मनप्रीत के पास होगा दिलीप तिर्की के भारत के लिए सबसे ज्यादा मैच के रिकॉर्ड की बराबरी का मौका
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : दुनिया के बेहतरीन ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में भारतीय पुरुष हॉकी टीम एफआईएच प्रो हॉकी लीग 2025-26 के नीदरलैंड चरण में मेजबान नीदरलैंड और जर्मनी जैसी दुनिया की दो शीर्ष टीमों के खिलाफ दो दो मैच खेल कर खुद को इस साल अगस्त में नीदरलैंड- बेल्जियम में होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप और सितंबर में जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए खुद को आजमाने को तैयार है। भारत एफआईएच पुरुष हॉकी प्रो लीग में नीदरलैंड में अपने अभियान का आगाज 14 जून को नीदरलैंड के खिलाफ करने के बाद जर्मनी से 17 और 18 जून को दो मैच खेलेगा और 21 जून को रिटर्न मैच में फिर नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगी। भारत के लिए सबसे ज्यादा 412 अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैच खेलने के रिकॉर्ड हॉकी इंडिया के मौजूदा अध्यक्ष तीन बार के ओलंपियन पूर्व दिलीप तिर्की के नाम है। एफआईएच प्रो हॉकी लीग के नीदरलैंड चरण में रविवार को नीदरलैंड के खिलाफ खेलने उतर कर सबसे अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह (411 अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैच) के पास दिलीप तिर्की (412 अंतर्राष्ट्रीय मैच) भारत के लिए सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैच खेलने के रिकॉर्ड की बराबरी करने का मौका होगा।
एफआईएच प्रो हॉकी लीग 2025-26 के नीदरलैंड चरण से पहले भारत के चीफ हॉकी कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, ‘हमारे लिए एफआईएच प्रो हॉकी लीग इस साल अगस्त में नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले पुरुष हॉकी विश्व कप की तैयारियों के लिए बेहद अहम है। एफआईएच प्रो हॉकी लीग में पहले नीदरलैंड और फिर इंग्लैंड चरण में दुनिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त टीमों के खिलाफ खेलने से हमें खुद को उस तरह से परखने का मौका मिल जाएगा, जिस तरह हम खुद को परखना चाहते हैं। हमारे इन मैचों में खेलने से हमें अपने अलग अलग संयोजनों को आजमाने का मौका मिलेगा। हमारा मकसद दोनों चरण के सभी चार चार मैचों में दमदार ढंग से दबाव बना खतरनाक जवाबी हमले बोलन पर होगा। हम जानत हैं कि हम पुरुष हॉकी विश्व कप में हम कहां पहुंचना चहते हैं। प्रो लीग के ये मैच हमें यह बता देंगे कि हम कहां खड़े हैं। मेजबान नीदरलैंड के खिलाफ एफआईएच प्रो लीग में खेल कर खुद को वहां की स्थितियों के मुताबिक ढालने के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश करेगी क्योंकि एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप में भारत को अपने ज्यादातर मैच नीदरलैंड में ही खेलने हैं। हमारे लिए टूर्नामेंट के लिहाज से एकदम आदर्श स्थितियां हैं।
कामना मनप्रीत सिह ऐसे ही रिकॉर्ड बनाते रहे: दिलीप तिर्की
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष भारत के लिए अब तक सबसे ज्यादा 412 अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैच खेलने वाले पूर्व ओलंपियन व कप्तान दिलीप तिर्की ने कहा, ‘भारत का एफआईएच प्रो लीग में मेजबान नीदरलैंड के खिलाफ के मैच का नतीजे से कहीं ज्यादा अहम होगा। भारत के बेहतरीन मिडफील्डर मनप्रीत सिंह(411 अतर्राष्ट्रीय मैच) के पास नीदरलैंड के खिलाफ रविवार के मैच मे खेलने उतर कर मेरे भारत के लिए सबसे ज्यादा 412 अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खेलने के अहम रिकॉर्ड की बराबरी करने का मौका होगा। मनप्रीत सिंह का रविवार को मेरे रिकॉर्ड की बराबरी करना उनकी भारतीय हॉकी की टीम की सेवा, विलक्षण कौशल और उसके साथ अदभुत जुगलबंदी का प्रमाण है। मनप्रीत भारतीय हॉकी टीम की मध्यपंक्ति के अहम क्षणों में उसके धड़कन रहे हैं। मनप्रीत ने अपनी कप्तानी में भारत को 2020 में टोक्यो ओलंपिक में कांसा जिताने के बाद 2024 के पेरिस ओलंपिक में इसे बरकरार रखने में अहम भूमिका निभाई। यह मनप्रीत के अद्वितीय जज्बे का प्रमाण है। मेरे लिए इससे ज्यादा गर्व की और कोई बात नहीं हो सकती है कि मेरे हॉकी इंडिया के अध्यक्ष रहते ही भारत ने लगातार दो बार ओलंपिक में कांसा जीता। मैं पूरी हॉकी इंडिया और मनप्रीत का हौसला बढ़ाने वाले उनके करोड़ो हॉकी प्रेमियों की ओर उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। मेरी यह कामना है कि मनप्रीत सिंह हॉकी के मैदान पर भारत के लिए इसी तरह के कीर्तिमान बनाते रहे जो कि भारतीय हॉकी खिलाड़ियों की पीढ़ियों को प्रेरित करते रहे। मैंने एफआईएच प्रो लीग में रॉटरडम (नीदरलैंड) और लंदन (इंग्लैंड) में एफआई प्रो हॉकी लीग मैचों के लिए अपनी भारतीय टीम को शुभकामनाए भेजी हैं चूंकि हम साल के उस अहम दौर में प्रवेश कर रहे हैं, जिसमें विश्व कप और एशियाई खेल शामिल हैं।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिह ने हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की की बात का समर्थन करते हुए कहा, ‘मनप्रीत सिंह की भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लिए यात्रा उनके हॉकी के प्रति पूर्ण समर्थन को दर्शाती है। भारत के लिए 412 अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैच एक शानदार उपलब्धि है। मनप्रीत वैश्विक मंच पर भारतीय हॉकी की वापसी में अहम भूमिका निभाई है।





