लियोनल मैसी को स्विटजरलैंड के खिलाफ हर मौके को भुनाना होगा
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : नियर्विवाद रूप से दुनिया के बेहतरीन स्ट्राइकर लियोनल मैसी की अगुआई में उनके पैरों और सिर की कलाकारी की बदौलत मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना की हसरत लगातार दूसरा और कुल चौथा विश्व कप फुटबॉल खिताब जीतने की है। मैसी के आठ गोल की बदौलत अपने शुरू के सभी पांच मैच जीतने वाली अर्जेंटीना की निगाहें अब स्विटजरलैंड को रविवार को कंसास सिटी में हरा जीत के छक्के के साथ सेमीफाइनल में स्थान बनाने पर लगी है। वहीं स्विटजरलैंड को अभी अपने पहले विश्व कप खिताब का इंतजार है। स्विटजरलैंड 1954 के बाद पहली और कुल मिलाकर चौथी बार विश्व कप के क्वॉर्टर फाइनल में पहुंची है। स्विटजरलैंड ने अल्जीरिया को अंतिम 32 में हराने के बाद अपने स्टार स्ट्राइकर योहान मनजांबी के चोट के चलते बाहर होने के बावजूद निर्धारित और अतिरिक्त समय में गोलरहित बराबरी के बाद कोलंबिया को अंतिम 16 में 4-2 से हराया । अर्जेंटीना और स्विटजरलैंड में जो भी जीतेगा वह सेमीफाइनल में 15 जुलाई को अटलांटा में नॉर्वे और इंग्लैंड के क्वॉर्टर फाइनल के विजेता भिड़ेगा।
बराबर अच्छा प्रदर्शन कर रहीआखिरी तक हार न मानने का जज्बा दिखाने वाली अर्जेंटीना का स्विटजरलैंड के खिलाफ क्वॉर्टर फाइनल में कड़ा इम्तिहान होगा। मौजूदा फॉर्म के आधार पर बेशक अर्जेंटीना सेमीफाइनल में स्थान बनाने की प्रबल दावेदार है लेकिन स्विटजरलैंड को हल्के में लेने की भूल कतई नहीं कर सकता है। मैसी ने भले ही अब तक फ्रांस के कईलियान बापे की तरह सबसे ज्यादा आठ गोल किए लेकिन बदकिस्मती से वह अर्जेंटीना के अंतिम आठ तकसफर में दो पेनल्टी किक पर चूकने के बाद गोल कर विलेन बनते बनते हीरो बन गए थे। मैसी ने मिस्र के खिलाफ अंतिम 16 में पेनल्टी किक पर गोल चूकने के लिए अपने प्रशंसकों और टीम के साथियों से माफी भी मांगी थी। लियोनल मैसी को स्विटजरलैंड के खिलाफ अहम क्वॉर्टर फाइनल में इस बात का ध्यान रखना होगा कि हर बाद किस्मत साथ नहीं देती है। ऐसे में मैसी को स्विटजरलैंड के खिलाफ पेनल्टी किक सहित हर मौके को भुनाने की पूरी कोशिश करनी होगी।
मैसी के करिश्मे से अर्जेटीना ने अल्जीरिया को 3-0, ऑस्ट्रिया को 2-0 से तथा जॉडर्न को 3-1 से हरा ग्रुप जे में शीर्ष पर रहने के बाद अंतिम 32 में काबो वर्डे को और अंतिम 16 में खासी विवादास्पद रहे मैच में दो गोल से पिछड़ने और मैसी के पेनल्टी किक पर गोल का मौका गंवाने के बाद दागे गोल की बदौलत 3-2 से जीत दर्ज की थी।अर्जेंटीना और स्विटजरलैंड अब तक विश्व कप फुटबॉल के इतिहास में दो बार आमने सामने हुई हैं और दोनों बार जीत अर्जेंटीना के हिस्से आई हें।
अर्जेंटीना की संभावित एकादश :लियोनल मैसी(कप्तान), एमी मर्टिनेज मोलिना, रोमेरो, लिजैंड्रो मार्टिनेज , टैकलियाफिको, डी पॉल, पारडेज, मैक एलिस्टर , फर्नांडेज , अल्वारेज।
स्विटजरलैंड की संभावित एकादश : कोबल, जकारिया, एलवेडी, अकांजी, रॉड्रिग्ज, फ्रियूलर, खाका, नडोव, सोव, वर्गाज, एम्बोलो।
हमारी टीम खुद पर भरोसा नहीं छोड़ती: स्कोलनी
अर्जेंटीना के कोच लियोनल स्कोलनी ने कहा,‘ जहां तक मिस्र पर जीत का सवाल है तो यह न भूलने वाला क्षण था और हमारी अर्जेंटीना टीम के लिए एक बेहद खास क्षण।अब यहां से इस विश्व कप में आगे चाहे कुछ भी हो हमारी यह टीम मुझे यह अहसास कराती है कि जब सब कुछ उसके खिलाफ जा रहा हो तब भी यह खुद पर भरोसा नहीं छोड़ती।‘
हमारी टीम मुश्किल में हार नहीं मानती: फर्नांडेज
अर्जेंटीना के एंजो फर्नांडेज ने कहा,‘ हमारी टीम एक बेहतरीन टीम है जो कि कितनी ही मुश्किल स्थिति में भी हार नहीं मानती। हमारी टीम सभी साथ हैं। मैं अपनी टीम के साथियो, कोचिंग स्टाफ और हमारा समर्थन करने वाले हर किसी का आभार जताना चाहता हूं। अब बस आगे बस एक कदम और।’





