इंग्लैंड सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना से भिड़ेगा
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : नौजवान मिडफील्डर जूड बेलिंघम के पैरों की कलाकारी दिखा मौकों को भुनाने की बानगी दिखाते हुए दागे दो गोल की बदौलत इंग्लैंड ने पिछड़ने के बाद नॉर्वे पर अतिरिक्त समय में रविवार सुबह मियामी में 2-1 से जीत के साथ फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के सेमीफाइनल में स्थान बना लिया। इंग्लैंड सेमीफाइनल में 15 जुलाई को मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना से भिड़ेगा। 22 बरस के नौजवान मिडफील्डर आंद्रियाज शेलड्रुप ने पहले हाफ में बॉक्स के भीतर पहुंच बेहतरीन गोल कर नॉर्वे को बढ़त दिला इंग्लैंड को चौंका दिया। मैन ऑफ द’ मैच 23 बरस के जूड बेलिंघम ने लगातार दूसरे मैच में दो गोल कर अपने कप्तान हैरी केन के मौजूदा विश्व कप में इंग्लैंड के लिए अब छह गोल करने की बराबरी कर ली। इंग्लैंड की टीम 11 वीं बार विश्व कप में अतिरिक्त समय खेली वहीं नॉर्वे की टीम 1938 के बाद पहली बार अतिरिक्त समय में खेली।
नॉर्वे ने क्वॉर्टर फाइनल में शुरू के 25 मिनट इंग्लैंड की रणनीति को भांपने की कोशिश की। 22 बरस के नौजवान मिडफील्डर आंद्रियाज शेलड्रुप ने पहले हाईड्रेशन ब्रेक के बाद मैच के 30 वें मिनट में बॉक्स में पहुंच दनदनाता शॉट जमा कर इंग्लैंड के गोलरक्षक जॉडर्न पिकफर्ड को कोई मौका न दे गोल कर नॉर्वे का खाता खाता। लेफ्ट विंगर एंथनी गॉर्डन के बाएं से फर्राटा लगा दिए बेहतरीन पास को संभाल मिडफील्डर जूड बेलिंघम ने पहला हाफ के इंजुरी टाइम के दूसरे मिनट में नॉर्वे के गोलरक्षक ओरन नेलैंड को छका गोल कर इंग्लैंड को एक एक की बराबरी दिला। हाफ टाइम तक दोनों टीमें एक एक से बराबर रही निर्धारित समय तक भी स्कोर बराबर रहने पर फैसले के लिए 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। जूड बेलिंघम ने अतिरिक्त समय के तीसरे मिनट में तेज शॉट जमाया और इसे नॉर्वे के गोलरक्षक नेलैंड ठीक से गेंद को रोक नहीं पाए और लौटती गेंद को फिर अपने कब्जे में ले जूड बेलिंघम ने मैच का अपना गोल कर इंग्लैंड को 2-1 से आगे कर दिया। इंग्लैंड ने अपनी इस बढ़त को बरकरार रख नॉर्वे से यह क्वॉटर फाइनल जीत लिया।
नॉर्वे के कोच स्टेल सोलबाकेन ने मैच में बराबरी पाने की जुगत में अपने तरकश के सभी तीर चल दिए। सोलबाकेन ने अतिरिक्त समय के शुरू में जूझते अपने स्ट्राइकर अर्लिंग हालैंड की जगह अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ जॉर्गन र्स्टेंड लासन को उतारना भी उनके काम न आया। नॉर्वे 1938 और 1998 में अंतिम 16 में बाहर होने के बाद अपना पहला विश्व कप क्वॉर्टर फाइनल खेल रही थी।नॉर्वे के स्टार स्टाइकर अर्लिंग हालैंड के मैच के शुरू में हेडर पर गोलरक्षक जॉर्डन पिकफर्ड ने संभाल इंग्लैंड को पिछड़ने से बचाया। नॉर्वे केइलियट एंडरसन ने मैच के 60 वें मिनट में कॉर्नर पर गेंद को बॉक्स के भीतर उछाला और इस पर टारबर्न हीजेम ने गेंद को गोल दिला इस पर ‘वार रिव्यू’ पर विडियो रेफरी ने फैसला पलट कर इस गोल को अमान्य कर दिया। नॉर्वे के डिफेंडर क्रिस्टोफर एयर ने सिर से गेंद को गोल में डालने की कोशिश की लेकिन गोलस्तंभ को लगकर बाहर निकल गई। मैच के पूरे रोमांच पर पहुंचने पर इंग्लैंड के बदलू खिलाड़ी जेड स्पेंस ने नॉर्वे के गोलरक्षक नेलैंड को छका गोल करने की कोशिश की लेकिन गेंद करीब से बाहर निकल गई।
हम बेहतर खेलने की जरूरत है: टचेल
इंग्लैंड के कोच टॉमस टचेल ने अपनी टीम की नॉर्वे पर संघर्षपर्ण जीत में कहा,‘ हमने खुद ही मैच अपने लिए बहुत मुश्किल बना दिया। नतीजा शानदार है हम विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं लेकिन मैं टीम के प्रदर्शन से खुश नहीं हूं। हम रविवार को खुशकिस्मत रहे। हम बेहतर खेलने की जरूरत है। हम और बेहतर होने की जरूरत है।`
जीवट और जज्बे ने हमें मुश्किल से निकाला : बेलिंघम
दो गोल कर इंग्लैंड की जीत के हीरो रहे जूड बेलिंघम ने कहा,‘ हमारे जीवट और जज्बे ने हमें तब मुश्किल से निकाला जब स्थितियां हमारे पक्ष में नहीं थे। मुश्किल स्थितियों में हमने अपना सब कुछ झोंक दिया। यह जीत सभी के लिए है। हमारा पूरा देश जीता, हर कोई हमारे साथ है।‘
हमारे पास बेलिंघम जैसा पासा पलटने वाला खिलाड़ी था: केन
इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने कहा,‘ नॉर्वे के खिलाफ यह क्वॉर्टर फाइनल गेंद पर कब्जे और मौकों के लिहाज से बराबरी का रहा। जब आपके पास जूड बेलिंघम जैसा आज के मैच की तरह पासा पलटने वाला खिलाड़ी हो तो बड़ी बात होती है। हमारी टीम के जज्बे और बड़े दिल ने हमें यह जीत दिलाई।‘





