चोट के चलते बाहर ओवरटन की कमी अखरेगी सीएसके को
सीएसके को हरा उसका गणित बिगाड़ सकती है लखनउ
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली: पांच बार चैंपियन रही पांचवें स्थान पर चल रही चेन्नै सुपर किंग्स (सीएसके) शुक्रवार को आखिरी स्थान पर चल रही लखनउ सुपर जायंटस को लखनउ में लगातार दूसरे और रिटर्न मैच में भी हरा कर 2026 आईपीएल प्ले ऑफ की होड़ में बने रहने के लिए उतरेगी। सीएसके के 11 मैचों में छह जीत और पांच हार के साथ 12 अंक हैं और उसे प्ले ऑफ में स्थान पक्का करने के लिए शुक्रवार को लखनउ सुपर जायंटस और इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के खिलाफ अब लीग में अपने बाकी तीनों मैच जीतने जरूरी हैं अन्यथा वह अगर मगर में फंस सकती है। सीएसके को लखनउ सुपर जायंटस के खिलाफ इस अहम मैच में पिछले मैच में मैच ऑफ द’मैच रहे जैमी ओवरटन के चोट के चलते इंग्लैंड वापस लौटने के कारण शुक्रवार को इस अहम मैच में उनकी कमी बुरी तरह अखरेगी। नौजवान बल्लेबाज उर्विल पटेल की मात्र 23 गेंदों पर 63 रन की तूफानी पारी और जेमी ओवरटन (3/36) की घातक की गेंदबाजी से सीएसके ने जोश इंग्लिश (85) और शाहबाज अहमद (43) की तूफानी पारियों के लखनउ सुपर जायंटस के 203 रन के बड़े स्कोर को चार गेंद के बाकी रहते मात्र पांच विकेट खो पार कर जीत हासिल की थी। प्ले ऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी लखनउ सुपर जायंटस के पास रिटर्न मैच में खोने को कुछ नहीं है वह सीएसके को हरा उससे हिसाब चुका उसका गणित जरूर बिगाड़ सकती है। लखनउ को जीतना है तो उसे खासतौर पर बेहतर गेंदबाजी के साथ चुस्त क्षेत्ररक्षण भी करना होगा।
लखनउ सुपर जायंटस को शुक्रवार को जीतना है उसके कप्तान ऋषभ पंत, जोश इंग्लिश, मिचेल मार्श और निकोलस पूरन को अपने चिर परिचित दे दनादन में अंदाज में बल्लेबाजी करनी होगी। लखनउ सुपर जायंटस के 11 मैचों में मात्र तीन जीत और आठ हार के साथ मात्र छह अंक हैं,लेकिन नेट रन रेट में मुंबई इंडियंस से पिछड़ने के चलते आखिरी स्थान पर है। चेन्नै सुपर किंग्स के लिए उत्साहवर्द्धक बात यह है कि उसने अपने पिछले लगातार तीन मैचों मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स और लखनउ सुपर जायंटस पर लगातार जीत दर्ज की। सीएसके लगातार चौथी और कुल सातवीं जीत के साथ अपनी प्ले ऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने में कसर नहीं छोड़ेगी। लखनउ सुपर जायंटस पिछले मैच में चेन्नै सुपर किंग्स से उसके घर में हारने के बावजूद अपने प्रदर्शन पर गर्व कर सकती है लेकिन उसके खिलाफ टपकाए गए कैचों का जरूर मलाल रहेगा। सीएसके के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले उर्विल पटेल का एक और प्रशांत वीर को उनकी 12 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 17 रन की पारी में टपकाए दो कैच ही सही मायनों में लखनउ सुपर जायंटस की हार का कारण बने। लखनउ सुपर जायंटस बेशक अब सीएसके खिलाफ शुक्रवार को पॉवरप्ले में और बेहतर प्रदर्शन की आस करेगी।
चेन्नै सुपर किंग्स के लिए शुरू के 11 मैचों में संजू सैमसन (430 रन) ने दो शतकों और एक अर्द्धशतक सहित सबसे ज्यादा रन बनाए हैं जबकि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़(293 रन) ने दो अर्द्धशतक ,कार्तिक शर्मा (8 मैच, 173 रन),सरफराज खान ( 8 मैच 160 रन ), उर्विल पटेल (4 मैच, 110 रन) ने एक -एकअर्द्धशतक जड़ा है। शिवम दुबे (10 मैच, 145रन) और मैथ्यू शॉट_ (2 मैच, 36 रन) का रनों के लिए जूझना पाना सीएसके को अखर रहा है। लखनउ सुपर जायंटस के लिए शुरू के 11 मैचों में अब तक ढीले प्रदर्शन के बावजूद नवोदित तेज गेंदबाज प्रिंस यादव (16 विकेट), मोहम्मद शमी (9 विकेट),बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान (5 मैच, 10 विकेट)जैसे तेज गेदबाजों की त्रिमूर्ति के सहारे शुक्रवार को सीएसके के खिलाफ जीत के साथ हिसाब चुकाने की आस कर सकता है। एम सिद्धार्थ (4 मैच, 6 विकेट), आवेश खान (7 मैच, 6 विकेट), लेग स्पिनर दिग्वेश राठी (8 मैच, 5 विकेट), शाहबाज अहमद (3 मैच, 4 विकेट) के गेंदबाजी इकाई के रूप में ढीला प्रदर्शन जरूर लखनउ सुपर के लिए चिंता का सबब है।
