अर्शदीप व अक्षर के कमाल से भारत ने न्यूजीलैंड से सीरीज 3-1से जीती

India won the series 3-1 from New Zealand due to the amazing work of Arshdeep and Akshar.

भारत ने न्यूजीलैंड से पांचवां व अंतिम वन डे अंतर्राष्ट्रीय 22 रन से जीता

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : मैन ऑफ द’ मैच बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (14 रन, 4 गेंद,2 छक्के, 3/30) और अक्षर पटेल ((46 रन, 55 गेंद, एक छक्का, 5 चौके व 2/36) के हरफनमौला खेल की बदौलत भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड को रविवार को माउंट माउंगनुई में पांचवें और अंतिम वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 22 रन से हरा कर सीरीज 3-1से जीत ली। भारत ने चीफ कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में विदेशी धरती पर यह पहली वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज जीती। भारत को न्यूजीलैंड से पांचवां व आखिरी वन डे अंतर्राष्टीय जिताने में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज (2/50) ने आपस में न्यूजीलैंड के पांच विकेट बांट अहम भूमिका निभाई।

भारत ने पांच वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज के शुरू के दोनों और आखिरी मैच जीता जबकि हैमिल्टन में तीसरा मैच बारिश के चलते धु़ल गया जबकि मेजबान न्यूजीलैंड की टीम इसी मैदान पर सीरीज का मात्र चौथा वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैच ही जीत पाई। भारत के तेज गेंदबाज गुरनूर  बराड़ ने पांच वन डे मैचों की सीरीज में चार मैच खेल कर सबसे ज्यादा नौ विकेट चटका कर मैन ऑफ द’ सीरीज रहे।

अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज ,आकिब नबी और यश ठाकुर के रूप में भारत के तेज गेंदबाजों की चौकड़ी को रविवार को पारी के शुरू से ही पर्याप्त सीम मूवमेंट मिला और उन्होंने विकेट टू विकेट गेंदबाजी कर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को जवाबी हमला बोलने का कतई मौका ही नहीं दिया। टिम सिरफिट और विल यंग की सलामी जोड़ी ने संभल कर पारी का आगाज किया लेकिन एक बार लाइट जलने पर भारत ने ऐसी वापसी की फिर पलट कर पीछे नहीं देखा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी भी गजब की रही और उन्होंने तेज गेंदबाजी की चौकड़ी पर ज्यादा भरोसा किया और 36 वें ओवर में बतौर स्पिनर बाए हाथ के अक्षर पटेल को मोर्चे पर लगाया। बतौर स्पिनर भारत के लिए अक्षर पटेल और नमन धीर ने भी अपनी भूमिका बखूबी निभाई।

रोहित शर्मा (7 रन, 13 गेंद, एक चौका), विराट कोहली (5 रन, 7 गेंद) और ऋतुराज गायकवाड़ (18 रन, 27 गेंद, 3 चौके) के रूप में तीन विकेट 8.1 ओवर में मात्र 34 रन पर गंवाने के बाद अक्षर पटेल(46 रन, 55 गेद, एक छक्का, 5 चौके) की कप्तान श्रेयस अय्यर (22 रन, 26 गेंद, 3 चौके) के साथ 52 और खुद आउट होने से पहले इशान किशन (46 रन,2 छक्के, तीन चौके) के साथ पांचवें विकेट की 35 रन की भागीदारी के बावजूद भारत की टीम पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर 42.1  ओवर में 209 रन  बना कर आउट हो गई। भारत को 200 रन के पार पहुंचाने में नमन धीर (22 रन, 31 गेंद, 2 चौके) व मोहम्मद सिराज (14 रन ,  20गेंद, एक छक्का, एक चौका) व अर्शदीप सिंह( 14 रन, 4 गेंद, दो छक्के) की दसवें विकेट की 26 रन की भागीदारी ने भारत को 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

