भारत के पास फाइनल में पाक को लगातार तीसरी बार हरा खिताब जीतने का मौका
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : कप्तान केतन कुशवाहा(दसवें, 11 वें, 20 वें मिनट) के दो गोल की बदौलत भारत की सब जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान को मस्कट में एफआईएच यूथ हॉकी 5 एशियन चैंपियनशिप में इलीट पूल के दूसरे चरण के मैच में भी शुक्रवार रात उसे 7-3 से हरा उसके खिलाफ अपनी श्रेष्ठता बरकरार रखी। यह टूर्नामेंट पहले एफआईएच यूथ हॉकी 5 विश्व कप का एशियन क्वॉलिफायर है। इसी के साथ पूल चरण पूरा हो गया। भारत की सब जूनियर टीम के पास पाकिस्तान को फाइनल में लगातार तीसरी बार हरा कर खिताब जीतने का मौका है। भारत ने पाकिस्तान को दो दिन पहले इलीट पूल के पहले मैच में करण गौतम की हैट्रिक से 7-4 से हराया था। भारत ने मेजबान ओमान का शुक्रवार को इससे पहले 10-1 से करारी शिकस्त दी थी। भारत के लिए कप्तान केतन कुशवाहा ने ओमान के खिलाफ हैट्रिक सहित चार, करण गौतम , प्रहलाद राजभर और शाहरुख अली ने दो दो गोल किए। पराजित ओमान के लिए इकलौता गोल खाजारी सुबैत ने दागा।
भारत की सब जूनियर पुरुष टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामक अंदाज में आगाज किया और रोमित पाल (आठवें मिनट), करण गौतम (दसवें मिनट) व कप्तान केतन कुशवाहा(दसवें मिनट) के एक एक गोल से हाफ टाइम तक तक 3-0 की बढ़त ले ली। प्रहलाद राजभर (12 वें मिनट) ने गोल कर भारत को 4-0से आगे कार दिया। पाकिस्तान ने मोहम्मद उस्मान (12 वें व 15 वें मिनट) के दो गोल से स्कोर 2-4 कर वापसी की कोशिश की। शाहरुख अली (16 वें मिनट) ने गोल कर भारत को 5-2से आगे कर दिया। पाकिस्तान के कप्तान अदील (17वें मिनट) ने गोल कर स्काोर 3-5 कर दिया। राहुल यादव(18 वें मिनट) ने गोल कर उसे 6-3 से तथा कप्तान केतन कुशवाहा ने 20 वें मिनट में मैच का अपना दूसरा गोल कर भारत को 7-3 से जीत दिला दी।
भारत की सब जूनियर महिला हॉकी टीम ने चीन से 3-6 से हारने के बाद उजबेकिस्तान को 10-0 से शिकस्त दी। भारत की सब जूनियर महिला हॉकी टीम और चीन के खिलाफ संदीप कुमारी (पहले मिनट) और किरण एक्का(तीसरे व छठे मिनट) के दो गोल से हाफ टाइम तक तीन तीन से बराबर थी। चीन ने दूसरे हाफ में तीन गोल कर मैच जीत लिया। नौशीन नाज ( तीसरे, सातवें व 17 वें मिनट) की हैट्रिक ,संदीपा कुमारी (सातवें व 13 वें मिनट) के दो , शुरू कुमारी, किरण उक्का, स्वीटी कुजूर , नीलम टोपनो व दिया के एक एक गोल से भारत की सब जूनियर महिला टीम के लिए उज्बेकिस्तान पर 10-0 से जीत दर्ज की। भारत की सब जूनियर महिला हा़की टीम दूसरे सेमीफाइनल में कजाकिस्तान से भिड़ेगी।





