चैंपियन भारत ने पिछड़ने के कुछ संघर्ष कर मलयेशिया पर 4-1 से जीत दर्ज की

Champion India fought back from behind to register a 4-1 win over Malaysia.

भारत की जीत में मुमताज,सलीमा, पूजा साहू व दीपिका सहरावत ने दागा एक एक गोल

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : नवोदित स्ट्राइकर मुमताज खान, कप्तान सलीमा टेटे, सीनियर टीम के लिए अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल रही ओडिशा की पूजा साहू और ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत के एक एक गोल से पिछड़ने के बाद तीन बार के और मौजूदा चैंपियन भारत ने दनादन चार गोल कर मलयेशिया पर मध्य प्रदेश महिला एशियन ट्रॉफी चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी भोपाल 2026 के पहले दिन बृहस्पतिवार के आखिर मैच में 4-1 से जीत के साथ अभियान शुरू किया। मलयेशिया की गोलरक्षक नूर जैनुल और रशर सिती मोहम्मद ने पहले हाफ में भारत और दुनिया की बेहतरीन ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत के आधा दर्जन पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक को रोक कर बेकार किया। भारत के पूर्व राइट आउट और महिला हॉकी टीम के पूर्व कोच सीआर कुमार के मार्गदर्शन में मलयेशिया की टीम पूरी तैयारी के साथ खेलने उतरी और उसने भारत को पहले क्वॉर्टर में गोल करने से रोके रखा। भारत को मैच में दर्जन भर पेनल्टी कॉर्नर मिले और इनमें तीसरे और चौथे क्वॉर्टर में उसकी ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत ने अपनी रणनीति बदली। भारत ने आखिरी तीन पेनल्टी कॉर्नर में दो को इनडायरेक्ट और आखिरी पर ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत ने अंतत: अचूक शॉट जमा एक गोल किया।

भारत की अग्रिम पंक्ति में मुमताज खान, नवनीत कौर, दीपिका सहरावत के साथ इशिका ने परस्पर तालमेल से खेलते हुए बराबर मलयेशिया के गोल पर बराबर हमले भी बोले लेकिन उसकी गोलरक्षक जैनुल बराबर सभी के सामने दीवार की तरह खड़ी हो गई। नूरमिराह जुल्किफली ने खेल के रुख के उलट अकेले ही जवाबी हमला बोल डी में घुस कर भारत की गोलरक्षक बिच्छू देवी खरीबम को छका डी के उपर से तेज शॉट जमा गोल कर मलयेशिया को मैच के 19 में मिनट में 1-0 से आगे कर दिया। इस गोल ने भारत की महिला हॉकी टीम को नींद से जगा दिया। अगले ही मिनट नवनीत कौर और सुनीलिता टोपो के अभियान पर लखनउ के फल बेचने वाली की बेटी मुमताज खान ने डी में पहुंच अचूक निशाना जमा गोल कर भारत को एक एक की बराबरी दिला दी। भारत को दूसरे क्वॉर्टर में तीन और पेनल्टी कॉर्नर मिले और इन पर मलयेशिया की गोलरक्षक जुनुल ने ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत के ड्रैग फ्लिक को रोकने के साथ डी के भीतर से उनके लगाए दनदनाते शॉट को अच्छा पूर्वानुमान लगाते हुए रोका। हाफ टाइम तक दोनों टीमें एक एक गोल से बराबर थी। दीपिका सहरावत के तेज ड्रैग फ्लिक को तीसरे क्वॉर्टर के पांचवें मिनट में मलयेशिया की गोलरक्षक ने पैड से रोकना चाहा और उस पर गेंद वहीं डी में मंडराती सुनीलिता टोपो की स्टिक से लग कर कप्तान सलीमा टेटे को मिली और इस पर उन्होंने धैर्य से गेंद को फ्लिक कर गोल में डाल कर भारत को पहली बार मैच में बढ़त दिला दी। भारत को चार मिनट बाद मिले एक और पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत ने सीधे फ्लिक न पीछे खड़ी पूजा साहू की ओर सरका दिया और इस उन्होंने पलक झपकते गेंद को गोल में डाल कर भारत को 3-1से आगे कर उसकी जीत निश्चित कर दी। तीसरे क्वॉर्टर तक भारत 3-1से आगे था। दीपिका सहरावत ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर के चौथे मिनट में 12 वें अंतिम पेनल्टी कॉर्नर पर अचूक ड्रैग फ्लिक से मैच में अंतत: अपना पहला गोल कर भारत को 4-1से आगे कर दिया। भारत ने इसके बाद भी मलयेशिया के गोल पर दबाव जरूर बनाया लेकिन उसे और गोल करने में सफलता नहीं मिली।

साइतो के गोल से जापान ने द.कोरिया को हराया : हनामी साइतो के मैच के आखिरी मिनट में 13 वें व अंतिम पेनल्टी कॉर्नर पर दागे इकलौते गोल की बदौलत जापान ने तीन बार विजेता रही दक्षिण कोरिया को दूसरे मैच में बृहस्पतिवार को 1-0से हरा कर अपना अभियान जीत के साथ पूरे अंक हासिल कर किया। जापान को खेल खत्म होने से दो मिनट पहले पेनल्टी स्ट्रोक मिला लेकिन माहो उनो ने इस पर गोलस्तंभ की बल्ली पर मार दिया। जापान को मैच में कु़ल 13 पेनल्टी कॉर्नर मिले और इसमें वह आखिरी का ही गोल में बदल पाया। दोनों टीमों को एक एक पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला लेकिन दोनों ही टीमों ने इस पर गोल करने का मौका गंवा दिया।

चीन का आसान जीत के साथ आगाज : किंगमियाओ फेंग (27 वे 32 मिनट) और कियुचियान देग (28 वें व 42 वें मिनट) के दो दो तथा कप्तान किशियाओ (33 वें मिनट), युजुन चेन (38 वें मिनट) तथा हेयांग झांग (56 वें मिनट) के एक एक गोल से 11 एकदम नई खिलाड़ियों के साथ उतरने वाली चीन की टीम ले थाईलैंड के मध्य प्रदेय महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफञी हॉकी भोाल, 2026 के उदघाटन मैच में बृहस्पतिवार को 7-0 से हरा जीत के साथ आगाज किया। चीन को मैच में दर्जन भर पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन वह तीन को ही गोल में बदल पाया। जापान की टीम दक्षिण कोरिया के खिलाफ हाफ टाइम तक हावी रही और उसने पहले हाफ में पांच पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। वहीं दक्षिण कोरिया को पहले हाफ हाफ में मात्र एक पनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन कोई भी पहले हाफ में एक भी पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल पाई।