जवाब में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (3/30) और इस दौरे पर अपना पहला मैच खेलने वाले अनुभवी मोहम्मद सिराज (2/50) व बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल(2/28) ने मैच के 47 और 49वें ओवर दो विकेट चटका कर गेंदबाजी इकाई के रूप में दमदार प्रदर्शन कर निक कैली (24 रन, 45 गेंद, 2 चौके),डीन फॉक्सक्रॉफ्ट(31 रन,42 गेंद, पांच चौके) और कप्तान मिचेल सेंटनर(24 रन, 31 गेंद, दो छक्के, एक चौके) की उपयोगी पारियों के बावजूद बराबर न्यूजीलैंड के विकेट चटका कर उसकी पारी 48.1 ओवर में मात्र 187 रन पर समेट कर  भारत को मैच और सीरीज जिता दी। भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज विल यंग (22 रन,42 गेंद, 3 चौके) को ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों, निक कैली (24)को बोल्ड करने के साथ  क्रिश्चियन क्लार्क (16 रन, 35 गेद, एक चौका) को विकेटकीपर इशान किशन के हाथों कैच कराया जबकि मोहम्मद सिराज ने सलामी बल्लेबाज टिम सिरफिट (14 रन, 21 गेंद, 2 चौके) को यश ठाकुर के हाथों कैच कराया और फिर फिन एलन (1 रन) को बोल्ड कर न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 21.3 ओवर में 83 कर दिया था। तेज गेंदबाज मोहम्मद नबी ने माइकल  ब्रेसवल (19 रन,33 गेंद, 2 चौके)को नमन धीर के हाथों कैच करा न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 119 कर दिया और इसी स्कोर पर तेज गेदबाज यश ठाकुर ने फॉक्सक्रॉफ्ट को बोल्ड कर अपने वन डे अंतर्राष्ट्रीय करियर का पहला विकेट चटकाया।  भारत ने 36 वें ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल को जब मोर्चे पर लगाया तब न्यूजीलैंड ने छह विकेट पर 131 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने अक्षर पटेल के दूसरे व तीसरे ओवर में एक एक छक्का जड़ा लेकिन ऑफ स्पिनर नमन धीर ने अपने पहले और पारी के 41 वें उन्हें स्लॉग स्वीप के लिए ललचा कर बाउंड्री पर अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया और न्यूजीलैंड ने अपना सातवां विकेट 158 रन पर खोया। अर्शदीप ने अपने दूसरे स्पेल में क्रिश्चियन क्लार्क (16 ) को पारी के 43 वें ओवर में विकेटकीपर इयान किशन के हाथों कैच करा कर न्यूजीलैंड का स्कोर आठ विकेट पर 161 कर दिया। अक्षर पटेल ने अपने छठे और पारी के 47 वें ओवर में जैकब डफी (9 रन, 12 गेंद, एक चौका) को लॉन्ग ऑन पर विराट कोहली के हाथों कैच करा न्यूजीलैंड का स्कोर 9 विकेट पर 181 रन कर दिया और उनके अगले व पारी के 49 वें ओवर की पहली ही गेंद को ब्लेयर टिकनर (14 रन, 20 गेंद, एक चौका) ने उड़ाने की कोशिश की लेकिन हवा में मात खा गए और विकेटकीपर इशान किशन ने उन्हें स्टंप कर न्यूजीलैंड की पारी समेट दी और भारत ने पांचवां व अंतिम वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैच जीतने के साथ सीरीज भी जीत ली।।

