भारत के लिए जुगराज, अभिषेक व राजिंदर ने किया एक एक गोल
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : ड्रैग फ्लिकर जुगराज सिंह, स्ट्राइकर अभिषेक नैन और राजिंदर सिंह के एक एक गोल की बदौलत भारत ने मेजबान नीदरलैंड को एफआईएच प्रो हॉकी लीग 2025-26 के रॉटरडम चरण में रोमांचक रिटर्न मैच में रविवार को 3-2 से हरा उससे पहले मैच में मिली 2-3 से हार का हिसाब चुकता कर दिया।
भारत की इस जीत में कार्यवाहक आक्रामक और रक्षात्मक सेंटर हाफ के रूप मे खेलने वाले हार्दिक सिंह, जर्मनप्रीत सिंह और अमित रोहिदास ने अहम भूमिका निभाई। पराजित नीदरलैंड की ओर से पेपिन वान डेर हाइडन और कोइन बीन ने एक एक गोल किया। भारत के लिए कार्यवाहक कप्तान आक्रामक सेंटर हाफ हार्दिक सिंह को मध्यपंक्ति में अनुकरणीय खेल और गजब की कप्तानी के लिए मैन ऑफ द’ मैच घोषित किया गया। नीदरलैंड ने आक्रामक अंदाज में आगाज किया और परस्पर बढ़िया तालमेल से खेलते हुए भारत की रक्षापंक्ति पर शुरू में दबाव बनाया। भारत की शुरुआत हालांकि कुछ ढीली रही लेकिन उसकी रक्षापंक्ति ने जल्द ही अपनी लय पा ली और नीदरलैंड के स्ट्राइकरों के हमलों को नाकाम किया। पहले क्वॉर्टर में एक भी गोल नहीं हुआ।
ड्रैग फ्लिकर जुगराज सिंह ने 18 वें मिनटमें पहले पेनल्टी कॉर्नर पर अचूक शॉट जमा नीदरलैंड के गोलरक डर्क मियर को छका गोल कर भारत को 1-0 से आगे कर दिया। पेपिन वान डेर हाइडन ने अगले ही मिनट पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर नीदरलैंड को एक एक की बराबरी दिला दी। जर्मनप्रीत सिंह के दूसरा क्वॉर्टर खत्म होने से तीन मिनट पहले बढ़िया पास पर अभिषेक नैन ने बढ़िया बैकहेंड शॉट जमा गोल कर भारत को फिर 2-1 से आगे कर दिया। भारत हाफ टाइम तक 2-1 से आगे रहा।
भारत ने तीसरे हाफ में भी में भी बढ़िया तालमेल से खेलते हुए मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। नीदरलैंड को 41 वें मिनट पेनल्टी कार्नर पर वान डेर हाइडन के शॉट को भारत के रशर अमित रोहिदास ने रोककर बेकार कर दिया और तीसरा क्वॉर्टर खत्म होने तक भारत ने अपनी 2-1 की बढ़त बरकरार रखी। नीदरलैंड ने चौथे और आखिर क्वॉर्टर में पूरी ताकत बराबरी पाने में झोंक दी लेकिन पेनल्टी कॉर्नर को गंवाने से वह इसमें नाकाम रहा। भारत ने बेवजह जोखिम उठाने से बचते हुए पूरी ताकत अपनी बढ़त बनाए रखने पर लगा दी। भारत के दिलप्रीत सिंह और मंदीप सिंह ने बढ़िया जवाबी हमले बोले। जोप वुल्बर्ट ने गजब का बचाव किया पर उन्हें फाउल करने पर येलो कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया। राजिंदर सिंह ने मैच खत्म होने से चार मिनट पहले ड्रैग फ्लिक पर गोल कर भारत की बढ़त 3-1 कर दी। दस खिलाड़ियों से खेल रही नीदरलैंड ने 58 वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए लेकिन भारत के रशर अमित रोहिदास ने तीनों ही चार्ज कर रोक लिए। नीदरलैंड के कोइन बीन ने मैच खत्म होने से एक मिनट पहले चतुराई से पेनल्टी कॉर्नर गोल कर स्कोर 2-3 कर दिया। भारत ने खेल खत्म होने से मात्र दस सेकंड पहले पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन नीदरलैंड से इसे रोक लिया। भारत 3-2 की संघर्षपूर्ण जीत के साथ तीन अंक लेने में कामयाब रहा।





