मैसी पेनल्टी चूकने के बाद गोल कर फिर बने अर्जेंटीना की जीत के हीरो

After missing a penalty, Messi scored a goal and once again became the hero of Argentina's victory

अर्जेंटीना ने दो गोल से पिछड़ने के बाद वापसी कर मिस्र पर दर्ज की 3-2 से जीत

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : दो गोल से पिछड़ने के बाद धुरंधर स्ट्राइकर लियोनल मैसी के खेल खत्म होने से छह मिनट पहले दागे गोल से दो दो की बराबरी पाने के बाद मिडफील्डर एंजो फर्नांडेज के इंजुरी टाइम के दूसरे मिनट में दागे गोल से आखिरी 13 मिनट के भीतर दागे तीन गोल की बदौलत मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने गजब का जीवट दिखा यादगार वापसी कर मिस्र को फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के प्री क्वॉर्टर फाइनल में अटलांटा स्टेडियम में मंगलवार देर रात 3-2 से हरा कर बाहर कर दिया। मैसी ने एक गोल अर्जेंटीना को बराबरी जरूर दिलाई लेकिन वह दूसरी बार इस विश्व कप में पेनल्टी किक पर गोल करने से चूके। पेनल्टी चूक विलेन बनते बनते बराबरी का गोल कर मैसी एक बार फिर अर्जेंटीना की जीत के हीरो बन गए। यासिर इब्राहिम ने पहले और मुस्तफा जिको ने दूसरे हाफ में एक एक गोल कर मिस्र को 2-0 की बढ़त दिला कर मौजूदा विश्व कप के सबसे बड़े उलटफेर की दहलीज पर पहुंचा दिया था। डिफेंडर क्रि्श्चियन रोमेरो ने मैच के 79 वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-2 कर अर्जेंटीना की मैच में ऐसी वापसी कराई की मैसी और एंजो फर्नांडेज ने गोल कर बाजी पलटते हुए अपनी टीम को जीत दिलाकर ही दम लिया। अर्जेंटीना अब क्वॉर्टर फाइनल में स्विटजरलैंड से भिड़ेगा।

अर्जेंटीना के लियोनल मैसी अब मौजूदा विश्व कप में अपना आठवां गोल कर गोल्डन बूट की होड़ में फ्रांस के कईलियान बापे (7 गोल) को पीछे छोड़ कर सबसे आगे हो गए हैं। अपना लगातार छठा विश्व कप खेल रहे मैसी ने अब तक इसमें 31 मैचों में -2006 (1 गोल), 2010(कोई गोल नहीं), 2014 (1 गोल), 2022(7 गोल), 2026 (अब तक आठ गोल) में इसके अब तक के इतिहास में सबसे ज्यादा 21 गोल किए हैं।

यासिर इब्राहिम ने 15 वें मिनट में सिर से गोल कर मिस्र को 1-0 से आगे कर अर्जेंटीना को चौंका दिया। इसके तुरंत बाद लियोनल मैसी द्वारा ली पेनल्टी किक को मिस्र के गोलरक्षक मुस्तफा शोबिर ने रोक अर्जेंटीना को बराबरी पाने से रोक दिया। मिस्र के बॉक्स में पहुंचे डिफेंडर निकोलस टैगलियाफिको को मिस्र के खिलाड़ी के गलत ढंग से रोकने पर अर्जेंटीना को यह पेनल्टी किक मिली थी। मिस्र के मुस्तफा शोबिर इसके साथ एक विश्व कप में दो पेनल्टी किक रोकने वाले चौथे गोलरक्षक बन गए। मुस्तफा शोबिर ने इससे पहले इरान के मेहदी तरेमी द्वारा ली पेनल्टी किक भी रोकी थी। इसके साथ मिस्र के मुस्तफा शोबिर ने पोलैंड के जान तोमसजेवस्की, अमेरिका के ब्रैड फ्रिडेल और पोलैंड के ही गोलरक्षक वोइसिएच शेजेंसी के एक विश्व कप में दो पेनल्टी किक रोकने की बराबरी कर दी। मिस्र के गोलरक्षक मुस्तफा शोबिरने पहले हाफ में साथ ही मिडफील्डर अलेक्सिज मैक एलिस्टर और स्ट्राइकर जूलियन अल्वारेज के बॉक्स के भीतर तेज शॉट को रोक कर अर्जेंटीना को हाफ टाइम से पहले बराबरी पाने से रोका। मिस्र के हासेम हसन ने मैच के 30 वें मिनट गेंद को तेज फर्राटा लगा गेंद सालह को दी और उनसे मिली गेंद पर जिको ने तेज शॉट जमा गेंद गोल में छाल दी लेकिन उनके फाउल के चलते यह गोल अमान्य कर दिया गया। मिस्र के सालह और हसन ने जवाबी हमले बोल कर अर्जेंटीना के गोल पर दबाव बनाए रखा। मुस्तफा जिको ने 67 वें मिनट में गोल कर मिस्र को 2-0 की बढ़त दिला उसे एकबारगी जीत की दहलीज पर पहुंचा ही दिया था। अर्जेंटीना ने रोमेरो के 79 वें मिनट में गोल से स्कोर 1-2 किया और पांच मिनट बाद लियोनल मैसी ने गोल कर उसे दो दो की बराबरी दिलाई और इंजुरी टाइम के दूसरे मिनट में एंजो फर्नाडेंज ने गोल कर उसे 3-2 से जीत दिला दी।

मुझे माफ करना : मैसी
पेनल्टी किक चूकने के बाद गोल कर अर्जेंटीना को बराबरी दिला और जीत में अहम योगदान पर लियोनल मैसी ने कहा, ‘मैं सामने नहीं देख सकता, मुझे माफ करना। मैं अभी बेहद भावुक हूं। हमारी टीम बेहतरीन खिलाड़ियों का क्या शानदार ग्रुप है। अब मुझे बस आगे बढ़ना होगा।’

हमारी टीम मुश्किल में हिम्मत नहीं हारती: फर्नांडेज
अर्जेंटीना के लिए निर्णायक और विजयदाई गोल दागने वाले मिडफील्डर एंजो फर्नांडेज ने कहा,‘ मैं कतर विश्व कप के बाद से इस विश्व कप में अपने पहले गोल का इंतजार कर रहा था। मैं विश्व कप में गोल कर पाने के लिए भगवान का आभार जताता हूं। मैं यह कहूंगा कि हमारी टीम बेहतरीन खिलाड़ियों का शानदार ग्रुप है और जो कि किसी भी मुश्किल में हिम्मत नहीं हारती है। टीम में हम सभी हमेशा साथ हैं।’