इससे पहले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैथ्यू ने अनुभवी रोहित शर्मा को तेज कुछ रुक कर आई गेंद पर शॉर्ट मिडविकेट पर फॉक्सक्रॉफ्ट के हाथों छठे ओवर में कैच कराया और भारत ने पहला विकेट 23 रन वर खोया जबकि विराट कोहली उनके अगले ओवर की तीसरी गेंद को बैकवर्ड पॉइंट के  उपर से उड़ाने की कोशिश में विकेटकीपर टिम सिरफिट को कैच थमा बैठे और भारत के रो-को की जोड़ी आठवें ओवर में 33 रन पर आउट होकर पैवेलियन लौट गई जबकि स्कोर में एक रन ही और जुड़ा था कि ऋतुराज गायकवाड़ ने जैकब डफी की ऑफ स्टंप पर सीम होती गेंद पर विकेटकीपर सिरफिट को कैच थमा दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर ने शॉर्ट गेंद को पुल करने की कोशिश में फिशर को कैच थमा बैठे और भारत ने चौथा विकेट 86 रन खोया। अक्षर पटेल पारी के 25 वें ओवर ऑफ स्पिनर माइकल ब्रेसवैल की गेंद को उड़ाने की कोशिश में मिडऑन पर विल यंग को कैच थमा बैठे और भारत ने पांचवां विकेट 121  रन पर खोया। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर (3/47) ने सबसे पहले नमन धीर(22) को एक्सट्रा कवर पर निक कैली के हाथों, आकिब नबी (5 रन, 6 गेंद, एक चौका) को फिन एलन और यश ठाकुर (0 रन, 4 गेंद) को विकेटकीपर सिरफिट के हाथों कैच कराया और भारत ने छह रन के भीतर तीन विकेट खो दिए और उसका स्कोर आठ विकेट पर 166 रन हो गया। इशान किशन(46) ने पारी के 41 वें ओवर में तेज गेंदबाज जैकब डफी (3/60)  डीप थर्डमैन पर  फिशर को कैच थमा दिया और भारत ने नौवां विकेट 183 पर खो दिया। डफी ने अर्शदीप सिंह (14) को बोल्ड कर भारत की पारी 42.1 ओवर में 209 रन पर समेट दी।

हमारे सभी गेंदबाजों ने बढ़िया गेंदबाजी : श्रेयस
भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा,‘ मैं भारत के  न्यूजीलैंड के यह पांच वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज 3-1 जीतने पर रोमांचित हूं, टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों और वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों में स्थितियां एकदम अलग थीं। हमारी बल्लेबाजी बहुत अच्छी नहीं रही लेकिन हमारे सभी गेंदबाजों ने सही दिशा के साथ बढ़िया गेंदबाजी की और हम अपनी योजना को सही ढंग से अमली जामा पहनाने में कामयाब रहे। यह वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की पूरी सीरीज बल्लेबाजों के लिए अच्छी नहीं रहीं लेकिन हमारी सोच यही थी कि हालात को दरकिनार टीम को आगे ले जाने की थी। टीम में बराबर बदलाव से मुश्किल पैदा हो सकती है। क्रिकेट प्रशंसकों का दोनों टीमों का समर्थन करते देखना सुखद रहा।

हर भागीदारी को लंबा खींचते तो जीत सकते थे : सेंटनर

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा,‘ मेरा हाथ ठीक है और अब कल देखते हैं। हम मैच के अधबीच तक खुश थे। हम बराबर विकेट चटकाने से खुश थे। भारतीय गेंदबाजों ने रविवार को वाकई बहुत बढ़िया गेंदबाजी की। भारत के कप्तान  श्रेयस अय्यर ने अपने तेज गेंदबाज को रोटेट करने के साथ बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल को आखिर तक बचा कर रखा। हम यदि मैच में हर भागीदारी को थोड़ा और लंबा खींच पाते तो हम जीत सकते थे। भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी की। पिच का मिजाज कुछ अलग रहा। पांच वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज भले ही भारत ने 3-1 से जीती लेकिन यह इसके स्कोर से कहीं ज्यादा करीबी रही। बारिश भी हुई और हम कई टॉस हारे लेकिन मेरा मानना है कि अलग अलग खिलाड़ियों ने मिले मौकों को भुनाया। कुछ खिलाड़ियों ने आगे बढ़ कर जिम्मेदारी निभाई।

हमने अनुशासित गेंदबाजी : अर्शदीप सिंह
मैन ऑफ द’ मैच रहे भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कहा,‘ मुझे 11 वें नंबर पर बल्लेबाजी करना पंसद है। हालांकि टीम के कुछ साथी कह सकते हं कि मैं गेंद से डर रहा था, सिराज और मैंने कुछ तेज रन बनाकर यह सुनिश्चित करने की कोशिश की हम भारत के स्कोर को 200 के पार पहंचा दे जिससे कि हमारे पास गेंदबाजी करने के लिए कुछ अच्छा स्कोर रहे। हम जब विकेट नहीं भी मिल रहे थे तो भी हमने बहुत अनुशासित गेंदबाजी की।’