सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : काई हावर्ज के दो तथा फेलिक्स नेमचा,निको श्लोटरबैक, जमाल मुसाइला ,नथाइनल ब्राउन और डेनिज अंदव के एक एक गोल से चार बार की चैंपियन जर्मनी ने गोल की बारिश करते हुए पहली बार शिरकत कर रही कुरासाओ को फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में ग्रुप ई के मैच में हयूस्टन स्टेडियम में सोमवार को 7-1 की बड़ी जीत के साथ आगाज किया। जर्मनी के स्ट्राइकर काई हावर्ज दोनों हाफ के ठीक पहले एक एक एक गोल कर मैन ऑफ द’ मैच रहे। चीफ कोच जूलियन नगेलसमन अपने मार्गदर्शन में जर्मनी के बड़ी जीत से आगाज करने पर बेशक बहुत खुश होंगे।
फ्लोरियन विर्ज के साथ बेहतरीन तालमेल से आगे बढ़ उनसे मिली गेंद को बॉक्स के भीतर पहुंच कर फेलिक्स नेमचा ने मैच के छठे मिनट में ही गोल दाग कर जर्मनी का खाता खोला। लिवानो कोमांशिया ने 21 वें मिली जर्मनी की रक्षापंक्ति की चूक का लाभ उठा कर बहुत ही नफासत से गेंद को गोल में डाल कर कुरासाओ को एक एक की बराबरी दिला दी। निको श्लोटरबैक ने कॉर्नर किक पर सिर से 38 वें मिनट में गोल कर जर्मनी को 2-1 से आगे कर दिया। काई हावर्ज ने पहला हाफ खत्म होने से ठीक पहले हाफ इंजुरी टाइम खत्म होने से ठीक पहले मिली पेनल्टी किक पर गोल कर जर्मनी को हाफ टाइम तक 3-1से आगे कर दिया था। कुरासाओ के रिचले बाजोइर ने बॉक्स के अंदर नेमचा को पहले हाफ में इंजुरी टाइम से ठीक पहले गिराने पर जर्मनी को पेनल्टी किक मिली थी। जमाल मुसाइला ने जोशुआ किमिच के कुराकाओ की रक्षापंक्ति को छका दिए बेहतरीन पास पर दूसरे हाफ के दूसरे मिनट में गोल कर जर्मनी को 4-1 से आगे कर पूरी तरह उसकी मैच पर पकड़ बना दी। अपने करियर का पहला विश्व कप मैच खेल रहे नथाइनल ब्राउन ने मैच के 68 वें मिनट में गजब की वॉली लगा गोल कर जर्मनी को 5-1 से आगे कर दिया। डेनिज अंदव ने दस मिनट बाइ गोल कर जर्मनी को 6-1 से आगे कर दिया। काई हावर्ज ने खेल खत्म होने से दो मिनट पहले मैच का अपना दूसरा गोल कर जर्मनी को 7-1 के अंतर से मैच जिता दिया।
जीत से आगाज करने से मैं खुश : जूलियन नगेलसमन
जर्मनी के कोच जूलियन नगेलसमन ने अपनी टीम की बड़ी जीत पर कहा, ‘ हमारे बढ़त लेने के बाद कुरासाओ के मैच में बराबरी पाने के बाद हमें मैच में वापसी में कुछ ही मिनट लगे। हमने देखा की कुरासाओ भी फुटबॉल खेल सकता है। मैं यह देखने को बेताब हूं कि आगे चल उनका प्रदर्शन कैसा रहता है। मैं अपनी जर्मनी की टीम के सात गोल करने और मैच में उसके प्रदर्शन से खुश हूं। जीत से आगाज करना अहम होता है हमें खुशी है कि हम ऐसा करने में कामयाब रहे ।‘
मेरे लिए अपना यह पांचवां विश्व कप खास है :नूएर
40 बरस 79 दिन की उम्र में विश्व कप में खेलने उतर गोलरक्षक मैनुअल नूएर जर्मनी के लिए लोथार मैथायस के रिकॉर्ड के तोड़ उसके लिए किसी बड़े टूर्नामेंट में खेलने उतरने वाले सबसे उम्रदराज फुटबॉलर बन गए। अपनी टीम की बड़ी जीत के बार नूएर ने कहा,‘फुटबॉल खेलने का अपना ही मजा है और बदलू खिलाड़ी मैच में उर्जा लाते हैं।आप हमारी टीम की एकता को देख सकते हैं। यह कोई ब्राजील की टीम विश्व कप में नहीं खेल रही थी यह कुरासाओ की पहली बार खेलने वाली टीम थी। हमारे लिए अच्छा रहा हमने कुरासाओ के खिलाफ इस विश्व कप में अपने पहले मैच में जीत से आगाज किया। मुझे 2010 में विश्व कप में जर्मनी के लिए खेला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला मैच आज भी याद है।मैं आज भी विश्व कप में खेलने को लेकर उसी तरह रोमांचित हूं कि जैसे की यह विश्व कप में पहला मैच है। आप या तो फुटबॉल करते हैं या फिर नहीं। मेरा यह पांचवा विश्व कप है और इसीलिए मेरे लिए यह खास है।‘
बेवजह खाए गोल ने नींद से जगा दिया : ब्राउन
जर्मनी के डिफेंडर नथाइन ब्राउन ने कहा, ‘ अपने पहले ही विश्व कप मैच में गोल करने को बयां करना मेरे लिए बहुत मुश्किल है। हम अपने इस विश्व कप के पहले ही मैच में सात गोल करने से बहुत खुश हैं। हमने बेवजह एक गोल खाया लेकिन इस गोल से हमें संभवत: नींद से जगा दिया। मुझे अपनी टीम के बढ़िया खेलना जारी रखने पर गर्व है। हमारे लिए गोल करना बहुत अख्छा रहा लेकिन हमें अपनी कमजोरियों को दूर करने पर मेहनत जारी रखनी होगी।
विश्व कप में गोल करने का मेरा सपना पूरा हुआ : लिवानो
कुरासाओ के लिए मैच में इकलौता गोल करने वाले लिवानो कोमेंशिया ने कहा,‘ मैंने जब पांच या छह बरस की उम्र में फुटबॉल खेलना शुरू किया तो विश्व कप में गोल करना मेरा सपना था। बहुत अच्छा रहा कि विश्व कप में गोल करने का मेरा सपना पूरा हो गया।





