स्पेन किले की मजबूत चौकसी कर फ्रांस पर आसान जीत से फाइनल में पहुंचा

Spain reached the final with an easy victory over France, backed by a rock-solid defense

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : माइकल ओयरजबल और पेड्रो पोरो के एक- एक गोल और अपने किले की मजबूत चौकसी की बदौलत स्पेन ने फ्रांस पर डलास स्टेडियम में फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के सेमीफाइनल में बुधवार सुबह 2-0 से आसान जीत दर्ज की। स्पेन ने सात मैचों में छह में मौजूदा विश्व कप में एक भी गोल नहीं खाया।स्पेन ने दुनिया के सबसे तेज तर्रार स्ट्राइकर कइलियान बापे और उनके जोड़ीदार उस्मान डेम्बले की मजबूत घेरेबंदी कर फ्रांस के हमलों की धार कुंद कर दो यूरोपीय दिग्गजों के इस मुकाबले में एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित कर जीत दर्ज कर फाइनल में स्थान बना लिया। स्पेन अब फाइनल में मौजूदा और तीन बार की चैंपियन अर्जेटीना और अब तक मात्र एक बार खिताब जीतने वाली इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से रविवार को न्यूजर्सी स्टेडियम ,न्यूयॉर्क में भिड़ेगा। स्पेन ने अब तक 2010 में आंद्रेज इनिस्ता के इकलौते गोल से नीदरलैंड को जोहानिसबर्ग में फाइनल में हरा कर मात्र एक बार विश्व कप फुटबॉल खिताब जीता है।

कईलियान बापे ने उम्मीदों के अनुरूप फ्रांस के लिए शुरू में जोरदार हमले बोल कर स्पेन के मजबूत किले में सेंध लगाने की कोशिश जरूर की, लेकिन उसके गोलरक्षक उनई साइमन और डिफेंडर पैड्रो पोरो व पॉउ कुब्राजी की दीवार को भेद नहीं पाए। अपना 19 वां जन्मदिन मनाने के मात्र एक दिन बाद नौजवान स्ट्राइकर लमाइन यमाल ने स्पेन के लिए मैच के 22 वें मिनट में गोल करने का पहला बढ़िया मौका बनाया। नौजवान विंगर यमाल ने गेंद संभाल तेज शॉट लगाने की कोशिश की लेकिन बॉक्स के भीतर उन्हें गलत ढंग पर रोकने पर मिली पेनल्टी किक पर माइकल ओयरजबल ने पेनल्टी किक को रोकने में माहिर समझे जाने वाले फ्रांस के गोलरक्षक माइक माइगनन को छका गोल कर स्पेन को 1-0 से आगे कर दिया। स्पेन हाफ टाइम तक 1-0 से आगे था ।

डिफेंडर पेड्रो पोरो अपने साथी स्ट्राइकर डानी आल्मो को गेंद को आपस में लेते देते बॉक्स में पहुंचे और मैच के 58 वें मिनट अचूक शॉट जमा गोल कर स्पेन को 2-0 से आगे कर उसकी मैच पर पकड़ और जीत लगभग निश्चित कर दी थी। बदलू स्ट्राइकर डिजायर डू और रेयन चेक्री ने स्पेन के बॉक्स के भीतर पहुंच गोल कर फ्रांस की मैच में वापसी कराने की कोशिश की लेकिन उसके गोलरक्षक उनई साइमन ने मुस्तैदी दिखा गेंद को अपने कब्जे में कर उनकी इस हसरत पर पानी फेर दिया। फ्रांस के तेज तर्रार स्ट्राइकर बापे ने बॉक्स के भीतर तेज शॉट जमाया लेकिन स्पेन के डिफेंडर मार्क कुकरेला ने बीच में गेंद को रोक गोल से बाहर कर उनकी यह कोशिश नाकाम कर दी।

माइकल ओयरजबल स्पेन के लिए पिछले 20 मैचो में 18 गोल कर चुके हैं। फ्रांस के खिलाफ पेनल्टी किक पर गोल कर ओयरजबल स्पेन के लिए डेविड सिल्वा (35 गोल), अल्वारो मोराटा (37 गोल), फर्नांडो टोरेस (38 गोल), राउल (44 गोल) और डेविड विला (59) के बाद 30 या इससे ज्यादा गोल करने वाले छठे फुटबॉलर बन गए।

हमारे खिलाड़ी मुश्किल काम को भी आसान बना देते हैं: फ्युंटे
स्पेन के कोच लुइज डे ला फ्युंटे ने अपनी टीम की फ्रांस पर सेमीफाइनल में जीत के बाद कहा, ‘ हमने करीब चार बरस पहले एक विचार के साथ शुरुआत की थी और हम उस विचार पर काबिज रहे और उसी ने हमें यहां विश्व कप के फाइनल तक पहुंचाया है। बुधवार सुबह हमारे सामने सेमीफाइनल में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों से एक फ्रांस की टीम थी,लेकिन उनके सामने हमारी स्पेन की टीम के रूप में दुनिया की सबसे बेहतरीन टीम थी। दोनों टीमों के बीच सेमीफाइनल में बस यह फर्क रहा। हमारी टीम का हर खिलाड़ी इस कामयाबी का हकदार हैं। हमारे खिलाड़ियों ने हर दिन, अपनी प्रतिबद्धता, एकजुटता, उदारता और प्रतिभा दिखाई है। हमारे खिलाड़ी मुश्किल काम को भी आसान बना देते हैं।’

हमारी स्पेन टीम का फाइनल मे पहुंचना सपने के सच होने जैसा : पोरो
स्पेन के राइट बैक पेड्रो पोरो ने कहा,‘ हमारी स्पेन टीम का फ्रांस पर जीत के साथ फाइनल मे पहुंचना एक सपने का सच होना जैसा है। मैने दूर दूर तक यह सपने तक में भी नहीं सोचा था। मेरा मानना है कि हमने फाइनल में पहुंचने के लिए जो कुछ करना था, हमने किया। यह मेरी नहीं हमारी टीम की उपलब्धि है। पूरी टीम को शानदार खेल के लिए बधाई।’

फिर से गेंद पर कब्जा जमाने में स्पेन हमसे बेहतर : चेकी
फ्रांस के रेयन चेक्री ने कहा,‘ मुझे नहीं लगता कि स्पेन के खिलाफ सेमीफाइनल में हमारे पास हल और इच्छाशक्ति की कमी थी। बस फर्क यह रहा कि फिर से गेंद पर कब्जा जमाने के मामले में स्पेन की टीम हमसे बेहतर थी। मुझे लगता है कि बस यही मैच का फैसला हो गया अब हम स्पेन के खिलाड़ियों से गेंद छीन पाते तो हम उन्हें और ज्यादा दिक्कत में डाल सकते थे।‘