लखनउ सुपर जायंटस के लिए शुरू के 11 मैचों में मिचेल मार्श (377 रन) ने एक शतक व एक अर्द्ध शतक सहित सबसे ज्यादा रन बनाए हैं, जबकि कप्तान ऋषभ पंत (251 रन) ,मुकुल चौधरी ( 8 मैच,156 रन), निकोलस पूरन (184 रन) ,आयुष बड़ोनी ( 8 मैच, 172 रन), जोश इंग्लिश(2 मैच, 98 रन) ने एक एक अर्द्ध शतक जड़ा है। अब्दुल समद (5 मैच, 72 रन), शाहबाज अहमद (3 मैच 58 रन), अक्षत रघुवंशी (3 मैच, 23 रन) का रनों के लिए जूझना अभी भी लखनउ सुपर जायंटस को अभी भी बुरी तरह अखर रहा है। लखनउ सुपर जायंटस के बल्लेबाजों को सीएसके के शुरू के 11 मैचों के सबसे कामयाब तेज गेंदबाज अंशुल काम्बोज (19 विकेट), बाएं हाथ के स्पिनर नूर अहमद ( 12 विकेट), बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन (6 मैच, 7 विकेट), मुकेश चौधरी (5 मैच, 4 विकेट) से चौकस रहना होगा।
हमें अपने खेल में सुधार की जरूरत: ऋषभ पंत
लखनउ सुपर जायंटस के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, ‘चेन्नै में चेन्नै सुपर किंग्स के खिलाफ मैच बेहद रोमांचक रहा। हमें मालूम था कि चेन्नै सुपर किंग्स पॉवरप्ले में हम पर दबाव बनाएगी। चेन्नै में आकर आप ऐसी ही क्रिकेट की उम्मीद करते हैं। मुझे लगा कि हमने पर्याप्त स्कोर बनाया है। हमने बहुत कैच टपकाए। हमें अपना क्षेत्ररक्षण और चुस्त करने की दरकार है। चेन्नै सुपर किंग्स के लिए उर्विल पटेल ने अविश्वसनीय पारी खेली। हमें अपने खेल में सुधार की जरूरत है। चेन्नै सुपर किंग्स ने हमसे इस मैच में ज्यादा धैर्य दिखाया। हमने जिस अंदाज में पारी का आगाज किया था हमें और ज्यादा रन बनाने चाहिए थे। हम जानते थे कि 200-210 रन एक अच्छा लक्ष्य होगा। चेन्नै सुपर किंग्स ने तूफानी अंदाज में आगाज किया लेकिन हम यह जानते थे कि पॉवरप्ले के उनके लिए इसी रफ्तार से रन बनाना मुश्किल होगा। शाहबाज से 20 वां व आखिरी ओवर फिंकवाने की सोची जरूर थी लेकिन यह बेहद मुश्किल फैसला था। हमें किसी पर तो भरोसा करना था। एडन मरक्रम हमारे लिए कई बार 20वां आखिरी ओवर फेंक चुके और हमने इसी लिए उन पर भरोसा किया। हम इसीलिए अपने हर खिलाड़ी पर भरोसा करते हैं।’
बाकी तीन मैच में सहज होकर खेलना चाहेंगे : ऋतुराज गायकवाड़
सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, ‘जब आप जीत के लिए 200 रन से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करते हैं तो मैच हमेशा 18-19वें ओवर तक खिंचता है। क्रीज पर उतरने वाले नए बल्लेबाज के लिए आते ही दे दनादन अंदाज में अपने शॉट खेलना आसान नहीं था। लखनउ सुपर जायंटस के जोश इंग्लिश ने कई गजब के शॉट खेले और हमारे पास इसका कोई जवाब नहीं था। संजू सैमसन मेरे पास आए और कहा कि मैच में वापसी करने के लिए हमें विकेट चटकाने होंगे। इससे पूरी टीम उत्साहित हो गई। हमारी टीम में हर कोई मैच में वापसी करना चाहता था और इसी से हमने मैच पलट दिया। हमें छठे से दसवें ओवर में अपने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को मोर्चे पर लगाना था। इस दौरान नूर और ओवरटन ने बेहतरीन गेंदबाजी की। हम 220 रन अथवा इसी के करीब के स्कोर का पीछा करते खुश थे। हमने उन्हें 203 रन पर रोका। 220-230 एक अच्छा स्कोर होता। अभी तीन मैच बाकी है और हम सहज होकर खेलना चाहेंगे। दबाव में होने पर ये कहना आसान होता है, लेकिन यही हमारा मंत्र है।
शुक्रवार का मैच: सीएसके वि लखनउ सुपर जायंटस (शाम साढ़े सात बजे से, लखनउ)।





