक्ति को पहले दिखाया कि वह यह किक ले रहे लेकिन खुद आगे बढ़ गए और पीछे से नूनो मेंडेज ने गोल कर पुर्तगाल को 2-0 से आगे कर दिया। रॉनाल्डो ने हाफ टाइम से छह मिनट पहले बहुत चतुराई से किक जमा गोल अपना मैच का दूसरा गोल कर पुर्तगाल को हाफ टाइम तक 3-0 से आगे कर दिया। इसके साथ ही यूसिबियो(9 गोल) को पीछे छोड़ रॉनाल्डो पुर्तगाल के लिए विश्व कप में कुल सबसे ज्यादा दस गोल दागने वाले फुटबॉलर बन गए।
उज्बेकिस्तान के नेमातोव ने मैच के 60 वें हड़बड़ी में खुद अपने ही गोल में गेंद डाल दी और उनके इस आत्मघाती घोल से पुर्तगाल को मैच में 4-0 की बढ़त मिल गई। राफा लियो ने खेल खत्म होने से तीन मिनट पहले लंबी दूरी से दनदनाता शॉट जमा गोल कर पुर्तगाल को 5-0से दमदार जीत दिला दी।
जीत में हमारी मेहनत और आत्मविश्वास दिखा: क्रिस्टियानो रॉनाल्डो
दो गोल कर पुर्तगाल की जीत के हीरो बने क्रिस्टियानो रॉनाल्डो ने कहा, ‘बेशक मैं इस जीत से बहुत खुश हूं। मेरे लिए सबसे अहम यह है कि इस जीत में हमारी मेहनत और आत्मविश्वास दिखा। हमारी टीम ने खासा बेहतर प्रदर्शन किया। जैसी की कहावत है कि हर बदली के पीछे उम्मीद की एक सुनहरी किरण होती है। बेशक निजी तौर पर रिकॉर्ड बनाना हमेशा बढ़िया होता पर मेरे गोल हमेशा हमारी पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम को उसके मकसद पाने के लिए होते हैं।’
हमारी टीम के खेल में ज्यादा परिपक्वता थी:रॉबर्टो मार्टिनेज
पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने कहा,‘ कभी कभी टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए कांगो के खिलाफ ड्रॉ रहे पहले मैच जैसे मैच की जरूरत होती है। उज्बेकिस्तान के खिलाफ मैच में हमारी टीम के खेल में वैसी ही सोच प्रतिबद्बता दिखी। हमारी टीम के खेल में ज्यादा परिपक्वता थी, क्योंकि यह इस विश्व कप का पहला मैच नहीं था। में अपनी टीम की इस जीत से बहुत खुश हूं।’





