सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : कालेब येरिंकई द्वारा खेल खत्म होने से ठीक पहले इंजुरी टाइम में दागे इकलौते गोल से घाना ने पनामा को बुधवार को टोरंटो के टोरंटो स्टेडियम में फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में ग्रुप एल के अपने पहले मैच में 1-0 से हरा कर पूरे अंक पाए। पनामा को पहले हाफ में गोल करने का मौका मिला लेकिन मिडफील्डर आमिर मुरिलो के नीचे क्रास पर स्ट्राइकर सेसिलो वाटरमैन ने बॉक्स के ठीक उपर गेंद संभाली, लेकिन उनके तेज शॉट को घाना के बदलू गोलरक्षक बेंजामिन असारे ने बढ़िया पूर्वानुमान लगा गेंद को अपने उन्हें गोल करने से रोक दिया। इससे पहले पनामा के जिवोनी रमोज ने गोलरक्षक असारे के हाथ लगकर लौटती गेंद को गोलस्तंभ के उपर बाहर मार कर अपनी टीम को बढ़त दिलाने का मौका गंवा दिया। घाना की टीम दूसरे हाफ के शुरू में तब गोल खाती खाती बची जब पनामा के क्रिश्चियन मार्टिनेज बॉक्स के भीतर पहुंच कर हड़बड़ी में बाहर गेंद मार बैठे। टॉमस असांटे ने बाएं से खेल खत्म होने से ठीक पहले कालेब येरिंकई के लिए बाएं से गेंद बढ़ाई और उन्होंने बॉक्स के ठीक उपर से दनदनाता शॉट जमा गोल कर घाना को 1-0 से आगे कर अहम जीत दिला दी।





