हरमनप्रीत कौर होंगी आईसीसी टी 20 महिला क्रिकेट विश्व कप में भारत की कप्तान

Harmanpreet Kaur will captain India in the ICC Women's T20 World Cup

  • नवोदित नंदिनी भारतीय टीम में शामिल इकलौता नया चेहरा
  • यस्तिका और राधा यादव की भारतीय टीम में वापसी
  • अनुष्का, उमा, अमनजोत व काशवी नहीं मिल टीम में जगह

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : सदाबहार अनुभवी हरमनप्रीत कौर इंग्लैंड में 12 जून से 5 जुलाई,2026 तक होने वाले आईसीसी टी 20 महिला क्रिकेट विश्व कप और उसके ठीक पहले मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में भारत की 15 सदस्यीय टीम की कप्तान होंगी जबकि स्मृति मंधाना को टीम की उपकप्तान नियुक्त किया गया है। पहले संस्करण से हरमनप्रीत कौर लगातार पांचवें टी 20 महिला विश्व कप में भारत की कप्तानी करेंगी। चंडीगढ़ की 24 वर्षीया तेज नवोदितगेंदबाज नंदिनी शर्मा भारतीय महिला टीम में शामिल किया गया इकलौता नया चेहरा है।पहली बार भारतीय महिला टीम में शामिल की गई नंदिनी शर्मा इस टी 20 विश्व कप में वह अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का आगाज कर सकती हैं। नंदिनी शर्मा महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीए) में दिल्ली कैपिटल्स के लए 2026 में 17 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाली गेंदबाज थीं।

मौजूदा आईसीसी महिला वन डे क्रिकेट विश्व कप चैंपियन भारतीय टीम अब तक महिला आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप नहीं जीत पाई है। हरमनप्रीत कौर पांचवीं बार महिला टी 20 क्रिकेट विश्व कप में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगी। भारत हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में 2020 के टी 20 महिला विश्व कप के फाइनल मे पहुंच कर मेजबान ऑस्ट्रेलिया से एमसीजी में हार कर उपविजेता रहा, जो कि उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत 2024 के संस्करण में नॉकआउट में जगह बनाने में नाकाम रहा था। भारत आईसीसी टी 20 महिला क्रिकेट विश्व कप में अपने अभियान का आगाज 14 जून को बर्मिंघम में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मैच से करने के बाद , 17 जून को नीदरलैंडस, 21 जून को मैनचेस्टर में दक्षिण अफ्रीका से, 25 जून को बांग्लादेश से और 28 जून को अपने अंतिम ग्रुप मैच में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा।

विकेटकीपर बैटर यस्तिका भाटिया और बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव ने महिला टी 20 विश्व कप से भारतीय टीम में वापसी की है जबकि अनुष्का शर्मा व उमा छेत्री, अमनजोत कौर और काशवी गौतम को टीम में जगह नहीं मिली है। अमनजोत और काशवी गौतम दाएं घुटने में चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं। महिला चयन समिति ने अपनी बैठक के बाद शनिवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्यालय में टी 20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा की। महिला चयन समिति ने साथ ही इंग्लैंड के तीन टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों और इंग्लैंड के खिलाफ इकलौते टेस्ट मैच के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा की।

आईसीसी टी 20 महिला क्रिकेट विश्व कप और इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी 20 मैचों की सीरीज के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम : हरमनप्रीत कौर(कप्तान), स्मृति मंधाना(उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्ज, भारतीय फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋषा घोष(विकेटकीपर), श्रीचारिणी, यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़ , श्रेयंका पाटील, राधा यादव।

भारत का इंग्लैंड दौरा उसके खिलाफ तीन टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज से शुरू होगा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने इंग्लैंड दौरे पर मेजबान टीम के खिलाफ 10 जुलाई से लॉडर्स में इकलौता क्रिकेट टेस्ट मैच भी खेलेगी। यस्तिका भाटिया, राधा यादव और नवोदित नंदिनी शर्मा भारत की अभी हाल ही में मेजबान दक्षिण अफ्रीका से पांच टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज 1-4 से हारने वाली टीम का हिस्सा नहीं थी। ऑलराउंडर अमनजोत कर पीठ की चोट के चलते चयन के लिए उपलब्ध नहीं है। चयनकर्ताओं ने काशवी गौतम को अमनजोत कौर के विकल्प में दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर गई भारतीय टीम में शामिल किया किया था लेकिन काशवी भी वहां दाएं घुटने में चोट खा बैठी और चयन के लिए उपलब्ध नहीं है। मुख्य महिला क्रिकेट चयनकर्ता अमिता शर्मा ने कहा,‘काशवी गौतम के घुटने का ऑपरेशन होगा।‘ ‘

अमनजोत कौर और काशवी गौतम के चोट के चलते टीम इंडिया से बाहर होने पर स्पिन ऑलराउंडर राधा यादव को भारत की महिला टी 20 विश्व कप के लिए चुनी टीम में जगह मिल गई। राधा यादव इंग्लैंड दौरे पर गई थी लेकिन उसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। वहीं भारती फूलमाली को दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर वहां उसके खिलाफ दो अच्छी पारियों के लिए टी 20 विश्व के लिए भारतीय महिला टीम में जगह बरकरार रखी। बाएं हाथ की स्पिन ऑलराउंडर राधा यादव का यह भारत के लिए यह पांचवां टी 20 विश्व कप होगा।

भारत की बल्लेबाजी खुद कप्तान हरमनप्रीत कौर,उपकप्तान स्मृति मंधाना उनकी सलामी जोड़ीदार शैफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्ज , दीप्ति शर्मा और दो विकेटकीपर बैटर ऋचा घोष और यस्तिका भाटिया पा निर्भर रहेगी। दीप्ति शर्मा, श्रीचारिणी और श्रेयंका पाटील के साथ राधा यादव के रूप में टी 20 विश्वकप में भारतीय टीम चार बेहतरीन स्पिनर है। राधा यादव ने 2018 मे भारत के लिए टी 20 अंतर्राष्ट्रीय करियर का आगाज करने के बाद 89 टी 20 अतर्राष्ट्रीय मैच खेल कर 103 विकेट चटकाए हैं।भारत के पास रेणुका सिंह, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़ और नवोदित नंदिनी शर्मा के रूप में तेज गेदबाजों की मजबूत चौकड़ी है।

इंग्लैंड के खिलाफ लॉडर्स में इकलौते टेस्ट के लिए भारतीय टीम : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना(एवकपतान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्ज , प्रतीका रावल, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चारिणी, यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदिनी शर्मा, हरलीन देयोल, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, स्नेह राणा।