बापे के दो गोल से फ्रांस का सेनेगल पर 3-1 से रोमांचक जीत से आगाज

France kicks off with a thrilling 3-1 victory over Senegal, thanks to two goals from Bapé

बापे बने फ्रांस के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले फुटबॉलर

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : दुनिया के धुरंधर स्ट्राइकर कप्तान कइलियान बापे के दो बेहतरीन गोल की बदौलत दो बार के चैंपियन पिछले उपविजेता फ्रांस ने सेनेगल को फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के ग्रुप आई के अपने पहले मैच में न्यूयॉर्क के न्यूजर्सी स्टेडियम में बुधवार सुबह 3-1 से रोमांचक जीत से आगाज किया। बापे ने दो गोल कर फ्रांस को सेनेगल पर जीत दिला यह सुनिश्चित किया कि उसके हाथों 2002 के सस्करण में पहले दौर के मैच की हार की पुनरावृत्ति न हो। बापे बुधवार को दो गोल दागने के साथ फ्रांस के लिए सबसे ज्यदा 58 गोल दागने वाले फुटबॉलर बन गए। यह मैच इसके स्कोर से कहीं ज्यादा रोमांचक रहा। फ्रांस के लिए बापे ने दो और 12 वें मिनट उस्मान डेम्बले की जगह उतरने वाले ब्रैडले बारकोला ने दूसरे हाफ में एक गोल किया। सेनेगल के लिए बाए इब्राहिम बाए ने एक गोल किया। मैच में चारों गोल दूसरे हाफ में हुए। सबसे दिलचस्प बात यह रही कि फ्रांस के लिए बापे ने और सेनेगल के लिए इब्राहिम ने इकलौता गोल खेल खत्म होने से पहले इंजुरी टाइम में किया। अब तक फ्रांस के बापे ने विश्व कप में 14 गोल दागे हैं।

फ्रांस के लिए दो गोल करने के बाद कइलियान बापे ने कहा‘ मैं अपने देश के इतिहास में अपनी छाप छोड़ने और सुनिश्चित करने के लिए खेलता हूं कि मेरे फ्रांस की टीम फाइनल में पहुंच कर विश्व कप फुटबॉल खिताब जीते। बाकी सब तो बस मेरे व्यक्तित्व और मेरे करियर का हिस्सा होंगे।’

सेनेगल की तारीफ करनी होगी कि उसने बापे, ओलिस माइकल और ब्रैडले बार्कोला जैसे दुनिया के तेज तर्रार स्ट्राइकरों से सज्जित फ्रांस की अग्रिम पंक्ति को पहले हाफ में ही नहीं बल्कि 66 मिनट तक गोल करने से रोके रखा। फ्रांस की टीम 4-3-2-1 और सेनेगल की टीम 4-3-3 की पद्धति से खेली।फ्रांस की टीम ने शुरू में सेनेगल की रणनीति को भांपने की कोशिश की। इसके उलट चीफ कोच पेप थियाउ के मार्गदर्शन में खेलने उतरने वाले सेनेगल की टीम ने आक्रामक अंदाज में आगाज कर शुरुआती हमले बोले। सेनेगल के निकोलस जैक्सन ने मैच के शुरू में तेज शॉट लगाया लेकिन गेंद फ्रांस के गोलरक्षक माइक मैगनन और गोलस्तंभ को छका गोलस्तंभ के उपर से बाहर निकल गई। जैक्सन के शॉट पर गेंद फ्रांस के गोल में जरूर पहुंच लेकिन बदकिस्मती से रेफरी ने उन्हे ऑफ साइड करार दे यह गोल अमान्य कर दिया। सेनेगल के इस्मिला सार का शॉट भी गोलस्तंभ के बस जरा उपर से बाहर निकल गया और सेनेगल बढ़त हासिल करने से चूक गया। पहला हाफ खत्म होने तक कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई।

