कप्तान शुभमन का ध्यान भारत को इंग्लैंड से तीसरा व आखिरी वन डे अंतर्राष्ट्रीय और सीरीज जिताने पर

Captain Shubman is focused on helping India win the third and final ODI against England and the series

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : अनुभवी विराट कोहली और उपकप्तान श्रेयस अय्यर के अर्द्धशतकों से बढ़िया आगाज के बाद एक समय 300 रन के बड़े स्कोर तक बढ़ते दिखाई देने के बावजूद गलत समय विकेट गंवा 44 ओवर में मात्र 233 ओवर में ढेर होने के चलते भारत को कार्डिफ में इंग्लैंड से दूसरा वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच चार विकेट से हार कर तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में एक एक की बराबरी पर मजबूर होना पड़ा। इस हार से ज्यादा चर्चा पहले वन डे में मात्र पांच और कार्डिफ में दूसरे मैच में अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के जूझते हुए 47 गेंदों पर 27 रन बनाने के उन्हें इस फॉर्मेट के लिए भी अलविदा करने के लिए कहने के कयासों की हुई। रोहित शर्मा के नजरिए से अच्छी बात यह है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत साइकिया ने इन चर्चाओं को सिरे से खारिज कर कहा कि वह टीम इंडिया के नियमित सदस्य हैं और जब तक वह योजनाओं का हिस्सा हैं, टीम में बने रहेंगे। साइकिया के साथ भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी रोहित शर्मा को महान बल्लेबाज बताया। अब एक बात तो साफ है कि लॉडर्स में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का तीसरा और आखिरी वन डे रोहित शर्मा का आखिरी वन डे नहीं है।

रोहित शर्मा के भविष्य को ले अनिश्चय की चर्चाओं को दरकिनार कर नौजवान कप्तान शुभमन गिल अब सब कुछ भुला अपना पूरा ध्यान भारत को इंग्लैंड के खिलाफ लॉडर्स में सीरीज का तीसरा और आखिरी वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैच और सीरीज जिताने पर लगा रहे हैं। भारत को दौरे का समापन जीत के साथ करना है तो उसे शुरू के दो मैचों में लगातार दो अविजित अर्द्धशतक जड़ सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मेजबान इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट (174रन) का खूंटा जल्द जल्द से उखाड़ना होगा।

कप्तान शुभमन गिल के साथ भारत के लिए पहले वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैच में स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर और दूसरे वन डे अनुभवी विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने अर्द्धशतक जड़े थे। वाशिंगटन सुंदर के दूसरे वन में जांघ की मांसपेशी में आए खिंचाव से बाहर होने से भारत के कप्तान शुभमन गिल को रविवार के अहम मैच में एक मुश्किल फैसला यह लेना पड़ेगा कि उनकी जगह बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव को अपनी एकादश में शामिल करें या फिर अब फिट केएल राहुल को एकादश में शामिल कर दूसरे वन डे में सस्ते में आउट होने वाले इशान किशन को भी बरकरार रखे। भारत के लिए मौजूदा वन डे सीरीज में कप्तान शुभमन गिल ने एक अर्द्धशतक सहित मौजूदा सीरीज के दो वन डे मैचों में सबसे ज्यादा 111 और उपकप्तान श्रेयस अय्यर ने एक अर्द्बशतक सहित 102 रन बनाए जबकि अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर ने भी एक अर्द्धशतक जड़ा। भारत के लिए अक्षर पटेल ने भारत के लिए मौजूदा वन डे सीरीज में बल्ले से कमाल कर पहले में अर्द्धशतक व चार विकेट लेने के साथ दो मैचों में सबसे ज्यादा पांच विकेट चटकाए हैं। वहीं भारत के सदाबहार चेजमास्टर विराट कोहली ने शुरू के दो मैचों में एक अर्द्बशतक सहित 70 जबकि रोहित शर्मा ने दो मैचों में मात्र 37 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के सचिन तेंडुलकर और विराट कोहली के बाद भारत के सबसे कामयाब तीसरे बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा लॉडर्स के ऐतिहासिक मैदान पर बड़ी पारी खेल भारत को जिता कर अपने आलोचकों और खासतौर पर मुख्य चयनकर्ता अजित आगरकर को करारा जवाब दे सकते हैं।

