सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : कप्तान हैरी कैन के दूसरे क्वॉर्टर में 11 मिनट के भीतर दागे दो गोल की बदौलत 75 मिनट तक 0-1 से पिछड़ने के बाद हारते-हारते इंग्लैंड ने बड़े जिगरे से खेलने वाली कांगो पर अटलांटा स्टेडियम में बुधवार सुबह 2-1 से जीत के साथ फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के अंतिम 16 में स्थान बना लिया। ब्रायन सिपेंजा ने चेंचल बेम्बा के तिरछे पास पर बाएं गेंद संभाल नीचा शॉट जमा इंग्लैंड के गोलरक्षक जॉडर्न पिकर्ड को छका गोल कर पहली बार विश्व कप में अंतिम 32 नॉकआउट मैच खेल रही कांगो को 1-0 से आगे कर सभी को चौंका दिया। सिपेंजा के गोल से कांगो ने हाफ तक ली 1-0 की बढ़त को दूसरे हाफ में भी आधे घंटे तक बरकरार रखा । इतिहास में यह पहला मौका जब इंग्लैंड ने हाफ टाइम तक पिछड़ने के बाद विश्व कप में मैच जीता। विश्व कप में इससे पहले पिछले नौ मैचों में जब इंग्लैंड की टीम हाफ टाइम तक पिछड़ी तो मात्र दो मैच ड्रॉ करा पाई और सात मैच हारी है।
इंग्लैंड के एक -एक की बराबरी पाने से पहले कांगो को अपनी बढ़त दुगुनी करने का मौका मिला लेकिन योआन विजा ने वान बिसाका के नीचे पास पर गेंद को गोलस्तंभ की बल्ली पर मार कर मौका गंवा दिया। नवोदित कांगो के खिलाफ ऐसे में इंग्लैंड का अनुभव काम आया। इंग्लैंड के कोच थॉमस टचेल ने मैच में बराबरी पाने की जुगत में अपने विंगर मरकस रशफर्ड की जगह एंथनी गॉर्डन और नॉनी मडुको की जगह बुकाया साका के एक साथ दूसरे हाफ के 15 वें मिनट में बतौर बदलू खिलाड़ी उतारा। बदलू विंगर एंथनी गॉर्डन के मैच के 75 वें मिनट में बढ़िया क्रॉस पर कप्तान हैरी केन ने गेंद को अपने पैरों पर लिया और बॉक्स के भीतर दनदनाता शॉट जमा कांगो के गोलरक्षक लियोनल पासी को छका गोल कर इंग्लैंड को एक- एक की बराबरी दिला दी। यह हेरी केन का विश्व कप फुटबॉल में 12 वां गोल था। हैरी केन ने खेल खत्म होने से चार मिनट पहले अपने मार्कर को छका बॉक्स के भीतर से अचूक शॉट जमा मैच का अपना दूसरा और विश्व कप फुटबॉल का 13 वां गोल कर इग्लैंड को 2-1 से आगे कर दिया। केन का मैच में लगातार दूसरा गोल इंग्लैंड को जीत दिलाने के लिए काफी साबित हुआ।
हमने खुद पर भरोसा कायम रखा : टचेल
इंग्लैंड के कोच टॉमस टचेल ने कहा,‘हमारा कांगो के खिलाफ मैच में आगाज बेहद निराशाजनक रहा। कांगो ने मैच के शुरू में सिपेंजा के गोल से मैच में पहले ही शॉट पर बढ़त ले हमारी परेशानी और बढ़ा दी। अच्छी बात यह रही कि हमने खुद पर भरोसा कायम रखा। मैच में पहली वाटर ब्रेक के बाद हमने मैच पर पकड़ बना ली। दूसरे हाफ में मैदान पर उतरे हमारे बदलू खिलाड़ियों ने हमें बराबरी दिलाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी। कप्तान हैरी केन के दो गोल से हम अंतत: यह मैच जीतने में कामयाब रहे। बेशक हमें कांगो पर जीत के लिए काफी पसीना बहाना पड़ा। हम इस मैच में इसी सोच के साथ उतरे थे कि संघर्ष करना पडेगा तो संघर्ष करेंगे। हमने तय किया था कि इस मैच मे हमें न तो धैर्य खोना और न ही खुद पर से भरोसा खोना है। कांगो के गोलरक्षक पासी ने वाकई ने वाकई कई गजब के बचाव किए।’
इस हार से निराश हूं,क्योंकि हमें जीत का भरोसा था : डेसाब्रे
कांगो के कोच सेबेस्तियन डेसाब्रे ने कहा,‘ हम इस हार से निराश हैं, क्योंकि हमें भरोसा था कि हम इंग्लैंड से यह मैच जीत सकते हें। हम बढ़िया खेले। मैच के आखिर में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हेरी केन ने हमारे द्वारा दिए दो मौको को भुनाते हुए दो गोल कर इंग्लैड को मैच जिता दिया। हमारा हारना शर्मनाक है। मैं अपने खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई देता हूं। हमारे खिलाड़ियों ने इंग्लैंड जैसी अनुभवी टीम के खिलाफ खेल कर बहुत अनुभव हासिल किया, हम सीख रहे है। हम सीखना जारी रख कर आगे अपना प्रदर्शन बेहतर करेंगे। हम धैर्य से आगे बढ़ेंगे।
अपना खेल और बेहतर करने की जरूरत : हैरी केन
दो गोल कर इंग्लैंड की जीत के हीरो रहे कप्तान हैरी केन ने कहा,‘ यह जीत शानदार अहसास है। कांगो के खिलाफ यह मैच बहुत रोमांचक रहा। कांगो एक मजबूत टीम है। हम पहले ब्रेक के बाद बेहतर खेले। कांगो के गोलरक्षक पासी ने कई अविश्वनीय बचाव किए। मेरे लिए आज का दिन हीरो जैसा रहा। हमने पूरे हफ्ते अपनी बाबत बात की। हमें अभी अपने खेल में और सुधार कर अपना खेल और बेहतर करने की जरूरत है। हम विश्व कप के उस चरण में थे, जहां जीत के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ेगी। हमें कांगो के खिलाफ जीत के लिए खासी मेहनत करनी पड़ी।‘