फ्रांस ने दूसरे हाफ में आक्रामक अंदाज किया और डिजायर डू ने शुरू में तेज शॉट लगाया लेकिन बहुत करीब से निशाना चूक गए। स्ट्राइकर माइकल ओलिस और कईलियान बापे ने बॉक्स के भीतर पहुंच दो बेहतरीन शॉट जमाए लेकिन सेनेगल के गोलरक्षक एडुअर्ड मेंडी ने दो खूबसूरत बचाव कर फ्रांस को खाता खोलने से रोक दिया। कईलियान बापे ने ओलिस द्वारा चतुराई से मैच के 66 वें मिनट में बढ़ाई गेंद को संभाल बॉक्स के भीतर सेनेगल के गोलरक्षक मेंडी को छका गोल कर आखिर खाता खोल फ्रांस को 1-0 से आगे कर दिया। बापे ने इस गोल के साथ फ्रांस के लिए ओलिवर गिरोड के सबसे ज्यादा 57 गोल करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। ब्रैडले बारकोला ने मैच के 82 वें मिनट में गोल कर फ्रांस को 2-0 से आगे कर उसे जीत की ओर अग्रसर कर दिया। खेल खत्म होने से इंजुरी टाइम के पांचवें मिनट में सेनेगल के इब्राहिम बाए ने गोल कर स्कोर 1-2 कर दिया। बापे ने अगले ही मिनट बॉक्स के बाहर से अचूक शॉट जमा अपना दूसरा गोल फ्रांस को 3-1 से जीत दिलाई और अपने देश के लिए सबसे ज्यादा 58 गोल करने वाले फुटबॉलर बन गए। दिदियर डिचैम्पस का फ्रांस के हेड कोच के रूप में यह 20 वां मैच था और इसके साथ विश्व कप में बोरा मिलूतिलोविच, ऑस्कर तबरेज और मारियो जगालो की बराबरी कर ली। अब विश्व कप फुटबॉल मे उनसे ज्यादा मैचों में अपनी टीमों चीफ कोच रहने वाले तीन ही हैं।

अब हमारा फोकस इराक के खिलाफ अगले मैच पर: बापे
कइलियान बापे ने दो गोल कर फ्रांस को जिताने के बाद कहा,‘ विश्व कप फुटबॉल में आप कभी जरा सी ढील गवारा नहीं कर सकते लेकिन सेनेगल पर पहले मैच में जीत जरूर कुछ सुकून देती है। आपने इस विश्व कप में बाकी टीमों को खेलते देख महसूस किया होगा कि जीतना कभी भी आसान नहीं होता। हमारी सेनेगल पर जीत बेशक आसान नहीं थी लेकिन हम जानते हैं कि हम किसी भी क्षण गोल करने का दम रखते हैं। हमें शांत और धैर्य से खेल कर अपनी रणनीति पर काबिज रह अपनी रणनीति को अंजाम देना था क्योंकि विश्व कप में बहुत ही जल्द ही बहुत कुछ बदल जाता है। अब हमारा फोकस इराक के खिलाफ अगले मैच पर है।’

पहला मैच जीतना हमेशा अहम होता है : दिदियर
फ्रांस के कोच दिदियर डीचैम्पस ने अपनी टीम की जीत के बाद कहा,‘ सेनेगल पर जीत कुछ सुकून देने वाली है। हम मैच के शुरू में आशंकित थे। उस्मान की जगह डेम्बले के उतारना और ओलिस की पॉजिशन बदलने से बहुत फर्क पड़ा। पहला मैच जीतना हमेशा अहम होता है। फुटबॉल का जादू यही है कि आप अपनी भावनाओं को साझा कर पाते हैं। यह अभी पहला मैच ही था लेकिन इसमें हम अपनी जीत का मजा लें।‘

योजना को अमली जामा नहीं पहना पाए: मेंडी
सेनेगल के गोलरक्षक एडुअर्ड मेंडी ने अपनी टीम की फ्रांस के हाथों हार पर कहा,‘ हम अपनी योजना को अमली जामा नहीं पहना पाए। हम मालूम है कि दूसरे हाफ में हमें खेल का स्तर उंचा उठा कर और नियोजित ढंग से हमलृ बोले थे। फ्रांस पर हम बस छिटपुट हमले ही बोल पाए। फ्रांस जैसी टीम के खिलाफ आपको तालमेल से सधे ही हुए हमले बोलने की जरूरत होती है क्योंकि वह आपको कोई मौका नहीं देती है। अब हम पहले मैच को भुला चुके हैं और इससे सबक लेकर अपना ध्यान अपने अगले नार्वे के मैच पर लगाएंगे।‘