इंग्लैंड के लिए रफ्तार के सौदागर जोफ्रा आर्चर ने चार, गस एटकिंसन ने तीन, साकिब महमूद और सैम करन ने दो दो विकेट चटकाए हैं। भारत के बल्लेबाजों को दूसरे वन डे में तीन तीन विकेट चटकाने वाले इंग्लैंड के रफ्तार के सौदागर जोफ्रा आर्चर व गस एटकिंसन , दो विकेट चटकाने वाले साकिब महमूद और सैम करेन ने अपने चतुर गति परिवर्तन से परेशान किया। बेशक मेजबान इंग्लैंड के गेंदबाजों को वहां के मौसम का लाभ मिला है लेकिन इससे भी ज्यादा गलती भारत के बल्लेबाजों ने हड़बड़ी में गड़बड़ी कर दिखाई है। कप्तान शुभमन गिल (31), विराट कोहली, रोहित शर्मा, इशान किशन ने बेवजह हड़बड़ी में आक्रामक स्ट्रोक खेलने की कोशिश में विकेट खोए । भारत ने एक समय तीन विकेट पर 180 रन बनाने के बाद बाकी के आठ विकेट 53 रन के भीतर गंवा दूसरा वन डे जीत 2-0 की निर्णायक बढ़त के साथ सीरीज पर कब्जा जमाने का मौका गंवा दिया था। भारत के शीर्ष और मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने यदि दूसरे वन डे इंग्लैंड के सदाबहार उसके लिए शुरू के दोनों वन डे में अर्द्धशतक जड़ने वाले जो रूट से प्रेरणा ले थोड़े संयम से बल्लेबाजी की होती और भारत ने पूरे 50 ओवर खेलते तो वह आसानी से 300 रन तक पहुंच जाता तो फिर इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर तेजी से और बड़े लक्ष्य का सामना करने का दबाव होता। खैर लॉडर्स में कप्तान शुभमन गिल, सीरीज के शुरू के दोनों मैच में नाकाम रहे रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और तीसरे वन डे में बेशक किशन की जगह वापस एकादश में जगह पाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल बड़ी पारियां खेल कर भारत को तीसरा और आखिरी वन डे अंतर्राष्ट्रीय और सीरीज जिता कर इस दौरे का समापन जीत के साथ कराने की पुरजोर कोशिश करेंगे।

अनुभवी जो रूट और लियाम डासन को छोड़ जैकब बैथल व बेन डकेट की सलामी जोड़ी, कप्तान हैरी ब्रुक, सैम करेन और जोस बटलर और विल जैक सहित इंग्लैंड का शीर्ष क्रम भी भारत के सदाबहार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, नवोदित गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा और शिवम दुबे के साथ स्पिनर अक्षर पटेल के सामने जूझता नजर आया है। इससे भारत के इंग्लैंड को सस्ते में समेटने तीसरा व आखिरी मैच सहित वन डे अंतर्राष्ट्रीय सीरीज जीतने की उम्मीद बंधती है। भारत के लिए वन डे सीरीज में वापसी करने पर अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे ने भले ही दो दो विकेट लिए लेकिन खासी किफायती गेंदबाजी है जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने अपनी लंबाई का लाभ उठा अपने उछाल से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को खासा परेशान किया है। भारत को इंग्लैंड के शीर्ष क्रम को शुरू के दोनों वन डे में सस्ते में आउट करने के बाद तीसरे और आखिरी वन डे में उसके मध्यक्रम व निचले क्रम को भी सस्ते में आउट करना होगा।

बीच के ओवरों में बहुत ज्यादा विकेट गंवाए : शुभमन गिल
भारत के कप्तान शुभमन गिल ने कहा,‘हमारा दूसरे वन डे अंतर्राष्ट्रीय में 233 पर सिमटना जरूर निराशाजनक है। 25 ओवर के बाद जब हम बढ़िया स्थिति में थे तो तब हमने सोचा था कि 300-310 रन कार्डिफ की पिच पर अच्छा स्कोर होगा लेकिन हमने बीच के ओवरों में बहुत ज्यादा विकेट गंवा दिए। हमारे पुच्छल्ले खिलाड़ी बढ़िया बल्लेबाज नहीं हैं। बेशक हम अपने मध्य -निचले क्रम के बल्लेबाजों से ज्यादा रन की आस कर रहे थे, लेकिन वे अच्छे आगाज को बड़े स्कोर में तब्दील करने में नाकाम रहे। मैं खुद बेवजह कवर में एटकिंसन की हाफ वॉली पर कैच थमाना जरूर निराशाजनक है। वाशिंगटन सुंदर हमारी वन डे टीम का अहम हिस्सा हैं। वह दबाव से निपट कर बड़ी पारी खेल सकते थे। हमें पूरी पारी में अपने सभी शीर्ष गेंदबाजों से गेंदबाजी करानी पड़ी। मैं नहीं मानता कि इससे कोई बहुत फर्क पड़ता क्योंकि तेज गेंदबाजों की गेंद पूरी पारी में ज्यादा हरकत करती दिखी। हां, जब आप अपने अहम बल्लेबाजों का विकेट खोते तो तब लय कुछ खो जाती है। जहां तक जो रूट का ताल्लुक है, हम जानते हं कि पांच या इससे ज्यादा की रन रेट हो उन्हें गलत शॉट खेलने पर मजबूर करने के मौके ज्यादा रहते हैं। हां, हमारी टीम जैसा सामान्य स्कोर बनाया उसके पार करने के तो वह उस्ताद हैं।
लॉडर्स : भारत वि इंग्लैंड, तीसरा व आखिरी वन डे अंतर्राष्ट्रीय, शाम साढ़े तीन बजे से।